विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 10, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

गाजा में इजरायल ने बिछा दीं लाशें, खान यूनिस में किया हवाई हमला; 40 की मौत और 65 घायल

Published: Tue, 10 Sep 2024 07:53 AM (IST)Updated: Tue, 10 Sep 2024 09:21 AM (IST)

इजरायली सेना ने मंगलवार को खान यूनिस के पास बड़ा हमला किया है। चार मिसाइलों से एक कैंप को इजरायल ...और पढ़ें

गाजा में इजरायल ने की एयर स्ट्राइक।
गाजा में इजरायल ने की एयर स्ट्राइक।

HighLights

  1. इजरायली हवाई हमले में 20 टेंटों में लगी आग।
  2. चार मिसाइलों से नागरिक शिविर को उड़ाया।
  3. इजरायल ने कहा- हमास को बनाया निशाना।

एजेंसी, गाजा। गाजा में इजरायली हवाई हमले में 40 लोगों की मौत की खबर है। करीब 65 लोग घायल हैं। यह जानकारी गाजा की नागरिक सुरक्षा एजेंसी ने साझा की। मंगलवार को इजरायल ने फिलिस्तीनी क्षेत्र के दक्षिण में एक मानवीय क्षेत्र पर हमला। इजरायल की सेना का कहना है कि उसने इस क्षेत्र में हमास कमांड सेंटर को निशाना बनाया है।

यह भी पढ़ें: जॉर्डन के पूर्व सैनिक ने दहलाया इजरायल, फायरिंग में 3 को मारा, नेतन्याहू ने कई सीमाओं को किया सील

इजरायली सेना ने यह हमला गाजा के खान यूनिस शहर के अल-मवासी इलाके में किया। यह वह इलाका है जिसे इजरायल की सेना ने युद्ध शुरू होने पर सुरक्षित क्षेत्र घोषित किया था। यहां पर हजारों की संख्या में फिलिस्तीनियों ने शरण ले रखी है।

चार मिसाइलों से हमला

स्थानीय लोगों और डॉक्टरों ने कहा कि खान यूनिस के पास अल-मवासी में एक टेंट कैंप में चार मिसाइलों से हमला किया गया। यह शिविर विस्थापित फिलिस्तीनियों से भरा हुआ है। गाजा नागरिक आपातकालीन सेवा के मुताबिक 20 टेंटों में आग लग गई। इजरायली मिसाइलों ने नौ मीटर (30 फुट) तक गहरे गड्ढे बना दिए हैं। घायल 65 लोगों में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।

इजरायल ने कहा- आतंकियों को बनाया निशाना

इजरायली सेना ने कहा कि उसने खान यूनिस में मानवीय क्षेत्र के अंदर स्थित एक कमांड और नियंत्रण केंद्र के भीतर काम कर रहे हमास के आतंकवादियों पर हमला किया। हमास ने इजरायल के आरोपों से इनकार किया।

हमास बोला- यह साफ झूठ है

हमास ने एक बयान में कहा, "यह एक स्पष्ट झूठ है। इसका उद्देश्य इन घृणित अपराधों को उचित ठहराना है। हमने कई बार इनकार किया है कि उसके कोई भी सदस्य नागरिक सभाओं में मौजूद नहीं हैं। न ही इनका सैन्य उद्देश्यों से इस्तेमाल कर रहे हैं।"

युद्ध में 40 हजार से अधिक मौतें

सात अक्टूबर 2023 को हमास के आतंकियों ने इजरायल पर बड़ा हमला किया था। इसमें 1200 इजरायली की मौत हुई थी और 250 लोगों को बंधक बनाया गया था। इसके बाद इजरायल ने हमास के खिलाफ जंग का एलान किया था। गाजा पर इजरायली हमले में अब तक 40,900 से अधिक फिलिस्तीनी लोगों की जान जा चुकी है।

यह भी पढ़ें: इजरायल ने तोड़ी हिजबुल्लाह की कमर, हवाई हमले में 1000 रॉकेट लांचरों को किया नेस्तनाबूद