विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आइसेनकोट को 28 दिन में सरकार बनाकर साबित करना होगा बहुमत, नेतन्याहू की नीतियों से हटना नहीं आसान

Published: Tue, 10 Nov 2026 05:00 AM (IST)

इजरायल के राष्ट्रपति आइजक हरजोग ने मध्यमार्गी गठबंधन के नेता गादी आइसेनकोट को सरकार बनाने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया है।

इजरायल के राष्ट्रपति ने आइसेनकोट को सरकार बनाने के लिए किया आमंत्रित। (फाइल फोटो।)

इजरायल के राष्ट्रपति ने आइसेनकोट को सरकार बनाने के लिए किया आमंत्रित। (फाइल फोटो।)

HighLights

  1. गादी आइसेनकोट को इजरायल में सरकार बनाने का आमंत्रण मिला।

  2. उन्हें संसद में बहुमत साबित करने के लिए 28 दिन मिले हैं।

  3. बेंजामिन नेतन्याहू का प्रधानमंत्री पद से हटना अब तय है।

डिजिटल डेस्क, यरुशलम। इजरायल में राष्ट्रपति आइजक हरजोग ने मध्यमार्गी गठबंधन के नेता गादी आइसेनकोट को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेकर सरकार बनाने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित कर लिया है। आइसेनकोट को राष्ट्रपति की ओर से इस आशय का पत्र सौंप दिया गया है।

पूर्व सेना प्रमुख आइसेनकोट को सरकार बनाने और संसद नीसेट में बहुमत साबित करने के लिए 28 दिन का समय दिया गया है। अगर वह चाहेंगे तो राष्ट्रपति उन्हें बहुमत साबित करने के लिए 14 दिन का समय और दे सकते हैं।

नेतन्याहू का सत्ता से हटना तय

27 अक्टूबर को हुए चुनाव में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के नेतृत्व वाले गठबंधन को 53 सीटें मिली थीं जबकि आइसेनकोट की अगुआई वाले गठबंधन को 48 सीटें मिली थीं। मतों के तितरफा बंटवारे में अरब पार्टियों को 19 सीटें मिली थीं। चूंकि मध्यमार्गी गठबंधन और अरब पार्टियों ने नेतन्याहू सरकार की नीतियों के खिलाफ चुनाव लड़ा था इसलिए परिणाम आने के बाद इन्हीं दोनों के साथ आने की संभावना पैदा हो गई थी।

नेतन्याहू ने भी बहुमत जुटाने की कोशिश की लेकिन इस कोशिश के बीच ही उनके गठबंधन में शामिल सात सांसदों वाली पार्टी यूनाइटेड टोरा जूडिज्म ने साथ छोड़ दिया। इससे नेतन्याहू समर्थक गठबंधन के पास 46 सांसद ही रह गए और सत्ता से उनका हटना तय हो गया।

कब होगा शपथ ग्रहण

भारतीय समयानुसार शनिवार मध्य रात्रि में आइसेनकोट को राष्ट्रपति की ओर से सरकार बनाने के लिए संदेश मिला लेकिन औपचारिक पत्र अगले दिन रविवार को मिला। अब आइसेनकोट तय करेंगे कि वह किस दिन प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते हैं और सरकार गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हैं। लेकिन अभी तक यह तय नहीं है कि अरब पार्टियां सरकार में शामिल होंगी या उसे बाहर से समर्थन देंगी।

वैसे तीन दलों के गठबंधन वाली ज्वाइंट लिस्ट अनौपचारिक चर्चा में आइसेनकोट सरकार को बाहर से समर्थन देने की बात कह चुकी है। अरब पार्टियों का कहना है कि उनका पहला लक्ष्य इजरायल की सत्ता से नेतन्याहू को हटाना है, इसके लिए वे कोई भी समझौता कर सकती हैं।

नेतन्याहू की नीतियों से हटना नहीं आसान

वैसे नई सरकार के लिए गाजा और लेबनान को लेकर नेतन्याहू सरकार की नीतियों से हट पाना आसान नहीं होगा, क्योंकि दोनों ही स्थानों पर इजरायली सेना ने सीमा पार कर भूमि पर कब्जा कर रखा है। अस्थायी सीमाओं वाले इजरायल में किसी भी सरकार के लिए इन स्थानों से वापस लौटना आसान नहीं होगा। जबकि अरब पार्टियां नेतन्याहू सरकार की आक्रामक नीतियों की विरोधी हैं।

नेतन्याहू का मिली-जुली सरकार गठन का आह्वान

इजरायल में प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने अभी भी उम्मीद नहीं छोड़ी है। उन्होंने सभी विरोधी दलों से मतभेद भुलाकर साथ आने और उनके नेतृत्व में सरकार गठित करने का आह्वान किया है। कहा है कि इस समय उनके नेतृत्व वाली सरकार गठन करना समय और राष्ट्र की मांग है। नेतन्याहू ने कहा, देश इस समय कई तरह की चुनौतियों से जूझ रहा है, इसलिए इसे भीतर से संगठित और मजबूत रहने की जरूरत है।

यह भी पढ़ें: क्या अब नेतन्याहू का समय खत्म? इजरायल में आइसेनकोट के सत्ता में आने की संभावना; 10 बड़ी बातें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।