विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कैप्टन सोना मत...', फ्लाईदुबई विमान के हीरो की डेंटिस्ट ने कैसे बचाई जान; बताया पूरा वाकया

Published: Wed, 07 Oct 2026 12:04 PM (IST)

फ्लाईदुबई की फ्लाइट में को-पायलट ने भारतीय पायलट स्मित मच्छर पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

कैप्टन स्मित की जान बचाने वाले डेंटिस्ट ने सुनाया पूरा वाकया।

कैप्टन स्मित की जान बचाने वाले डेंटिस्ट ने सुनाया पूरा वाकया।

डिजिटल डेस्क, तेल अवीव। इजरायली डेंटिस्ट शोता मुसायेव पिछले हफ्ते जब फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में सवार हुए तो वे बस एक आम यात्री थे। लेकिन उनके प्रोफेशनलिज्म ने उन्हें हीरो बना दिया। उन्होंने बुरी तरह घायल पायलट स्मित मच्छर का इलाज किया।

तेल अवीव जाने वाली फ्लाइट के कॉकपिट में को-पायलट हमाम अल-हम्ममी ने इमरजेंसी क्रैश एक्स (कुल्हाड़ी) से भारतीय पायलट स्मित पर हमला किया, जिससे उनकी खोपड़ी में फ्रैक्चर हो गया और हाथों व गर्दन पर गहरे घाव आए। फ्लाइट में मौजूद इस डेंटिस्ट की लगातार 45 मिनट की कोशिशों की वजह से ही उनकी जान बच पाई।

चीख-पुकार सुनकर कॉकपिट की तरफ भागे मुसायेव

उस प्लेन में मौजूद एकमात्र डॉक्टर शोता मुसायेव ने एबीसी न्यूज से बात करते हुए पूरे घटनाक्रम को याद किया। मुसायेव ने बताया कि चीख-पुकार सुनकर वे कॉकपिट की ओर दौड़े और कैप्टन का इलाज करने से पहले हमलावर को काबू करने में मदद की। उन्होंने बताया कि स्मित की हालत को स्थिर करने के लिए जुगाड़ से बनाए गए प्रेशर ड्रेसिंग और आइस पैक का इस्तेमाल किया, क्योंकि मच्छर की पल्स कम हो गई थी।

हमलावर पर काबू पाने के बाद मूसायेव ने तुरंत अपना ध्यान पायलट की ओर लगाया, जिनके सिर, गर्दन और हाथों पर लगी चोटों से खून बह रहा था। उन्होंने कहा, "मैं सोच रहा था कि मैं इस स्थिति में सभी की मदद कैसे कर सकता हूं? मैं कैसे मदद करूं? और मैंने देखा कि एक पायलट जमीन पर पड़ा था और खून बह रहा था।"

'सिर और हाथ से बह रहा था खून'

डेंटिस्ट ने कहा, "उनके सिर और बाएं हाथ से बहुत ज्यादा खून बह रहा था।" उन्होंने बताया कि उन्होंने जख्मों को दबाने के लिए टी-शर्ट का इस्तेमाल किया, लेकिन खून बहना बंद नहीं हुआ। मुसायेव ने कहा, "उन्हें बहुत गहरे घाव लगे थे और हमें कई आइस पैकेट की जरूरत पड़ी लेकिन जब भी मैं ब्लीडिंग देखने के लिए टी-शर्ट हटाता तो खून और ज्यादा बहने लगता। इसलिए मैंने बर्फ से हल्का प्रेशर बनाए रखा। पूरे 45 मिनट तक मैंने दबाव बनाए रखा।"

उन्होंने आगे कहा, "मैंने स्मित से कहा कि प्लीज सोइए मत हमें आपकी जरूरत है। मैंने पूछा कि उनके कितने बच्चे हैं और उनके क्या नाम हैं। मैं उनसे कहता रहा कि डरो मत, तुम अपने परिवार के पास वापस जाओगे, हम जल्द ही लैंड करने वाले हैं।"

बिगड़ने लगी स्मित की हालत

मुसायेव ने बताया कि पायलट ने अपना नाम और उम्र बताई और कहा कि वह दुबई में रहते हैं और भारत से हैं। उन्होंने दर्द कम करने के लिए मदद मांगी। मुसायेव ने पायलट से कहा, "सब ठीक हो जाएगा। उन्होंने मुझसे कहा कि प्लीज मेरी मदद करो। मैं यहां मरना नहीं चाहता।"

मुसायेव ने कहा, "उन्हें बुरी तरह चोट लगी थी और वह कह रहे थे कि मेरे हाथों में गर्मी महसूस हो रही है। मैं उन्हें दिलासा देता रहा कि वह ठीक हो जाएंगे।" जब स्मित की हालत बिगड़ने लगी तो डेंटिस्ट ने उनके पैर ऊपर उठाए। डेंटिस्ट ने कहा, "एक समय उनकी पल्स बहुत कम हो गई थी, इसलिए मैंने उनके पैर ऊपर उठाए और पल्स वापस आ गई। जब मैंने देखा कि उनके होंठ नीले पड़ गए हैं तो मैंने स्टीवर्ड से कहा हमें जल्दी लैंड करना होगा। उनके पास ज्यादा समय नहीं है।"

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में स्मित को पेनकिलर मांगते हुए सुना जा सकता है। मुसायेव ने बताया कि उन्होंने उन्हें थोड़ा-थोड़ा करके पानी पिलाया, लेकिन ज्यादा ब्लीडिंग की वजह से उन्हें कोई गोली न देने का फैसला किया।

डेंटिस्ट ने बताया, "वह पीठ के बल लेटे हुए थे और मैं उन्हें उठाने से हिचकिचा रहा था क्योंकि मैं नहीं चाहता था कि दोबारा ब्लीडिंग शुरू हो जाए। उन्हें हिलाना-डुलाना या दवा देना खतरनाक हो सकता था। स्टीवर्ड उन्हें दवा देना चाहते थे, लेकिन मैं इसके लिए सहमत नहीं था।"

'उन्होंने हमारी जान बचाई और हमने उनकी'

उन्होंने बताया कि हमले के बाद लगभग 40 मिनट तक विमान हवा में रहा। सऊदी अरब पहुंचने पर मुसायेव ने कैप्टन को मौजूद डॉक्टरों को सौंप दिया और उनसे बस इतना कहा, "गुड लक, मेरे दोस्त। सब ठीक हो जाएगा।"

डेंटिस्ट ने आगे कहा, "स्मित ने हमारी जान बचाई। स्मित एक हीरो हैं और मेरे परिवार व सभी यात्रियों को बचाने के लिए उन्होंने जो कुछ भी किया, उसके लिए मैं उनका शुक्रिया अदा करता हूं। यह कर्म का फल है। उन्होंने हमारी जान बचाई और हमने उनकी जान बचाई।"

यह भी पढ़ें: ओमान और मोरक्को की एयरलाइन में जॉब पाने में रहा नाकाम, फिर फ्लाईदुबई में कैसे मिली ओमानी को-पायलट को नौकरी?