जॉर्जिया में गैस विस्फोट से ढही 5 मंजिला इमारत, बच्चा समेत 6 लोगों की मौत
जॉर्जिया की राजधानी त्बिलिसी में गैस विस्फोट के कारण एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत का हिस्सा ढह गया। इस हादसे में एक बच्चे सहित कम से कम छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची को मलबे से जिंदा बचाया गया।

एआई इमेज।
HighLights
त्बिलिसी में गैस विस्फोट से पांच मंजिला इमारत ढही।
हादसे में एक बच्चे सहित छह लोगों की दुखद मौत।
तीन साल की बच्ची को मलबे से सुरक्षित निकाला गया।
डिजिटल डेस्क,त्बिलिसी। गैस विस्फोट की वजह से जॉर्जिया की राजधानी त्बिलिसी में गुरुवार को पांच मंजिला रिहायशी इमारत का एक हिस्सा ढह गया। इस हादसे में एक बच्चे समेत कम से कम छह लोगों की मौत हो गई।
अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, यह विस्फोट गुरुवार सुबह उपनगरीय पोनिचाला जिले में हुआ, जिससे कई निवासी मलबे के नीचे दब गए।
बचाव दलों ने निकाले छह शव
जॉर्जिया के गृह मंत्री सुल्खान तमाज़ाशविली ने बताया कि बचाव दलों ने छह शव निकाले हैं, जिनमें एक छोटा बच्चा भी शामिल है। मलबे के नीचे कई घंटों तक दबी रहने के बावजूद तीन साल की एक बच्ची को जिंदा बचा लिया गया।
जॉर्जियन पब्लिक ब्रॉडकास्टर (1TV) की रिपोर्ट के मुताबिक, बच्ची को इंगोरोक्वा यूनिवर्सिटी क्लिनिक ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने बताया कि उसकी हालत स्थिर है और स्कैन में कोई गंभीर चोट नहीं पाई गई है। 11 साल के एक लड़के का भी इंटेंसिव केयर में इलाज चल रहा है, जिसकी हालत काफी हद तक स्थिर बताई गई है। वहीं, एएफपी के मुताबिक आपातकालीन प्रबंधन सेवा के प्रमुख तेइमुराज़ मगेब्रिशविली ने बताया कि मृत पाई गई महिलाओं में से एक के उस बच्ची की मां होने का अंदेशा है।
क्षतिग्रस्त जगह का निरीक्षण नहीं कर पा रही कंपनी
1TV के अनुसार, गैस आपूर्तिकर्ता 'तिबिलिसी एनर्जी' ने बताया कि जिस अपार्टमेंट को विस्फोट का संभावित स्रोत माना जा रहा है, वह खाली दर्ज था। पिछले एक साल में वहां गैस की कोई खपत नहीं हुई थी। कंपनी ने बताया कि वो अभी तक क्षतिग्रस्त जगह का निरीक्षण नहीं कर पाई है।
जांच हुई शुरू
अल जजीरा ने जॉर्जिया की 'इंटरप्रेसन्यूज' एजेंसी के हवाले से बताया कि इमारत के ढांचे की जांच के बाद, त्बिलिसी के मेयर काखा कालाद्जे ने कहा कि 28 परिवारों (जिनमें 100 से अधिक लोग शामिल हैं) को अस्थायी रूप से होटलों में स्थानांतरित किया जाएगा, क्योंकि इमारत के दो हिस्सों को असुरक्षित घोषित कर दिया गया है।
अभियोजक लेवन वेपखवाद्जे ने कहा कि अधिकारियों ने सुरक्षा नियमों के संभावित उल्लंघन को लेकर आपराधिक जांच शुरू कर दी है।
अमेरिकी बैंक जेपी मॉर्गन पर साइबर हमला, 16 हजार ग्राहकों का डेटा लीक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।