स्कूल के ऊपर से अमेरिकी हेलीकॉप्टरों ने भरी उड़ान, जापान ने जताई आपत्ति
अमेरिकी हेलीकॉप्टरों ने जिस स्कूल के ऊपर से उड़ान भरी, वो फुटेनमा सैन्य हवाई अड्डे से कुछ ही दूरी पर स्थित है।
रायटर, टॉकियो। जापान के ओकिनावा द्वीप के निकट स्थित स्कूल के ऊपर से गुरुवार को अमेरिकी हेलीकॉप्टरों ने उड़ान भरी। सरकार ने इस पर विरोध जताया है। जापान ने विरोध व्यक्त करते हुए कहा कि ये दोनों देशों के मध्य हुए समझौते का सीधे तौर पर उल्लंघन है। ओकिनावा द्वीप अमेरिका के अधिकार क्षेत्र में आता है।
अमेरिकी हेलीकॉप्टरों ने जिस स्कूल के ऊपर से उड़ान भरी, वो फुटेनमा सैन्य हवाई अड्डे से कुछ ही दूरी पर स्थित है। हालांकि यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी कई बार जापान अमेरिकी सैनिकों की इस क्षेत्र में गतिविधियों पर आपत्ति दर्ज करा चुका है। जापान बार-बार कहता रहा है कि सैन्य गतिविधियों के कारण कोई बड़ा हादसा भी यहां हो सकता है। बताया जा रहा है कि बीते महीने स्कूल के ग्राउंड में सैन्य विमान की एक खिड़की गिर गई थी, हालांकि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
वहीं बीते दिनों स्कूल के करीब ही दो हैलीकाप्टरों की आपात लैंडिंग से भी स्कूली बच्चे घबरा गए थे। इसके बाद भी जापान ने इस सैन्य ठिकाने के प्रभारी अमेरिकी अधिकारियों को हिदायत बरतने को कहा। जापान के रक्षा मंत्री इत्सुनोरी ओनोदिरा ने शुक्रवार को इस घटना पर विरोध जाते हुए हुए कहा कि इस ऐसी घटनाएं जिससे स्कूली बच्चों की जान खतरे में पड़ें, वो स्वीकार्य नहीं है और हम अमेरिका से आग्रह करते हैं कि वह एहतियात बरते।
इस मामले में अमेरिकी सैनिकों की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि हेलीकॉप्टरों के पायलटों को स्कूल के बारे में पूरी जानकारी थी और स्कूल को बचाने का प्रयास किया गया।
यह भी पढ़ें: विवादित द्वीप के नजदीक चीन के जहाज पर जापान ने जताया विरोध