विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विमान हाइजैक कर इजरायल में क्रैश कराने का मंसूबा, भिड़ा भारतीय पायलट, बचाई 174 जानें

Published: Thu, 01 Oct 2026 12:08 AM (IST)

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में ओमानी को-पायलट ने भारतीय पायलट पर चाकू से हमला कर विमान को क्रैश करने की कोशिश की।

भारतीय पायलट स्मित मछार ने 174 यात्रियों की जान बचाई

भारतीय पायलट स्मित मछार ने 174 यात्रियों की जान बचाई

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। संयुक्त अरब अमीरात में दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई के विमान (एफजेड-1073) को हाईजैक कर बुधवार को क्रैश कराने की कोशिश हुई। काकपिट में ओमानी को-पायलट के हमले के बाद भारतीय पायलट स्मित मछार की सूझबूझ और बहादुरी से 174 यात्रियों (27 बच्चे शामिल) की जान बच गई।

भारतीय पायलट पर चाकू से हमले के बाद को-पायलट ने विमान को क्रैश कराने की कोशिश की थी। इस दौरान इजरायली यात्री भी वहां पहुंच गए और उन्होंने हमलावर पर काबू पाने में मदद की।

विमान अपहरण की आशंका के चलते इजरायल ने अपने लड़ाकू विमान रवाना कर दिए थे। बाद में विमान को सऊदी अरब के तबुक में आपात लैंडिंग की।

न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस घटना को 'सुरक्षा से जुड़ी बेहद गंभीर घटना' बताते हुए एक बयान में कहा, 'उड़ान के दौरान जब वे इजरायल के करीब पहुंच रहे थे, तो एक पायलट ने दूसरे पायलट को चाकू मार दिया और ऐसा लगता है कि उसने यात्रियों के साथ विमान को क्रैश करने की कोशिश की।'

उन्होंने यात्रियों के हवाले से बताया कि जब विमान गोता लगाने लगा तो यात्रियों और क्रू के एक सदस्य ने काकपिट का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। उन्होंने देखा कि को-पायलट विमान के सिस्टम को खराब करने की कोशिश कर रहा था।

उन्होंने चाकू मारने वाले पायलट को काबू में कर लिया। इसके बाद एक और चालक दल सदस्य काकपिट में आया और विमान को स्थिर करने में मदद की।

MMMMM

इजरायली प्रधानमंत्री ने कहा कि सभी यात्री खतरे से बाहर

इजरायली प्रधानमंत्री ने कहा कि सभी यात्री खतरे से बाहर हैं। चाकू मारने वाले पायलट को गिरफ्तार कर लिया गया है और सऊदी अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, 'मैं उन नायकों को सलाम करता हूं जिन्होंने असाधारण सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। उन्होंने कई जानें बचाईं और एक बड़ी त्रासदी को रोका।'

नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और प्रधानमंत्री ने इजरायल आने वाले इजरायली व गैर-इजरायली विमानों की कड़ी सुरक्षा के आदेश भी जारी किए हैं।

'फ्लाइट ट्रैकिंग' के अनुसार, दुबई से उड़ान भरने के लगभग ढाई घंटे बाद विमान ने इमरजेंसी अलर्ट भेजा। इस दौरान विमान 30 सेकेंड में 33,000 फीट से 17,000 फीट नीचे आ गया।

तबुक के प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने बताया कि विमान ने स्थानीय समयानुसार सुबह 8:44 बजे डिस्ट्रेस काल की। इसके बाद उसने जार्डन की सीमा के पास अजीब तरह से चक्कर लगाया और लगभग एक घंटे बाद सुबह 9:45 बजे तबुक में उतर गया।

भारतीय पायलट स्मित मछार ने 174 यात्रियों की जान बचाई

एपी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो फुटेज में दो लोग विमान के फर्श पर खून से लथपथ जख्मी हालत में दिख रहे हैं। दो लोग उन्हें आपात चिकित्सा देते हुए दिख रहे हैं, जबकि दो अन्य काकपिट की रखवाली कर रहे हैं।

इस दौरान एक व्यक्ति हिब्रू भाषा में कहता है, 'हम पायलट की सुरक्षा कर रहे हैं।' एक यात्री जविका मानेस ने कहा, 'मैंने कथित हमलावर को काबू में करने में मदद की। मैं खून से लथपथ हूं। यह पागलपन था।'

उसने बताया कि उसकी पत्नी ने उसके व अन्य लोगों के हस्तक्षेप करने से पहले काकपिट के पास चीख-पुकार सुनी थी। एक अन्य वीडियो में विमान के हिलने पर यात्री रोते और घबराहट में चिल्लाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

