NVIDIA CEO अफेयर और चिप तस्करी मामले में बड़ा एक्शन, सिंगापुर में एलिस हुआंग की एंट्री पर ब्रेक
सिंगापुर ने एनवीडिया सीईओ जेन्सेन हुआंग से जुड़ी एलिस हुआंग पर देश में दोबारा प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है।

एलिस हुआंग की सिंगापुर में एंट्री पर ब्रेक।
HighLights
एलिस हुआंग पर सिंगापुर में दोबारा प्रवेश पर प्रतिबंध।
मेगास्पीड कंपनी पर एआई चिप तस्करी के गंभीर आरोप।
जेन्सेन हुआंग ने एनवीडिया सीईओ पद से इस्तीफा दिया।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग से जुड़ी चीनी महिला ऐलिस हुआंग की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। सिंगापुर सरकार ने डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड से जुड़ी चल रही जांच के बीच एलिस हुआंग को कड़ी चेतावनी जारी करते हुए सिंगापुर में उनके दोबारा प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है।
सिंगापुर के गृह मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया कि सिंगापुर पुलिस फोर्स की जांच में यह पाया गया है कि ऐलिस ने जांचकर्ताों को जानबूझकर गुमराह करने और गलत जानकारी देने की कोशिश की थी, ताकि मेगास्पीड कंपनी में उनकी वास्तविक भूमिका को कम करके दिखाया जा सके।
पासपोर्ट जब्ती से देश छोड़ने तक: सिंगापुर जांच की पूरी टाइमलाइन
यह कार्रवाई सर्वर की खरीद से जुड़े कथित झूठे बयानों और निर्यात नियमों को उल्लंघन की चल रही गहन जांच के बीच की गई है। SPF और सिंगापुर कस्टम्स ने फरवरी 2025 में 'मेगास्पीड' और अन्य लोगों के खिलाफ अलग-अलग जांच शुरू की थी।
जून 2025 में जांच के दौरान पूछताछ के लिए ऐलिस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया।
फरवरी 2026 तक जांचकर्ताओं के पास गलत जानकारी देने के अपराध को साबित करने के लिए पर्याप्त ठोस सबूत नहीं थे। इसके बाद 26 फरवरी 2026 को SPF ने उनका पासपोर्ट लौटा दिया और उसी दिन ऐलिस सिंगापुर छोड़कर चली गई।
गृह मंत्रालय ने पुष्टि की है कि 'मेगास्पीड' और छह अन्य व्यक्तियों के खिलाफ जांच अब भी जारी है। हालांकि, फरवरी 2025 में जांच शुरू होने के बाद से इन छह व्यक्तियों में से कोई भी सिंगापुर में मौजूद नहीं है।
जेन्सेन हुआंग के साथ अफेयर और 50000 लापता AI चिप्स का कनेक्शन
ऐलिस हुआंग का नाम हाल ही में तब सुर्खियों में आया जब एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग के साथ उनके प्रेम संबंधों का खुलासा हुआ। खुद जेन्सेन हुआंग ने भी अपने अफेयर की बात स्वीकार की है।
द इंफॉर्मेशन की रिपोर्ट और मीडिया खुलासों के अनुसार ऐलिस की मुलाकात जेन्सेन से उनके पति कॉर्पोरेट इन्वेस्टर कांग वेई के जरिए हुई थी। यह मुलाकात उनके कथित संबंधों की खबरें सामने आने से लगभग एक दशक पहले हुई थी।
जानकारी के मुताबिक 2010 के दशक में चीनी वीडियो गेम कंपनियों का अधिग्रहण करते समय कांग के जेन्सेन के साथ व्यावसायिक संबंध थे। चीनी मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक इस दंपति ने एनवीडिया के CEO के साथ अपनी जान पहचान का इस्तेमाल व्यावसायिक अवसर हासिल करने के लिए किया था।
सोशल मीडिया पोस्ट में यह भी दावा किया गया है कि क्लाइंट्स के साथ बातचीत करते समय कांग अपनी पत्नी के जेन्सेन के साथ संबंधों का जिक्र किया करते थे। जबकि ऐलिस अपने WeChat अकाउंट पर जेन्सेन के साथ तस्वीरें साझा करती थीं।
सिंगापुर स्थित 'मेगास्पीड' ने एनवीडिया के साथ अरबों डॉलर का कारोबार किया। इस कंपनी पर अमेरिकी निर्यात प्रतिबंधों को दरकिनार कर चीन में हाई-एंड AI चिप्स की तस्करी करने के गंभीर आरोप लगे हैं।
एक ऑडिट के दौरान कंपनी के पास से लगभग 50000 AI चिप्स का कोई हिसाब-किताब नहीं मिल पाया है।
जेन्सेन हुआंग ने एनवीडिया के CEO पद से दिया इस्तीफा
जेन्सेन हुआंग ने एनवीडिय में अपने नेतृत्व पदों से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने अंतरिम सीईओ के रूप में कोलेट क्रेस को नियुक्त किया है। एनवीडिया के बोर्ड ने एक बयान जारी कर जेन्सेन हुआंग के CEO पद से इस्तीफा देने की घोषणा की और कंपनी के प्रमुख के रूप में उनके काम की सराहना की।
बयान में कहा गया है, 'एनवीडिया में जेन्सेन का योगदान बहुत महत्वपूर्ण रहा है। एनवीडिया दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण टेक्नोलॉजी कंपनियों में से एक है। कंपनी ने कंपनी और इंडस्ट्री में जेनसन के अमूल्य योगदान के लिए धन्यवाद।'
यह भी पढ़ें- जेन्सेन हुआंग ने Nvidia के CEO पद से दिया इस्तीफा, चीन की 'जासूस' से अफेयर के बीच एलान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।