नेपाल: माउंट एवरेस्ट के पास लैंडिंग के दौरान आपस में टकराए दो हेलीकॉप्टर, विदेशी पर्यटक की मौत
नेपाल के सोलुखुम्बु हेलीपैड पर लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक विदेशी नागरिक की मौत हो गई।
HighLights
सोलुखुम्बु हेलीपैड पर दो हेलीकॉप्टर आपस में टकराए।
हादसे में विदेशी नागरिक की मौत।
फिशटेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलीकॉप्टर शामिल।
डिजिटल डेस्क, काठमांडू। नेपाल में आज मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया है। सोलुखुम्बु हेलीपैड पर दो हेलीकॉप्टरों के बीच टक्कर हो गई। लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टरों के आपस में टकरा जाने से एक विदेशी नागरिक की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
नेपाल पुलिस की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 8:11 बजे हुआ, जब 'फिशटेल एयर' और 'डायनेस्टी एयर' के हेलीकॉप्टर लैंडिंग के दौरान आपस में टकरा गए।
पुलिस के मुताबिक, घायल व्यक्ति को इलाज के लिए 'प्रभु हेलीकॉप्टर' के जरिए लुकला ले जाया गया। इस हादसे में मृतक की पहचान अभी नहीं हुई है।
लैंडिंग के दौरान टकराए हेलीकॉप्टर
घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह माउंट एवरेस्ट क्षेत्र के फेरिचे में दो हेलीकॉप्टर आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि फेरिचे हेलीपैड पर उतरते समय 'फिशटेल एयर' और 'एयर डायनेस्टी' के हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। 'फिशटेल एयर' के एक यात्री की मौत हो गई है और पायलट (कैप्टन) घायल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि वे अभी और जानकारी जुटा रहे हैं।
'फिशटेल एयर' के हेलीकॉप्टर को कैप्टन प्रज्ज्वल केसी उड़ा रहे थे, जबकि 'एयर डायनेस्टी' के हेलीकॉप्टर की कमान कैप्टन रबिंद्र प्रजापति के पास थी। कैप्टन प्रजापति घायल हो गए हैं, जबकि मारे गए विदेशी पर्यटक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।
अधिकारियों ने बताया कि 'सिमरिक एयर' का एक हेलीकॉप्टर घटनास्थल पर पहुंच गया है और बचाव अभियान जारी है।
यह भी पढ़ें- नेपाल: नेशनल पार्क में फंसे 6 भारतीय पर्यटक निकाले गए सुरक्षित, हेलीकॉप्टर की मदद से हुआ रेस्क्यू