विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'दोषियों को ढूंढ निकालेंगे', मीनाब में लड़कियों के स्कूल पर मिसाइल हमले को लेकर ईरान ने दी चेतावनी

Published: Tue, 17 Nov 2026 05:00 AM (IST)

ईरान ने मीनाब में लड़कियों के स्कूल पर मिसाइल हमले के लिए जिम्मेदार अमेरिकी नौसेना के दो अधिकारियों को ढूंढकर सजा देने की चेतावनी दी है।

मीनाब हमले को लेकर ईरान ने अमेरिका को दी चेतावनी। (फाइल फोटो।)

मीनाब हमले को लेकर ईरान ने अमेरिका को दी चेतावनी। (फाइल फोटो।)

HighLights

  1. ईरान ने मीनाब स्कूल हमले के दोषी अमेरिकी अधिकारियों को ढूंढने की चेतावनी दी।

  2. अमेरिकी वित्त मंत्री ने धमकियों के बाद सैन्य बेस में शरण ली।

  3. तीसरा अमेरिकी युद्धपोत यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट ईरान के करीब पहुंचा।

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिकी-इजरायली हमले के पहले दिन मीनाब में लड़कियों के स्कूल पर मिसाइल हमले को लेकर तेहरान ने आगाह किया है कि वह इस हमले के दोषी अमेरिकी नौसेना के दो अधिकारियों को कहीं से भी ढूंढ निकालेगा और सजा देगा। अमेरिकी टामहाक मिसाइल के उस प्राथमिक स्कूल पर हमले में 168 बच्चों की मौत हो गई थी।

फॉक्स न्यूज के अनुसार, ईरान की दक्षिण अफ्रीका स्थित दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट में उन कमांडरों के नाम स्पष्ट रूप से बताए। एएनआई के अनुसार, दूतावास ने यूएसएस स्प्रांस के कमांडिंग आफिसर कमांडर ली आर. टेट और युद्धपोत के एग्जीक्यूटिव आफिसर लेफ्टिनेंट कमांडर जेफरी ई. यार्क की तस्वीरों के साथ पोस्ट जारी की। ईरान युद्ध में खाड़ी में 357 दिनों की तैनाती के बाद यूएसएस स्प्रांस सैन डिएगो स्थित नौसेना बेस पर लौट गया।

ट्रंप की चेतावनी के बात ईरान की चेतावनी

ये चेतावनी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप द्वारा वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों की हत्या के प्रयास को लेकर तेहरान को सख्त चेतावनी के बाद जारी की गई है। अमेरिकी नौसेना कमांडरों को निशाना बनाए जाने की चेतावनियों ने सुरक्षा चिंताएं बढ़ा दी हैं। इसी क्रम में अमेरिका के वित्त मंत्री स्काट बेसेंट ने भी पुष्टि की है कि धमकी मिलने के बाद उन्होंने वॉशिंगटन के अपने आवास को छोड़कर सैन्य बेस में शरण ली है।

उन्होंने कहा कि यूएस सीक्रेट सर्विस की सलाह पर उन्होंने ऐसा किया है। उधर, ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने कहा है कि ईरान अब भी युद्ध की स्थिति में है। उन्होंने कहा कि तेहरान तीन संभावित स्थितियों को लेकर चल रहा है। ईरान कूटनीति, आर्थिक नाकेबंदी और सैन्य आक्रामकता, हर तरह से तैयार है।

होर्मुज में एक और तेल टैंकर में लगी आग

होर्मुज स्ट्रेट के पूर्वी क्षेत्र में मौजूद एक तेल टैंकर समुद्री माइन की चपेट में आ गया, जिसमें विस्फोट के बाद टैंकर में आग लग गई। ईरानी नौसेना ने कहा कि उक्त टैंकर प्रतिबंधित क्षेत्र से अपना नेविगेशन सिस्टम बंद करके निकलने की कोशिश कर रहा था।

ईरान के करीब पहुंचा तीसरा अमेरिकी युद्धपोतएपी के अनुसार, अमेरिकी नौसेना का एक और विमान वाहक पोत यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट पश्चिम एशिया में ईरान के करीब पहुंच गया है। इसके साथ ही हजारों की संख्या में सैनिक और जुड़ गए हैं।

तीन युद्धपोतों के साथ ये अब तक का सबसे बड़ा अमेरिकी सैन्य जमावड़ा है। अब तक क्षेत्र में यूएसएस जॉर्ज एचडब्ल्यू बुश और यूएसएस जॉर्ज वॉशिंगटन युद्धपोत मौजूद थे। अमेरिकी नौसेना के अनुसार, खाड़ी में 13 डेस्ट्रायर, दो क्रूजर और एक लिट्टोरल कांबैट शिप भी मौजूद है।

यमन में मिली हार के बाद सऊदी अरब ने सैन्य कमांडर बदला

रायटर के अनुसार, यमन में हूती विद्रोहियों से मिली चुनौती के बाद सऊदी अरब ने अपने सैन्य कमांडर को बदल दिया है। हूती विद्रोहियों ने न केवल सऊदी अरब को आर्थिक तौर पर नुकसान पहुंचाया, बल्कि यमन के कई इलाके भी सऊदी अरब समर्थित यमन सरकार से छीन लिए।

किंग सलमान की तरफ से जारी शाही फरमान के तहत मौजूदा कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल फहद बिन हमाद अल सलमान को रक्षा मंत्री का सलाहकार नियुक्त किया गया है। वहीं चीफ आफ जनरल स्टाफ जनरल फैय्याद अल रुवाइली को संयुक्त बलों के कमांडर की अतिरिक्त भूमिका दी गई है। बुल्गारिया में कार्गो जहाज डूबा सोमालिया के ध्वज वाले कार्गो जहाज सोमवार को बुल्गारिया के क्षेत्र में डूब गया।

एपी ने परिवहन मंत्री के हवाले से बताया कि जहाज पर आठ तुर्किए और चार अजरबैजानी नाविक सवार थे। उन्हें बचा लिया गया। जहाज किस वजह से डूबा, इसकी पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी है। बेतूल 8 नाम के जहाज पर तीन हजार टन गेहूं लदा था और ये रोमानिया से मिस्र के सफर पर था।

यह भी पढ़ें: 'न तो क्यूबा हैं और न वेनेजुएला', ईरान ने अमेरिका को दी चेतावनी- हमले का इंतजार नहीं करेंगे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।