विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विक्टोरिया के जंगलों में कई दिनों से लापता था 17 साल का ऑस्ट्रेलियाई युवा, हेलीकॉप्टर से किया गया रेस्क्यू

Published: Fri, 13 Nov 2026 07:48 AM (IST)

ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य में 17 वर्षीय विलियम छह दिनों तक घने जंगलों में लापता रहने के बाद सुरक्षित मिल गया है।

HighLights

  1. 17 वर्षीय युवा विलियम विक्टोरिया के घने जंगलों में लापता था।

  2. छह दिनों के बड़े तलाशी अभियान के बाद उसे बचाया गया।

  3. हेलीकॉप्टर ने स्टोनी क्रीक के पास उसे सुरक्षित ढूंढ निकाला।

डिजिटल डेस्क, मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया में 17 साल का युवा घने जंगलों में छह दिनों से लापता था। अब उसे रेस्क्यू किया गया है। वह अपने एक दोस्त के साथ कैंपिंग के लिए गया था।

पुलिस ने बताया कि 17 वर्षीय विलियम मेलबर्न से लगभग 180 किलोमीटर (112 मील) पूर्व में स्थित विक्टोरिया राज्य में एक दोस्त के साथ कैंपिंग कर रहा था। वह कुछ सामान लाने के लिए अपने दोस्त से अलग हुआ था, लेकिन वापस नहीं लौटा और रास्ता भटक गया।

चलाया गया बड़ा तलाशी अभियान

इसके बाद उसके दोस्त ने पुलिस को सूचना दी और फिर एक बड़ा तलाशी अभियान चलाया गया। इस अभियान में हेलीकॉप्टर, विशेष इकाइयां और स्वयंसेवक शामिल थे, जो रोजाना जंगलों में उसकी तलाश कर रहे थे।

एबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार सुबह स्टोनी क्रीक के पास हवाई तलाशी के दौरान ये युवा मिला। बचाव दल को सबसे पहले मछली पकड़ने के सामान का एक बॉक्स दिखा और फिर उन्होंने लड़के को सूखी नदी के तल में एक चट्टान पर सोते हुए देखा।

स्वस्थ हालत में मिला युवा

तस्वीरों में लड़का बिना शर्ट के और धूप से झुलसा हुआ दिख रहा है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, जब सर्च हेलीकॉप्टर की आवाज से उसकी नींद खुली तो उसने हाथ हिलाया और मुट्ठी ऊपर उठाकर इशारा किया।

पुलिस ने बताया, "फ्लाइट अधिकारियों ने नीचे उतरकर विल को सुरक्षित बाहर निकाला और उसे कमांड पोस्ट पर ले आए, जहां वह अपनी मां से मिल सका। हैरानी की बात है कि विलियम का हौसला बुलंद है और वह काफी हद तक स्वस्थ भी है।"

ऑस्ट्रेलियाई मीडिया से उसकी मां ने कहा, "मैं बहुत खुश हूं कि वह जिंदा है। वह बस एक ही जगह पर रुका रहा और बचाए जाने का इंतजार करता रहा।" पुलिस ने बताया कि विलियम कई दिनों तक ऊबड़-खाबड़ इलाकों में चलता रहा, लेकिन दो दिन पहले वह नदी के किनारे से नीचे गिर गया और वहीं इस उम्मीद में रुका रहा कि कोई उसे ढूंढ लेगा।

ये भी पढ़ें: UAE के फुजैरा में भीषण सड़क हादसा: 23 गाड़ियों की टक्कर में भारतीयों समेत 14 की मौत, 30 घायल 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।