विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ढाका के गरीब इलाकों में घूम रहे चीनी नागरिक, दिल्ली में होने का किया दावा; रिपोर्ट में खुलासा

Published: Tue, 10 Nov 2026 06:30 AM (IST)

बांग्लादेशी अखबार 'प्रोथोम आलो' की जांच में खुलासा हुआ है कि चीनी नागरिक ढाका के गरीब इलाकों से लाइव स्ट्रीम ...और पढ़ें

चीनी नागरिकों ने ढाका को बताया दिल्ली।

चीनी नागरिकों ने ढाका को बताया दिल्ली।

HighLights

  1. चीनी नागरिक ढाका से दिल्ली का फर्जी लाइव स्ट्रीम कर रहे।

  2. बांग्लादेशी अखबार 'प्रोथोम आलो' ने इस धोखाधड़ी का खुलासा किया।

  3. स्थानीय निवासियों की निजता का उल्लंघन, पुलिस कार्रवाई में बाधा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चीनी नागरिकों के साथ बड़ा धोखा किया गया है। चीन में दर्शकों को बताया गया है कि ढाका के जिन गरीब इलाकों में उनके देश के नागरिक घूमे वो जगह कोई और नहीं बल्कि दिल्ली है।

जबकि बांग्लादेशी अखबार 'प्रोथोम आलो' की एक जांच से पता चला है कि चीन के लगभग 150 से ज्यादा लोग ढाका के एक गरीब इलाके से लाइव स्ट्रीम कर रहे हैं। वे अपने देश के दर्शकों को यह दिखा रहे हैं कि मानो यह भारत की रोजमर्रा की जिंदगी हो।

क्या है सच्चाई?

इनके पास दो-दो स्मार्टफोन होते हैं, एक से वे लाइव स्ट्रीम करते हैं और दूसरे में स्क्रिप्ट होती है। वे सुबह से लेकर देर रात तक लाइव ब्रॉडकास्ट करते रहते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, ये लोग ढाका के उत्तर में स्थित उत्तरा कस्बे में एक नहर के किनारे बसे घने और गरीब इलाकों सेक्टर 12 और टेकपारा में जाकर टीन की छत वाले घरों के पास वीडियो बनाते हैं।

ये चीनी लोग इलाके में घूमने-फिरने के लिए स्थानीय गाइडों की मदद लेते हैं, जिन्हें वे हर दिन 700 से 800 टका (लगभग 525 से 600 रुपये) देते हैं। इनमें से ज्यादातर लोगों ने प्रोथोम आलो से बात करने से मना कर दिया, जबकि कुछ ने सिर्फ अपना नाम और राष्ट्रीयता बताई।

फैंगयू नाम के एक चीनी व्यक्ति ने एक गाइड के समझाने पर बताया कि इस तरह की लाइव स्ट्रीम चीन के प्लेटफॉर्म जैसे वीचैट और डौयिन (टिकटॉक का चीनी वर्जन) पर प्रोडक्ट प्रमोशन के नाम से दिखाई जाती हैं।

कैसे खुला राज?

चीनी भाषा जानने वाले चार बांग्लादेशियों ने इनकी बातों का गूगल ट्रांसलेशन चेक किया, जिससे पता चला कि ये लोग गलत जानकारी दे रहे थे। एक मामले में मियानमियान नाम की एक चीनी महिला ने टीन की झोपड़ियां दिखाते हुए कहा, "यह दिल्ली है। इनके घर बहुत गंदे हैं... और यहां कानून-व्यवस्था की हालत भी बहुत खराब है।"

एक पुल के पास जहां चाय की दुकानें थीं वांग वेई नाम का एक और क्रिएटर अपने दर्शकों से कह रहा था कि स्थानीय लोग नदी के दूषित पानी से बनी गाय के पेशाब वाली चाय पी रहे हैं।

कुछ स्ट्रीमर्स ने दावा किया कि वे ऐसी चीनी महिलाएं हैं जिन्होंने भारतीय पुरुषों से शादी की है और वे इन्हीं इलाकों में रहती हैं। साथ ही वे इमारतों की दीवारों पर लगे चीनी एयर कंडीशनर ब्रांडों का प्रचार भी कर रहे थे।

लगातार हो रहे इन प्रसारणों ने निजता के उल्लंघन को लेकर स्थानीय निवासियों में आक्रोश पैदा कर दिया है। प्रोथोम आलो से बात करने वाले स्थानीय लोगों ने बताया कि स्ट्रीमर अक्सर बिना बताए घरों में घुस आते हैं और कभी-कभी तो बाथरूम के अंदर तक की वीडियो रिकॉर्डिंग कर लेते हैं।

जब निवासी विरोध करते हैं तो स्ट्रीमर माफी मांगकर चले तो जाते हैं, लेकिन कुछ ही देर में वापस आ जाते हैं। निवासियों की ओर से महीनों तक शिकायतें किए जाने के बावजूद पुलिस ने इस गतिविधि पर न तो कोई निगरानी रखी है और न ही इसे नियंत्रित करने के लिए कोई कदम उठाया है।

उत्तरा वेस्ट पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी मोहम्मद खालिद मंसूर ने प्रोथोम आलो को बताया कि पुलिस को इस वीडियो रिकॉर्डिंग के बारे में जानकारी है, लेकिन भाषा की बाधा के कारण इस मामले में आगे की कार्रवाई करने में दिक्कत आ रही है।

यह भी पढ़ें: चीन में बिना पंजीकरण के चल रहा था चर्च, पादरी गिरफ्तार 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।