विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शेख हसीना वापसी की अटकलों के बीच बांग्लादेश में तनाव, ढाका एयरपोर्ट के पास फटे दो देसी बम; तीन लोग घायल

Published: Tue, 17 Nov 2026 03:09 PM (IST)

बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर तनाव के बीच ढाका अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास दो बम विस्फोट हुए, जिसमें तीन राहगीर घायल हो गए।

ढाका में इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास बम धमाके (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)

ढाका में इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास बम धमाके (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)

HighLights

  1. ढाका हवाई अड्डे के पास दो बम विस्फोट हुए।

  2. विस्फोट में तीन राहगीर मामूली रूप से घायल हो गए।

  3. शेख हसीना की संभावित वापसी से तनाव बढ़ा, सुरक्षा कड़ी।

डिजिटल डेस्क, ढाका। बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की अगले महीने संभावित वापसी को लेकर तनाव बढ़ गया है। संभावित राजनीतिक हिंसा की चिंताओं के बीच सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इसी बीच ढाका अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास सोमवार रात दो देसी बम विस्फोट हुए, जिसमें तीन राहगीर घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, एक बम हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाहरी गेट के पास फटा, जबकि दूसरा बम हवाई अड्डे के पास जसीमउद्दीन इलाके में और फ्लाईओवर के पास फटा। जिसके बाद पूरे देश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

हसीना से क्या है धमाकों का संबंध?

दरअसल, यह धमाका ऐसे समय में हुआ है, जब बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की अगले महीने होने वाली संभावित वापसी को लेकर तनाव फिर से बढ़ गया है। अगस्त 2024 में छात्रों के नेतृत्व में हुए विद्रोह के बाद शेख हसीना को अपनी सरकार गंवानी पड़ी थी और वह देश छोड़कर भारत आ गई थीं, जहां वह तब से रह रही हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि इन धमाकों का हसीना से कोई संबंध है या नहीं।

ढाका ट्रिब्यून के अनुसार, हवाई अड्डा पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी कामरुल इस्लाम तालुकदार के अनुसार, उपद्रवियों ने दो बम फोड़े, जिससे तीन राहगीर मामूली रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि बम एक फ्लाईओवर से फेंके गए थे, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

शेख हसीना की वापसी को लेकर जारी है विरोध

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर बांग्लादेश के कई हिस्सों में हिंसा की घटनाएं हुई हैं, जिनमें ट्रेनों, बसों और बैंकों में आगजनी के मामले भी शामिल हैं। पुलिस ने इनमें से कई घटनाओं के लिए अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है।

बंगाली दैनिक 'प्रोथोम आलो' ने मंगलवार को बताया कि किसी भी तरह की तोड़फोड़ को रोकने के लिए, सुरक्षा एजेंसियों ने ढाका, गोपालगंज और उन अन्य जिलों के लिए विशेष सुरक्षा योजनाएं तैयार की हैं, जिन्हें अवामी लीग का गढ़ माना जाता है।

दिसंबर भर इन इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और पूरे देश में खुफिया निगरानी भी बढ़ा दी गई है। पुलिस महानिरीक्षक (IGP) मो. अली हुसैन फकीर ने सभी 64 जिलों के पुलिस अधीक्षकों, आठ महानगर क्षेत्रों के पुलिस आयुक्तों और आठ रेंज के उप-महानिरीक्षकों को विशेष निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने इन अधिकारियों को तोड़फोड़ की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया है। (समाचार एजेंसी PTI के इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें- बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा, ढाका समेत कई जिलों में बम धमाके; बस में आग लगाकर ड्राइवर को जिंदा फूंका


 

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।