विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांग्लादेश में शेख हसीना की वापसी की चर्चा के बीच उपद्रवियों ने फूंके यूनुस के बैंक, 15 दिन में 100 शाखाओं पर हमले

Published: Wed, 25 Nov 2026 04:07 PM (IST)

बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी की योजना के बीच राजनीतिक अशांति बढ़ गई है, जिसके चलते नोबेल विजेता मुहम्मद यूनुस के ग्रामीण बैंक पर हमले हो रहे हैं। 

बांग्लादेश में शेख हसीना के लौटने की चर्चा के बीच फिर बढ़ी हिंसा। (फोटो- फाइल फोटो जागरण)

बांग्लादेश में शेख हसीना के लौटने की चर्चा के बीच फिर बढ़ी हिंसा। (फोटो- फाइल फोटो जागरण)

HighLights

  1. शेख हसीना की वापसी योजना से बांग्लादेश में राजनीतिक अशांति बढ़ी।

  2. मुहम्मद यूनुस के ग्रामीण बैंक की 100 शाखाओं पर हमले।

  3. हमलों से लाखों ग्रामीण परिवारों की बचत और कर्ज खतरे में।

डिजिटल डेस्क, ढाका। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी की योजना को लेकर देश में एक बार फिर राजनीतिक अशांति भड़क उठी है।

इस सियासी तनाव के बीच उनके विरोधियों से जुड़ी संस्थाओं पर आगजनी और हमलों की लहर देखने को मिल रही है। इस हिंसा का सबसे बड़ा निशाना नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस द्वारा स्थापित ग्रामीण बैंक बना है।

अगस्त 2024 में शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद मुहम्मद यूनुस ने ही देश की अंतरिम सरकार का नेतृत्व किया था। 10 नवंबर से अब तक बैंक की शाखाओं और कार्यालयों में आगजनी या आगजनी की कोशिश की 100 घटनाएं सामने आई हैं।

24 नवंबर की बैंक के इंटरनल ऑडिट एंड कंप्लायंस डिवीजन की रिपोर्ट में देशभर में हुई उन घटनाओं का विवरण किया गया है। इसमें तुंगीपाड़ा की पटगाती शाखा पर हुए हमले भी शामिल हैं, जिसे 10 और 15 नवंबर को दो बार निशाना बनाया गया था।

23 नवंबर की पिछली रिपोर्ट में ऐसी 97 घटनाएं दर्ज की गई थीं, जिनकी संख्या अब बढ़कर 100 हो गई है। इसमें हमले की वे कोशिशें भी शामिल हैं, जिनमें बहुत कम या कोई नुकसान नहीं हुआ।

पेट्रोल बम से हमले, 40 बोरे रिकॉर्ड किए आग के हवाले

हाल की घटनाओं में मंगलवार तड़के हमलावरों ने लालमोनिरहाट और तंगैल स्थित शाखाओं पर पेट्रोल बम फेंके। लालमोनिरहाट की पटग्राम शाखा में रात करीब 2:45 बजे बरामदे पर एक पेट्रोल बम फेंका गया।

नाइट गार्ड और शाखा प्रबंधक के शोर मचाने पर हमलावर वहां से भाग गए। रिपोर्ट के मुताबिक कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, हालांकि एक हैलोजन लाइट कुछ समय के लिए बंद हो गई।

तंगैल के गोपालपुर स्थित शशनपुर शाखा में भी रात करीब 2 बजे एक पेट्रोल बम फेंका गया, जिससे शाखा का साइनबोर्ड क्षतिग्रस्त हो गया।

शाखाओं को नुकसान, रिकॉर्ड नष्ट

इन हमलों के कारण कई शाखाओँ का कामकाज बाधित हुआ है और वहां मौजूद रिकॉर्ड को भी नुकसान पहुंचा है। गोपालगंज की उलपुर शाखा में, 15 नवंबर को हमलावरों ने कार्यालय में आग लगा दी, जिससे कलेक्शन शीट जल गई और एक मेज नुकसान पहुंचा। बैंक के रिकॉर्ड के अनुसार, उन्होंने सीसीटीवी उपकरण भी तोड़ दिए और एक हार्ड डिस्क अपने साथ ले गए।

