ऑस्ट्रेलिया की संसद में अनोखा नजारा: बेटी को गोद में लेकर भाषण देती दिखीं MP फातिमा, वीडियो वायरल
ऑस्ट्रेलियाई सीनेटर फातिमा पेमैन अपनी 6 महीने की बेटी आलिया को गोद में लेकर संसद को संबोधित करती दिखीं, जिसका वीडियो वायरल हो गया है।

ऑस्ट्रेलिया में बच्ची को गोद में लेकर संसद को संबोधित करती दिखीं सीनेटर। (फोटो- सोशल मीडिया X/@shinkirol)
HighLights
सीनेटर फातिमा पेमैन ने बेटी संग संसद को संबोधित किया।
6 महीने की आलिया को गोद में लेकर भाषण दिया।
मातृत्व और संसदीय कर्तव्यों का संतुलन दिखा।
डिजिटल डेस्क, कैनबरा। ऑस्ट्रेलिया की न्यू साउथ वेल्स संसद में कुछ दिन पहले लिबरल पार्टी के एक सांसद जॉर्डन लेन ने अपनी पार्टनर नताली हिसी को शादी के लिए प्रपोज कर पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा था।
अब एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया की सीनेट में कुछ ऐसा देखने को मिला जिसने सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया की एक सीनेटर कार्यवाही के दौरान अपनी 6 महीने की बेटी को गोद में लेकर सदन को संबोधित करती हुई नजर आई।
इस दौरान वे अपने संसदीय कर्तव्यों का पालन कर रही थीं, और एक अन्य सीनेटर को उस बच्ची के साथ खेलते हुए देखा गया।
बच्ची के साथ सदन का संबोधन
सीनेट की कार्यवाही के दौरान पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया की निर्दलीय सीनेटर फातिमा पेमैन अपनी बेटी आलिया को गोद में लिए हुए सदन को संबोधित करती दिखीं।
फुटेज में पेमेन को डिस्पैच बॉक्स के पास खड़े होकर अन्य सांसदों से बात करते और प्रस्ताव रखते हुए देखा जा सकता है, जबकि उनकी बच्ची सुरक्षित रूप से उनकी गोदी में दिखाई दी। यह अनोखा और दिल छू लेने वाला पल सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
बच्ची के साथ खेलती दिखीं दूसरी सीनेटर
सदन की कार्यवाही के दौरान एक और पल ने सबका ध्यान खींचा, जब पेमैन के पीछे बैठीं निर्दलीय सीनेटर लिडिया थॉर्प, आलिया के साथ बातचीत करती और उसके साथ 'पीकाबू' खेलती नजर आईं।
इस घटना ने संसदीय कार्यवाही में एक खुशनुमा पल जोड़ दिया और इस वीडियो के वायरल होने के बाद लोग सीनेटर की काफी तारीफ कर रहे हैं।
पेमैन का इस तरह अपनी बेटी के साथ संसद की कार्यवाही में शामिल होना उन माताओं की चुनौती को भी सामने लाता है जो बच्चों की देखभाल के साथ अपने पेशेवर जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करती हैं।
मातृत्व और संसदीय कर्तव्य
पेमैन ने ऑस्ट्रेलियाई संसद में सांसद रहते हुए बच्चे को जन्म देने वाली पहली सीनेटर बनकर इतिहास रच दिया है। वे पहले भी अपनी बेटी को सीनेट चैंबर में ला चुकी हैं।
उन्होंने अपने अनुभवों के जरिए मातृत्व, प्रसव के बाद की रिकवरी और बच्चे के जन्म के बाद काम पर लौटने की वास्तविकताओं के बारे में बात की है।
बता दें ऑस्ट्रेलिया की संसद में शिशुओं को लाने की अनुमति है। नियमों के अनुसार, सीनेटर कार्यवाही में हिस्सा लेने के दौरान कुछ समय के लिए अपने बच्चों की देखभाल कर सकते हैं और उन्हें स्तनपान करा सकते हैं।
इस प्रावधान की मदद से माता-पिता अपने बच्चों से दूर हुए बिना संसदीय कामकाज में हिस्सा लेना जारी रख सकते हैं।
यह भी पढ़ें- मेरी पत्नी रो रही थी, किसी ने फोन नहीं उठाया... ऑस्ट्रेलिया में हुए ड्रेसिंग रूम विवाद पर छलका सरफराज का दर्द
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।