विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तेहरान में पाकिस्तानी दूतावास के पास जोरदार धमाका, ड्रोन हमले में कुवैत का बंदरगाह क्षतिग्रस्त

Published: Fri, 27 Mar 2026 01:23 PM (IST)Updated: Fri, 27 Mar 2026 01:34 PM (IST)

तेहरान में गुरुवार रात पाकिस्तान दूतावास के पास जोरदार धमाका हुआ। दूतावास के कर्मचारी और राजदूत सुरक्षित हैं।

HighLights

  1. तेहरान में पाकिस्तान दूतावास के पास जोरदार विस्फोट हुआ

  2. दूतावास के सभी कर्मचारी और राजदूत सुरक्षित पाए गए

  3. यह घटना अमेरिकी-इजरायली हवाई हमलों के बीच हुई

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ईरान की राजधानी तेहरान में गुरुवार रात करीब 8 बजे पाकिस्तान दूतावास के पास जोरदार विस्फोट की खबरें आई हैं। अमेरिका-इजरायल के लगातार हवाई हमलों के बीच यह घटना हुई है, जब तेहरान 28वें दिन भी बमबारी का सामना कर रहा था। दूतावास के सभी कर्मचारी और राजदूत सुरक्षित हैं, हालांकि विस्फोट तीव्र था, लेकिन दूतावास परिसर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

पासदरान इलाके में हुए विस्फोट

विस्फोट तेहरान के पासदरान जिले में हुए, जहां पाकिस्तान दूतावास और राजदूत का आवास स्थित है। सूत्रों का कहना है कि आसपास स्थित ईरानी सैन्य ठिकाने को निशाना बनाने की कोशिश में ये विस्फोट हुए। पास में ही ईरानी सेना का एक बड़ा ठिकाना होने की वजह से इलाका संवेदनशील माना जाता है।

विस्फोट इतने तीव्र थे कि पूरे परिसर में कंपन महसूस हुआ, लेकिन इमारत को कोई सीधा नुकसान नहीं हुआ। सभी स्टाफ को तुरंत अलर्ट पर रखा गया और सुरक्षा बढ़ा दी गई।

कुवैत में बंदरगाह पर ड्रोन अटैक 

शुक्रवार को एक ड्रोन हमले में कुवैत का मुख्य व्यापारिक बंदरगाह क्षतिग्रस्त हो गया है। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब ईरान, अमेरिका और इज़राइल के हमलों के जवाबी कार्रवाई के तौर पर खाड़ी क्षेत्र में अपना अभियान जारी रखे हुए है। कुवैत के मुख्य बंदरगाह जैसे कमर्शियल हब को निशाना बनाया है।

कुवैत पोर्ट अथॉरिटी ने एक बयान में कहा कि शुवैख बंदरगाह को सुबह-सुबह दुश्मन के ड्रोन से निशाना बनाया गया। शुरुआती रिपोर्टों से पता चला है कि इससे सामान को नुकसान पहुंचा है, लेकिन किसी इंसान की जान नहीं गई है।

पाकिस्तान की मध्यस्थता की कोशिशें जारी

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब पाकिस्तान, तुर्की और मिस्र के साथ मिलकर अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम कराने की कूटनीतिक कोशिशें कर रहा है। पाकिस्तान ने दोनों पक्षों से अपील की है कि राजनयिक मिशनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

ईरान में जारी संघर्ष के चलते कई राजनयिक मिशन सतर्क मोड में हैं। पाकिस्तान के राजदूत मुदस्सिर टिप्पू और उनके स्टाफ अभी भी तेहरान में ड्यूटी पर हैं और स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- 'हमारे कहने पर दो ईरानी नेता हिट लिस्ट से हटे', बड़बोले पाकिस्तान का बड़ा दावा