23 नवंबर को हुए एक अन्य हमले में, नोआखली की केरोआ रायपुर शाखा के मुख्य द्वार के पास दो लोगों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

आग के फैलने से पहले ही एक नाइट गार्ड और चपरासी ने उसे बुझा दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, बाद में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।

18 नवंबर को गोपालगंज की काशियानी शाखा पर हुए एक हमले में भारी नुकसान हुआ। शाखा प्रबंधक सोलेमान मोरोल ने अल जजीरा को बताया कि करीब एक दर्जन लोग धारदार हथियार, पेट्रोल और ताले तोड़ने के औजार लेकर आए थे। उन्होंने कार्यालय में लूटपाट की और ग्राइंडर की मदद से तिजोरी को काटने की कोशिश की।

मोरोल ने बताया कि हमलावर वाउचर और अन्य दस्तावेजों से भरे लगभग 40 बोरे ले गए और उन्हें जला दिया। उन्होंने कार्यालय का फर्नीचर और उपकरण भी चुरा लिए।

इस शाखा में कामकाज अभी तक सामान्य नहीं हो पाया है। वहीं, कर्मचारियों को धमकियां मिल रही हैं और ग्राहकों को अपनी जमा राशि तथा लोन रिकॉर्ड को लेकर चिंता सता रही है।

मोरोल के अनुसार, हमलावरों का कहना था कि रिकॉर्ड नष्ट हो जाने पर कर्ज लेने वालों को अपना लोन नहीं चुकाना पड़ेगा।

मुहम्मद यूनुस ने मांगी अंतरराष्ट्रीय मदद

लगातार हो रहे हमलों के बीच मुहम्मद यूनुस ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की है कि वे ग्रामीण बैंक के खिलाफ चल रही इस 'सोची-समझी आगजनी और आतंक की मुहिम' को रोकने में मदद करें।

यूनुस ने आरोप लगाया कि नवंबर की शुरुआत से लगभग रोजाना पेट्रोल बम से हमले हो रहे हैं और इस दौरान शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के समर्थन में नारे लगाए जाते हैं।

बैंक के आंकड़ों के अनुसार, इस संस्थान में करीब 21,000 कर्मचारी काम करते हैं और लगभग 1.1 करोड़ (11 मिलियन) लोग इससे जुड़े हैं, जिनमें ज्यादातर ग्रामीण महिलाएं हैं।

बैंक में 90 प्रतिशत हिस्सेदारी खुद कर्ज लेने वाले सदस्यों की है। ऐसे में रिकॉर्ड जलने और शाखाएं बंद होने से लाखों गरीब परिवारों की बचत और कर्ज की सुरक्षा पर संकट खड़ा हो गया है।

राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ग्रामीण बैंक चूंकि यूनुस की पहचान से जुड़ा है, इसलिए वह हसीना समर्थकों के निशाने पर आ गया है। चुनावी राजनीति से बाहर होने के बावजूद अवामी लीग इसे सड़कों पर अपनी मौजूदगी दिखाने के जरिए के रूप में इस्तेमाल कर रही है।

वहीं, बांग्लादेश पुलिस मुख्यालय ने बताया कि इन हमलों के संबंध में अब तक आठ मामले दर्ज कर आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

बैंक के प्रबंध निदेशक सरदर अख्तर हामिद ने कहा कि पुलिस ने कई बार संभावित हमलों का अलर्ट दिया है, लेकिन फिर भी कर्मचारियों को काफी हद तक अपनी सुरक्षा खुद करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

मानवाधिकार संगठनों ने भी इस हिंसा पर गहरी चिंता जताते हुए इसे ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक अधिकारों पर सीधा हमला बताया है। 

यह भी पढ़ें- 'बांग्लादेश पर 16 दिसंबर तक कब्जा कर लेंगे', हिंदुओं की हत्या पर भड़के बंगाल के मंत्री अर्जुन सिंह

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।