विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'हाइजैक की कोशिश, आतंकी हमले की साजिश', Flydubai प्लेन में हुई खूनी झड़प पर बोला इजरायल

Published: Wed, 30 Sep 2026 07:31 PM (IST)

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में हुई घटना को इजराइली अधिकारी अब संभावित आतंकी हमला मान ...और पढ़ें

इजराइली अधिकारी अब इस घटना को संभावित आतंकी हमला मान रहे हैं।

इजराइली अधिकारी अब इस घटना को संभावित आतंकी हमला मान रहे हैं।

HighLights

  1. फ्लाईदुबई उड़ान में को-पायलट ने पायलट पर चाकू से हमला कर नियंत्रण चाहा।

  2. इजराइली अधिकारी अब इस घटना को संभावित आतंकी हमला मान रहे हैं।

  3. विमान की सऊदी अरब के तबुक में आपातकालीन लैंडिंग हुई, यात्री सुरक्षित।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दुबई से तेल अवीव की ओर जा रहे एक यात्री विमान में हुई घटना का दायरा अब इजराइली अधिकारियों ने बदल दिया है।

अब अधिकारी घटना में आतंकवाद की संभावना से इनकार नहीं कर रहे हैं। जबकि पहले अधिकारियों ने कहा था कि दोनों पायलटों के बीच हिंसक झगड़े के बाद फ्लाइट का रास्ता बदल दिया गया था।

को-पायलट ने पायलट पर चाकू से किया हमला

आरोप है कि इस घटना में को पायलट ने पायलट पर चाकू से हमला किया और प्लेन का कंट्रोल अपने हाथ में लेने की कोशिश की। जिसके बाद एक दूसरे पायलट ने प्लैन को क्रैश होने से बचाने में मदद की। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक वो पायलट भारतीय मूल का था ।

इजराइल के चैनल 12 के अनुसार भारतीय मूल के पायलट ने ओमान के को-पायलट को रोकने की कोशिश की और प्लेन की सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर इमरजैंसी लैंडिंग की।

तबुक एयरपोर्ट चलाने वाली कंपनी ने एक बयान में कहा कि फ्लाइट के पायलट और को पायलट दोनों घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी 180 यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित बताए गए हैं।

ओमान के नागरिक को किसने दी इजराइली फ्लाइट उड़ाने की मंजूरी

एक रिपोर्ट के मुताबिक इजराइली अधिकारी अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि ओमान के नागरिक को इजराइल के लिए फ्लाइट उड़ाने की मंजूरी कैसे मिली।

इसमें यह भी कहा गया है कि जांच में मोसाद की भूमिका की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है, जबकि देश लौटने पर इजराइल की सुरक्षा एजेंसियां यात्रियों से पूछताछ कर सकती हैं।

कॉकपिट के अंदर क्यों हुआ था विवाद

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट जॉर्डन के ऊपर से गुजर रही थी, तभी उसने एक इमरजेंसी सिग्नल भेजा, जिसके बाद एक और सिग्नल मिला जो कि हाईजैक का था।

इजराइली अधिकारियों ने बताया कि इमरजेंसी सिग्नल दोनों पायलटों के बीच हाथापाई के बाद भेजे गए थे। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक केबिन क्रू के कॉकपिट में आने से पहले को पायलट ने कैप्टन को चाकू मार दिया था

इजराइली मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक संदिग्ध हमलावर ने प्लेन का कंट्रोल लेने और उसे जबरदस्ती क्रैश करने की कोशिश की। जिसके बाद यात्रियों ने कॉकपिट के अंदर चीखने चिल्लाने की आवाज सुनी और खून देखा।

शुरुआत में इस घटना को संभावित हाईजैकिंग माना गया, जिसके बाद इज़राइली लड़ाकू विमानों को भेजा गया। बाद में इजराइली प्रधानमंत्री ने हाईजैकिंग की बात से इनकार कर दिया था।

इज़राइली मीडिया की रिपोर्टों में इस घटना को संभावित आत्महत्या की कोशिश या जानबूझकर किया गया क्रैश बताया गया है। जबकि रॉयटर्स के अनुसार इजराइली अधिकारियों का कहना है कि वे इसे संभावित 'आतंकी हमले' की कोशिश के तौर पर देख रहे हैं। रॉयटर्स ने यह भी बताया कि अधिकारियों को नहीं लगता कि यह घटना मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी थी।

फ्लाईदुबई ने घटना की पुष्टि की

फ्लाईदुबई ने घटना की पुष्टि की है कि दुबई से तेल अवीव की यात्रा के दौरान फ्लाइट FZ1073 के साथ एक घटना हुई और उसे तबुक की ओर मोड़ दिया गया, जहां उसकी सेफ लैंडिंग की गई।

एयरलाइन ने कहा, 'हमारी टीमें संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही हैं। जैसे ही और पक्की जानकारी मिलेगी, आगे अपडेट किया जाएगा।'

एयरलाइन ने पायलटों की पहचान या राष्ट्रीयता की सार्वजनिक रूप से पुष्टि नहीं की है और न ही कॉकपिट के अंदर क्या हुआ, इस बारे में कोई जानकारी दी है।

फिलहाल इस पूरे मामले की जांच जारी है इजराइली अधिकारी कॉकपिट में हुई बहस, विमान पर कब्जा करने की कथित कोशिश और क्रू को दी गई सुरक्षा मंजूरी से जुड़े हालातों की जांच कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- कॉकपिट में खूनी खेल: आसमान में हाईजैक का डर, सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने गाने-तालियों से मनाया जश्न