विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल आपदा: त्रासदी के बीच तिब्बत में मौतों का आंकड़ा क्यों छिपा रहा है चीन?

By Shubham KumarEdited By: Shubham Kumar
Published: Sun, 30 Aug 2026 05:47 PM (IST)Updated: Sun, 30 Aug 2026 06:02 PM (IST)

नेपाल-तिब्बत बाढ़ में नेपाल में भारी तबाही और मौतें हुईं, पर तिब्बत में सूचना पर कड़े पहरे और पाबंदियों के कारण वास्तविक नुकसान का सच छिपा हुआ है।

नेपाल-तिब्बत सीमा त्रासदी।

नेपाल-तिब्बत सीमा त्रासदी।

HighLights

  1. नेपाल में आपदा से 768 मौतें, तिब्बत में सिर्फ 5।

  2. चीन पर वास्तविक आंकड़े छिपाने का आरोप।

  3. विशेषज्ञों ने क्षेत्रीय सुरक्षा पर चिंता जताई।

डिजिटल डेस्क, काठमांडू। नेपाल और तिब्बत की सीमा पर आए भीषण प्राकृतिक आपदा ने दोनों तरफ जबरदस्त तबाही मचा दी है। हालांकि इस त्रासदी के बीच जो आंकड़े और तस्वीर सामने आई है, उसने दुनिया भर के सामने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।   

इस पूरे मामले को ऐसे समझिए कि एक तरफ नेपाल में बाढ़ से मरने वालों का आंकड़ा 768 तक पहुंच गया है, वहीं सीमा के दूसरी तरफ तिब्बत में चीन सरकार ने सिर्फ 5 लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है।

ऐसे में अब सवाल यह खड़ा हो रहा है कि आखिर इस त्रासदी के बीच दोनों देशों के आंकड़ों में इतना अंतर क्यों है? क्या चीन वास्तविक आंकड़े छिपा रहा है? सवाल यह भी पूछे जा रहे हैं कि क्या इसके पीछे चीन की कोई चालबाजी है या फिर कुछ और? आइए जानते हैं।

पहले समझिए त्रासदी की पूरी कहानी

बता दें कि यह तबाही तब शुरू हुई जब नेपाल-चीन सीमा के पास हिमालयी क्षेत्र में एक विशाल ग्लेशियर टूटकर अलग हो गया। इसके चलते पानी का एक सैलाब दोनों देशों की घाटियों में मचल उठा। नेपाल में इस आपदा ने गांवों के गांव तबाह कर दिए, जबकि सीमा के उस पार तिब्बत में क्या स्थिति है, इस पर अभी तक सन्नाटा पसरा हुआ है।

Flood crisis in Nepal

नेपाल और तिब्बत के आंकड़ों में भारी अंतर

गौर करने वाली बात यह है कि इस आपदा के बाद दोनों पड़ोसी देशों के रवैये और हालात में जमीन-आसमान का फर्क देखने को मिल रहा है। बात अगर नेपाल के हाल की करें तो नेपाल में स्वतंत्र मीडिया और पत्रकारों को आपदा प्रभावित क्षेत्रों तक जाने की पूरी छूट है।

पत्रकार सीधे तौर पर बचे हुए लोगों, बचाव कर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों से बात कर रहे हैं। इतना ही नहीं वहां की भयानक तस्वीरें और लोगों के दर्दनाक अनुभव खुलकर दुनिया के सामने आ रहे हैं।

तिब्बत का हाल भी समझिए

नेपाल के विपरीत, तिब्बत वाले हिस्से में सूचना पर चीन का कड़ा पहरा है। चीन की सरकारी मीडिया राहत कार्यों और बचाव दल के पहुंचने की खबरें तो दिखा रही है, लेकिन तबाही का असली पैमाना क्या है, इस पर पर्दा डाला जा रहा है।

Nepal Tragedy (3)

चीन के आंकड़े और ग्राउंड रियलिटी पर उठे सवाल

ध्यान देने वाली बात यह है कि चीन ने अपने सरकारी आंकड़ों में सिर्फ 5 लोगों के मारे जाने की बात कही है, जो नेपाल के 700 से ज्यादा मौतों के आंकड़े के मुकाबले बेहद कम और हैरान करने वाली है। विशेषज्ञों का मानना है कि तिब्बत के जिरोंग क्रॉसिंग जैसे इलाकों में हजारों लोग रहते हैं, ऐसे में यह आंकड़ा वास्तविक तबाही को बयां नहीं करता है।

लंदन के सोआस यूनिवर्सिटी के 'चाइना इंस्टीट्यूट' के निदेशक स्टीव त्सांग के अनुसार, तिब्बत में सब कुछ राष्ट्रीय सुरक्षा के चश्मे से देखा जाता है। वहां कोई भी व्यक्ति या स्थानीय निवासी तब तक मौत के आंकड़े नहीं बढ़ा सकता या सच नहीं बोल सकता, जब तक कि सरकार की तरफ से उच्च स्तर पर इसकी हरी झंडी न मिले। यही वजह है कि वहां के लोग सच देखने के बावजूद खुलकर कुछ नहीं कह पा रहे हैं।

Nepal Tragedy (5)

चीन की प्रतिक्रिया और राहत कार्य

हालांकि दूसरी ओर आपदा की गंभीरता को देखते हुए चीन के राष्ट्रपति शी जिनफिंग ने एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की और लापता लोगों की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री ली कियांग को भी प्रभावित क्षेत्र में भेजा गया। 

गौर करने वाली बात यह है कि चीन के पास नेपाल के मुकाबले आपदा से निपटने के लिए कहीं अधिक आधुनिक संसाधन, विशेष तकनीक और पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के प्रशिक्षित जवान हैं। पर्वतीय इलाकों में ये बचाव दल बहुत तेजी से काम कर सकते हैं। लेकिन कड़े नियंत्रण और गोपनीयता के कारण बाहरी दुनिया को यह पता ही नहीं चल पा रहा है कि चीनी एजेंसियां वास्तव में क्या कर रही हैं और वहां कितने लोग लापता हैं।

Nepal Tragedy (1)

अब समझिए जानकारी छिपाने का क्या असर पड़ रहा है?

इस बात को ऐसे समझा जा सकता है कि विशेषज्ञों का मानना है कि चीन का यह रवैया केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे पूरे क्षेत्र की सुरक्षा पर असर पड़ता है। नेपाल और तिब्बत के सीमाई समुदाय एक ही नाजुक हिमालयी इकोसिस्टम से जुड़े हैं। एक तरफ क्या हो रहा है, इसका असर दूसरी तरफ भी पड़ता है। चीन

के पास मौजूद बेहतर राहत संसाधनों से नेपाल को भी मदद मिल सकती थी, लेकिन पारदर्शिता न होने के कारण यह सहयोग उस तरह से सामने नहीं आ पा रहा है। नेपाल में जहां लोग अपनों की तलाश में रो-बिलख रहे हैं और हर एक पल का सच दुनिया के सामने आ रहा है, वहीं सीमा के उस पार तिब्बत में हुआ यह बड़ा हादसा अभी भी सूचना के काले बादलों और सख्त पाबंदियों के पीछे छिपा हुआ है।

यह भी पढ़ें- नेपाल त्रासदी के बीच एक चाय ब्रेक ने कैसे बचाई छत्तीसगढ़ के 5 दोस्तों की जान?