रियाद एयरपोर्ट पर उमराह यात्रियों के बोर्डिंग के वक्त गिरी मिसाइल, CCTV में कैद हुआ धमाके का खौफनाक मंजर
रियाद के हवाईअड्डे पर हूती विद्रोहियों ने मिसाइल हमला किया, जिससे टर्मिनल 4 में आग लग गई और उड़ानों का ...और पढ़ें
HighLights
हूती विद्रोहियों ने रियाद एयरपोर्ट पर मिसाइल हमला किया।
हमले में 1 की मौत, 11 घायल; उड़ानें पूरी तरह निलंबित।
पिछले हमले में भारतीय सहित 13 की मौत, दूतावास की एडवाइजरी।
डिजिटल डेस्क, रियाद। सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर यमन के हूती विद्रोहियों ने एक और हमला किया है। सऊदी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, एक अज्ञात मिसाइल या प्रोजेक्टाइल एयरपोर्ट के टर्मिनल 4 से टकराया, जिससे भीषण आग लग गई।
इस हमले में 1 व्यक्ति की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। इसके अलावा सऊदी वायु रक्षा प्रणाली ने एयरपोर्ट के पास एक क्रूज मिसाइल को भी मार गिराया। लगातार हो रहे हमलों के मद्देनजर प्रशासन ने किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन पूरी तरह निलंबित कर दिया है।
सीसीटीवी फुटेज में दिखा तबाही का मंजर
सोशल मीडिया पर सामने आए सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि उमराह तीर्थयात्री और अन्य यात्री टर्मिनल पर अपनी उड़ानों का इंतजार कर रहे थे। उसी दौरान एक जोरदार नारंगी रोशनी के साथ धमाका हुआ, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। फुटेज में टर्मिनल की छत का एक हिस्सा भी भरभराकर गिरता दिखाई दे रहा है।
ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने पूर्वी हिस्से में दम्मम एयरपोर्ट समेत अन्य ठिकानों पर भी हमलों का दावा किया है और सऊदी अरब के ट्रांजिट हब को निशाना बनाते रहने की धमकी दी है। सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने इसे खुला युद्ध अपराध बताते हुए जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
इस टकराव से वैश्विक स्तर पर तेल की आपूर्ति और कीमतों पर संकट मंडराने लगा है। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने भी हूतियों के खिलाफ इस लड़ाई में शामिल होने पर विचार करने की बात कही है, जिससे इस संघर्ष के और व्यापक होने की आशंका बढ़ गई है।
शनिवार के हमले में भारतीय समेत 13 की मौत
यह हमला उस बड़े हमले के अगले ही दिन हुआ है, जिसमें 13 लोगों की जान चली गई थी और 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। शनिवार को घायल हुए एक भारतीय नागरिक ने भी रविवार को दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ गई।
मारे गए लोगों में 4 सऊदी नागरिक, 2 बांग्लादेशी, एक अमेरिकी, एक भारतीय, एक फलस्तीनी, एक मिस्री, एक जॉर्डन, एक सीरियाई और एक सूडानी नागरिक शामिल हैं। पिछले पांच दिनों में इस एयरपोर्ट पर यह चौथा हमला है, जिसे सऊदी अरब की धरती पर बीते एक दशक में सबसे घातक माना जा रहा है।
भारतीय दूतावास ने जारी किया एडवाइजरी
रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिक की मौत की पुष्टि की और पार्थिव शरीर को जल्द भारत भेजने के लिए परिवार से संपर्क साधा है। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मृतक की पहचान मोहम्मद यूसुफ अली के रूप में की और बताया कि हमले में उनके परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं।
उनके एक बेटे की घुटने की सर्जरी चल रही है, जबकि दूसरे बेटे के पैर की तीन उंगलियां कट गई हैं। बिगड़ते हालात को देखते हुए भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी कर उन्हें सतर्क रहने, आवश्यकतानुसार घरों के अंदर रहने और स्थानीय दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
