खाड़ी के मौजूदा हालात को विश्व की शांति के खतरनाक, रूस-ब्रिटेन सहित इन देशों ने की हमले रोकने की अपील
अमेरिका-इजरायल की संयुक्त कार्रवाई में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर विश्वभर में तीखी प्रतिक्रिया हुई है।

रूस-ब्रिटेन सहित इन देशों ने की हमले रोकने की अपील। (रॉयटर्स)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज, नई दिल्ली। अमेरिका और इजरायल की संयुक्त कार्रवाई में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर विश्व भर में प्रतिक्रिया हुई है। ज्यादातर देशों ने खामेनेई के मारे जाने की निंदा करते हुए लड़ाई रोककर अमेरिका और ईरान से फिर से वार्ता शुरू करने के लिए कहा है। देशों ने खाड़ी के मौजूदा हालात को विश्व की शांति और स्थिरता के लिए खतरनाक बताया है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने खामेनेई के मारे जाने को जघन्य हत्या बताते हुए कृत्य की निंदा की है और ईरान से संवेदना जताई है। रॉयटर के अनुसार, रूस ने खाड़ी देशों में अविलंब लड़ाई रोके जाने और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुसार ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर वार्ता की मांग की है। चीन ने खामेनेई को संप्रभु नेता बताते हुए उनके मारे जाने की निंदा की है। साथ ही ईरान पर अविलंब हमले रोककर विवादित मसलों पर वार्ता के लिए कहा है।
हमले रोककर ईरानी परमाणु कार्यक्रम पर वार्ता हो- ब्रिटेन
एपी के अनुसार, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने अमेरिका, इजरायल और ईरान से हमले रोककर ईरानी परमाणु कार्यक्रम पर वार्ता करने के लिए कहा है। उन्होंने पड़ोसी देशों पर ईरान के हमलों की निंदा की है। जबकि ऑस्ट्रेलिया और कनाडा ने अमेरिकी कार्रवाई का समर्थन किया है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के अमेरिका और इजरायल की कार्रवाई में मारे जाने पर चिंता जताते हुए उसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया है। ब्रिटेन के रक्षा मंत्री जान हेली ने भी अमेरिका से ईरान पर सैन्य कार्रवाई में अंतरराष्ट्रीय कानून के पालन की अपेक्षा की है।
ईरान पर अविलंब हमले रोके अमेरिका और इजरायल- गुटेरस
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने अमेरिका और इजरायल से ईरान पर अविलंब हमले रोकने की अपील की है। यूरोपीय यूनियन के 27 देशों के प्रतिनिधियों की बैठक के बाद संगठन की विदेश मामलों की प्रमुख काजा कलास ने खाड़ी क्षेत्र में लड़ाई फैलने से रोकने के लिए सभी संबद्ध देशों से तत्काल हमले रोकने के लिए कहा है।
पड़ोसी देशों की संप्रभुता का सम्मान करे ईरान- अरब लीग
22 देशों के संगठन अरब लीग ने ईरान से पड़ोसी देशों की संप्रभुता का सम्मान करने और उन पर हमले रोकने के लिए कहा है। संगठन ने इजरायल के ईरान पर हमले और ईरान के अरब देशों पर हमलों की निंदा की है। यूएई के राष्ट्रपति के सलाहकार अनवर गार्गाश ने ईरान से होश में आने के लिए कहा है। कहा, वह अपने पड़ोसियों पर बेवजह हमले बंद करे। विदित हो कि यूएई हाल के वर्षों में ईरान को लेकर क्षेत्र में बढ़ रहे तनाव पर चिंता जताता रहा है।
अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन
न्यूयार्क के मेयर जोहरान ममदानी ने अमेरिका और इजरायल की ईरान पर सैन्य कार्रवाई की निंदा की और इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया है। नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित मलाला यूसुफजई ने भी अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने मिनाब के गर्ल्स स्कूल पर हमले को जघन्य अपराध बताया है जिसमें लगभग 100 छात्राएं मारी गई हैं।
