सऊदी अरब के रियाद और दम्माम एयरपोर्ट पर हूती विद्रोहियों का फिर हमला, एक की मौत; 11 घायल
यमन के हूती विद्रोहियों ने रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मिसाइल हमला किया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए।

रियाद एयरपोर्ट पर हूती विद्रोहियों ने फिर किया हमला (फाइल फोटो- रॉयटर्स)
डिजिटल डेस्क, रियाद। यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों सऊदी अरब के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लगातार जानलेवा हमले किए जा रहे हैं। रविवार को रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल 4 पर हुए एक नए मिसाइल हमले में 1 व्यक्ति की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए।
सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन बलों के अनुसार, यमन के हूती विद्रोहियों ने रियाद स्थित किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल 4 को निशाना बनाकर एक अज्ञात प्रक्षेपास्त्र से हमला किया, जिससे परिसर में भीषण आग लग गई।
वहीं, सऊदी वायु रक्षा प्रणाली ने मुस्तैदी दिखाते हुए एयरपोर्ट के समीप आ रही एक क्रूज मिसाइल को हवा में ही ढेर कर दिया। इसके अलावा, पूर्वी प्रांत में एक हमलावर ड्रोन को नष्ट किया गया और खमीस मुशैत शहर की ओर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को भी सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया गया।
इस बीच, सऊदी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने रविवार देर रात दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि नुकसान का आकलन करने के साथ सुरक्षा जांच जारी है।
जहाजों के पास गिरी मिसाइल
दम्माम हवाई अड्डे के रनवे पर खड़े विमान में सवार एक प्रत्यक्षदर्शी ने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि स्थानीय समयानुसार रात लगभग 8:30 बजे खड़े जहाजों के पास एक मिसाइल गिरी, जिससे तुरंत आग की लपटें उठने लगीं। इसके बाद टैक्सी कर रहे विमान को वापस गेट पर लाया गया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
300 से अधिक लोग घायल
बता दें कि हूती लड़कों द्वारा किया गया यह हमला, उस हमले के ठीक एक दिन बाद किया गया है, जिसमें 13 लोग मारे गए थे और 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। सऊदी हवाई अड्डों पर हुए हमलों में मरने वालों की संख्या इस सप्ताह बढ़कर 18 हो गई है।
शनिवार को रियाद हवाई अड्डे पर हुए हमले में चार सऊदी नागरिकों सहित 13 लोग मारे गए, जबकि शेष पीड़ित विदेशी नागरिक थे। मृतकों में 46 वर्षीय भारतीय नागरिक मोहम्मद यूसुफ भी शामिल थे।
यह भी पढ़ें- 'सऊदी के लिए पाकिस्तान-तुर्किए ने यमन में दखल दिया तो अंजाम बुरा होगा', ईरान ने दी चेतावनी
यह भी पढ़ें- 'मक्का-मदीना छोड़ सभी एयरपोर्ट्स निशाने पर, यात्री न करें सफर', सऊदी अरब को हूती लड़ाकों की नई धमकी