यात्रियों ने फोन पर इजरायल के चैनल-12 को बताया कि उन्होंने विमान के अगले हिस्से में बैठे लोगों की चीखें भी सुनीं, जिन्होंने पायलटों के बीच बहस सुनी थी और सऊदी अरब में उतरने से पहले विमान तेजी से नीचे की ओर आया था।

तबुक एयरपोर्ट के बयान के अनुसार, विमान के कैप्टन व को-पायलट घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। यात्रियों को भी चिकित्सा सहायता दी गई।

'फ्लाईदुबई' ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, 'हमारी टीमें संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही हैं।" फ्लाईदुबई, एमिरेट्स एयरलाइंस की कम लागत वाली सहायक एयरलाइन है।

एयरलाइन ने कहा कि सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं। प्रवक्ता ने कहा, 'इस घटना के पीछे के कारण और मकसद अज्ञात हैं और ये औपचारिक जांच का विषय हैं। जल्दबाजी में कोई अनुमान न लगाएं।'

HHHHHHHHHH

जिहादी आतंकवादी हमले की कोशिश : काट्ज

इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने इस घटना को "जिहादी आतंकवादी हमले की कोशिश" बताया और दावा किया कि इसे इजरायली यात्रियों ने नाकाम कर दिया।

यात्रियों ने काकपिट में घुसकर कथित हमलावर को काबू में किया और विमान का नियंत्रण दूसरे क्रू मेंबर को सौंपने में मदद की। उन्होंने एक बयान में कहा, "हमारे पास मौजूद शुरुआती जानकारी के मुताबिक आतंकवादी का मकसद सिर्फ एक था- सभी यात्रियों के साथ विमान को क्रैश करना।'

सऊदी अरब ने विमान भेजने का इजरायली अनुरोध ठुकराया

इजरायल ने फ्लाईदुबई के विमान में सवार यात्रियों को वापस लाने के लिए अपनी वायुसेना के सुपर हरक्यूलिस विमान को भेजने का प्रस्ताव किया था, जिसे सऊदी अरब ने ठुकरा दिया।

उल्लेखनीय है कि सऊदी अरब और इजरायल के बीच किसी तरह के राजनयिक संबंध नहीं हैं। रायटर के अनुसार, सऊदी अरब में लगभग आठ घंटे बिताने के बाद इजरायली यात्री फ्लाईदुबई के एक अन्य विमान से इजरायल के लिए रवाना हुए।

इजरायल में होने वाले हैं चुनाव

यह घटना इजरायल में चुनाव से कुछ हफ्ते पहले हुई है। रायटर के अनुसार, सात अक्टूबर, 2023 को हमास के हमलों के बाद होने वाले पहले चुनाव में इजराइली लोग वोट डालने वाले हैं। चुनाव प्रचार में इजरायल की सुरक्षा एक अहम मुद्दा है, और इस घटना ने सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।

सऊदी अरब में लैंडिंग की पहली घटना नहीं

इजरायली नागरिकों को ले जा रहे विमान की सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग यह कोई पहली घटना नहीं है। सऊदी अरब के इजरायल के साथ औपचारिक राजनयिक संबंध नहीं हैं, लेकिन 2022 में उसने अपने हवाई क्षेत्र से इजरायली विमानों के गुजरने पर लगे प्रतिबंध को हटा दिया था।

तब से सऊदी अरब ने इजरायली यात्रियों के लिए कई बार इमरजेंसी लैंडिंग में मदद की है, जिसमें 2023 की वह घटना भी शामिल है जब एक विमान में बिजली से जुड़ी खराबी आ गई थी।

सितंबर, 2025 में फ्लाईदुबई की ही एक उड़ान ने भी रियाद में इमरजेंसी लैंडिंग की थी। 2020 में दोनों देशों के बीच संबंध सामान्य होने के बाद से यूएई, इजरायली पर्यटकों के लिए छुट्टियों की पसंदीदा जगह बन गया है। फ्लाईदुबई प्रतिदिन दुबई और तेल अवीव के बीच आने और जाने वाली उड़ानों का संचालन करती है।

यह भी पढ़ें- 'दुश्मन को पकड़ो और खत्म कर दो', Flydubai हाइजैक की कोशिश के बाद इजरायल की कसम; नेतन्याहू बोले- दोषियों को मिलेगी सख्त सजा

यह भी पढ़ें- 'हाइजैक की कोशिश, आतंकी हमले की साजिश', Flydubai प्लेन में हुई खूनी झड़प पर बोला इजरायल