विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सऊदी अरब में अरामको के ठिकानों पर हूती लड़ाकों का हमला, तेज विस्फोटों से थर्राया रियाद

Published: Sun, 08 Nov 2026 02:27 PM (IST)Updated: Sun, 08 Nov 2026 02:28 PM (IST)

रियाद में जोरदार धमाके हुए, जिसके बाद हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरामको के ठिकानों और किंग खालिद हवाई अड्डे पर मिसाइल व ड्रोन हमलों की जिम्मेदारी ली।

(यह तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है)

(यह तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है)

HighLights

  1. रियाद में जोरदार धमाके, अरामको और हवाई अड्डा निशाना।

  2. हूती विद्रोहियों ने मिसाइल और ड्रोन हमलों की ली जिम्मेदारी।

  3. सऊदी गठबंधन ने हूती मिसाइलों को हवा में नष्ट किया।

डिजिटल डेस्क, रियाद। सऊदी अरब की राजधानी रियाद में कई जोरदार धमाके सुने गए। देश के नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा संभावित खतरे को लेकर अलर्ट जारी किए जाने के कुछ ही देर बाद ये विस्फोट हुए।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, शहर के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में तेल कंपनी सऊदी अरामको से जुड़ी एक इमारत को नुकसान पहुंचा है। वहीं, सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने कहा कि उसने रियाद और दक्षिणी क्षेत्र की ओर दागी गई दो क्रूज मिसाइलों सहित कुल चार हूती मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया।

एयरपोर्ट और तेल ठिकानों को बनाया निशाना

यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और तेल संयंत्रों पर मिसाइल व ड्रोन हमलों की जिम्मेदारी ली है।

हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने दावा किया कि उन्होंने बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और ड्रोनों का उपयोग कर सऊदी अरब के प्रमुख रणनीतिक व सैन्य ठिकानों पर 6 सैन्य अभियान चलाए हैं। सारी के अनुसार, ये हमले यमन के खिलाफ सऊदी अरब की सैन्य कार्रवाइयों के जवाब में किए गए हैं।

किन-किन जगहों पर हमलों का किया गया दावा

हूती प्रवक्ता ने बताया कि पहले अभियान में रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, तेल भंडारण टैंकों और अरामको के डिस्टिलेशन टॉवर को निशाना बनाया गया। दूसरा हमला खुरैस स्थित अरामको के ठिकानों पर और तीसरा हमला दवादमी क्षेत्र में पंपिंग स्टेशन नंबर 8 पर किया गया।

चौथे अभियान में नजरान स्थित नेशनल गार्ड कैंप में सऊदी सैन्य टुकड़ियों, पांचवें में अल-जौफ के पूर्वी इलाके और छठे अभियान में मारिब में सऊदी सेना के ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया गया। हूतियों ने इन हमलों में सऊदी सैनिकों के हताहत होने का दावा किया है, हालांकि इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

सऊदी पर आगे भी हमले जारी रखने की चेतावनी

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हूती प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि सऊदी अरब ने पिछले 24 घंटों के दौरान सना, अल-जौफ, ताइज, सादा और मारिब सहित कई प्रांतों में 105 हवाई और मिसाइल हमले किए हैं, जिसमें कई नागरिक हताहत हुए हैं।

उन्होंने कहा कि संघर्ष बढ़ने के बाद से सऊदी गठबंधन अब तक 4369 हमले कर चुका है। सारी ने चेतावनी दी कि वे सऊदी अरब के भीतर अपने सैन्य अभियान जारी रखेंगे और नाकाबंदी के बदले नाकाबंदी तथा हमले के बदले हमले की नीति पर कायम रहेंगे।

यमन सरकार ने लेबनान से की अपील

इस बीच, यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार ने लेबनान से आग्रह किया है कि वह हूती मिलिशिया को हिजबुल्लाह द्वारा दी जा रही सैन्य सहायता को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए। यमन की विदेश मंत्री अफराह अल-जौबा ने दोनों देशों की सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों के बीच समन्वय की मांग की।

इस ताजा सैन्य टकराव ने 2022 में संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता से हुए सीजफायर को पूरी तरह तोड़ दिया है। अमेरिका-ईरान तनाव से जुड़े इस ताजा घटनाक्रम ने यमन में 12 साल पुराने युद्ध को फिर से भड़का दिया है, जिससे दुनिया का एक सबसे गंभीर मानवीय संकट पैदा हो गया है।

अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) के मुताबिक, लड़ाई का यह नया दौर शुरू होने के बाद से अब तक 2 लाख से अधिक लोग बेघर हो चुके हैं।

यह भी पढ़ें- सऊदी अरब का हूती विद्रोहियों पर तगड़ा प्रहार; हवाई हमलों में 25 ढेर, कई ठिकाने तबाह

यह भी पढ़ें- सऊदी अरब के हमलों से दहला यमन का हदीदा पोर्ट, हूती विद्रोहियों ने बताया युद्ध अपराध

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।