'युद्ध खत्म नहीं हुआ है', अल-कायदा ने की फ्लाईदुबई के हमलावर को-पायलट की तारीफ, US-इजरायल को खुली धमकी
आतंकी संगठन अल-कायदा की यमन स्थित शाखा (AQAP) ने अपनी साप्ताहिक पत्रिका 'अल-बयान' में फ्लाईदुबई फ्लाइट को हाईजैक करने की नाकाम कोशिश के बारे में एक संपादकीय प्रकाशित किया है।

अल-कायदा ने की फ्लाईदुबई के हमलावर को-पायलट की तारीफ (रायटर्स)
HighLights
अल-कायदा ने की फ्लाईदुबई के हमलावर को-पायलट की तारीफ
अमेरिका और इजरायल को दी खुली धमकी
युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है: अल-कायदा
डिजिटल डेस्क, सना। आतंकी संगठन अल-कायदा की यमन स्थित शाखा (AQAP) ने अपनी साप्ताहिक पत्रिका 'अल-बयान' में फ्लाईदुबई फ्लाइट को हाईजैक करने की नाकाम कोशिश के बारे में एक संपादकीय प्रकाशित किया है।
इस लेख में ओमान के को-पायलट हमाम अल हम्ममी के काम की तारीफ की गई है साथ ही अमेरिकी इजरायली एयरलाइंस पर ऐसे ही हमले करने के धमकी भी दी गई है।
युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है: अल-कायदा
'11 सितंबर और 30 सितंबर के बीच' शीर्षक वाले इस संपादकीय में 11 सितंबर, 2001 को वर्ल्ड ट्रेड सेंटर से टकराते विमान और तेल अवीव जाने वाली फ्लाईदुबई की उड़ान FZ 1073 की तस्वीरें थीं।
अरबी भाषा में लिखे इस लेख में कहा गया, 'युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है; जायोनी, अमेरिकी और इस्लाम के खिलाफ लड़ने वाली अलग-अलग अविश्वासी ताकतों को ले जाने वाले विमान अभी भी आसमान में उड़ रहे हैं। उन पर हमले का खतरा बना हुआ है जैसा कि 11 सितंबर और 30 सितंबर को देखा गया था।'
ऐसे हमले से मुसलमानों का भला होगा: अल-कायदा
लेख के अनुसार, अगर अपहरण की कोशिश कामयाब हो जाती, तो इस इलाके में ताकत का संतुलन बदल सकता था। 'अल-बयान' ने आगे कहा कि गैर-मुस्लिम भी अमेरिका और इजराइल को निशाना बना सकते हैं और ऐसे हमले से मुसलमानों का भला होगा।
लेख में कहा गया, 'आज अमेरिका और जायोनियों के दुश्मन पहले की तुलना में कहीं ज्यादा हैं। हो सकता है कि कोई ऐसा व्यक्ति हमला करे जो न तो भगवान में और न ही परलोक में विश्वास करता हो, फिर भी उसके कामों से आखिरकार इस्लाम का ही भला हो।'
फ्लाईदुबई की फ्लाइट में क्या हुआ था?
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 को क्रैश होने से बचाया गया था। भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर ने कॉकपिट का दरवाजा खोलकर क्रू को अलर्ट किया, जब उनके को-पायलट ओमान के नागरिक हमाम अल हम्ममी ने उन पर क्रैश एक्स (कुल्हाड़ी) से हमला किया।
कैप्टन मच्छर ने बताया कि जैसे-तैसे उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिसके बाद यात्रियों ने को-पायलट पर काबू पा लिया, क्योंकि बोइंग 737 विमान 30 सेकंड से भी कम समय में लगभग 14,000 फीट नीचे गिर गया था। इसके बाद, फ्लाईदुबई के ही दूसरे पायलटों ने विमान को सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतारा।
