केन्या में भीषण सड़क हादसा, हाईवे पर ट्रक की टक्कर से वैन के उड़े परखच्चे; 13 तीर्थयात्रियों की मौत
केन्या के मोम्बासा जाने वाले मुख्य राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जिनमें अधिकांश तीर्थयात्री थे।

(यह तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नैरोबी। केन्या के तटीय शहर मोम्बासा जाने वाले मुख्य राजमार्ग पर शनिवार को कई वाहनों की आपस में हुई भीषण टक्कर में 13 लोगों की जान चली गई। पुलिस के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में मारे गए अधिकांश लोग तीर्थयात्री थे, जो एक धार्मिक स्थल पर प्रार्थना के लिए जा रहे थे।
स्थानीय पुलिस के मुताबिक, हादसा सलामा इलाके में आधी रात के बाद हुआ। एक ट्रक चालक ने आगे चल रहे दूसरे ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन वह वाहन पर से संतुलन खो बैठा।
ट्रक के अचानक अनियंत्रित होकर मुड़ने से सामने से आ रहे वाहन उसकी चपेट में आ गए, जिनमें तीर्थयात्रियों से भरी एक वैन भी शामिल थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए।
वैन चालक समेत 13 लोगों की मौत
पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि हादसे के शिकार वैन के चालक और उसमें सवार 12 यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वैन में कुल कितने यात्री सवार थे और उनमें से कोई जीवित बचा है या नहीं, इसे लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
मोम्बासा के कैथोलिक आर्चडायोसिस के आर्कबिशप मार्टिन किवुवा ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए बताया कि वैन में सवार सभी श्रद्धालु केन्या की राजधानी नैरोबी के पश्चिम में स्थित नकुरू काउंटी के एक प्रार्थना स्थल की ओर जा रहे थे। रास्ते में ही यह दुखद दुर्घटना घट गई।
अफ्रीका में सड़क हादसों की गंभीर समस्या
केन्या समेत पूरे अफ्रीकी महाद्वीप में सड़क दुर्घटनाएं एक गंभीर समस्या बनी हुई हैं। यातायात विशेषज्ञों और अधिकारियों के अनुसार, ऐसे अधिकांश हादसों के मुख्य कारणों में वाहनों के रखरखाव में लापरवाही, निर्धारित सीमा से अधिक रफ्तार और खस्ताहाल सड़कें शामिल हैं।
