विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ईरान में गैस रिफाइनरी के कर्मचारियों को ले जा रही बस पलटी, 12 की मौत और 16 घायल

Published: Sun, 15 Nov 2026 01:14 PM (IST)

पश्चिमी ईरान में इराक सीमा के पास एक गैस रिफाइनरी के कर्मचारियों को ले जा रही बस पलटने से 12 लोगों की मौत हो गई।

ईरान में बस हादसा (फोटो-सोशल मीडिया)

ईरान में बस हादसा (फोटो-सोशल मीडिया)

HighLights

  1. पश्चिमी ईरान में गैस रिफाइनरी कर्मचारियों की बस पलटी।

  2. हादसे में 12 लोगों की मौत, 16 अन्य घायल हुए।

  3. राष्ट्रपति ने घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता देने के निर्देश दिए।

डिजिटल डेस्क, तेहरान। पश्चिमी ईरान में इराक की सीमा के पास गैस रिफाइनरी के कर्मचारियों को ले जा रही एक बस पलट गई, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई है और 16 लोग घायल हो गए।

अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर है। हादसे की जांच की जा रही है।

ईरान में बस हादसा

ईरानी सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार शाम पश्चिमी ईरान के इलाम प्रांत (रोजहेलात) में तेल और गैस कर्मचारियों को ले जा रही एक बस के पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया।

यह बस 'देहलोरन NGL 3100' तेल और गैस परियोजना में काम करने वाले कर्मचारियों को ले जा रही थी। स्थानीय समयानुसार शाम लगभग 7:25 बजे, देहलोरन के पास 'दश्त अब्बास-मुर्मुरी' सड़क पर यह बस पलट गई।

ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी, 'इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी' (IRNA) ने रविवार को बताया कि मरने वालों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। इससे पहले प्रांतीय अधिकारियों ने यह संख्या नौ बताई थी।

घायलों को दी जा रही हर संभव मदद

IRNA की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे घायल हुए 16 लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएं।

अधिकारियों ने इलाम प्रांत में एक दिन और अब्दानन में दो दिन के सार्वजनिक शोक की घोषणा की है। इस हादसे में मारे गए कई लोग अब्दानन के ही रहने वाले थे।

हादसे के कारणों की जांच जारी

ईरानी स्टूडेंट्स न्यूज एजेंसी (ISNA) के मुताबिक, अब्दानन के अभियोजक (प्रॉसिक्यूटर) अमरोल्लाह मिसाई ने कहा, 'दुर्घटना का कारण, इसमें योगदान देने वाले कारक और किसी भी तरह की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की जांच की जा रही है।'

अमरोल्लाह मिसाई ने आगे कहा, 'अगर किसी व्यक्ति या जिम्मेदार संस्था की ओर से कोई गलती या लापरवाही पाई जाती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ बिना किसी रियायत के सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।'

यह भी पढ़ें- 'केशम द्वीप के ऊपर अमेरिकी ड्रोन मार गिराया, होर्मुज में दो टैंकरों में आग', ईरान के दावे पर मिडिल ईस्ट में खलबली

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।