विवादित द्वीप के नजदीक चीन के जहाज पर जापान ने जताया विरोध
जापान के मुख्य कैबिनेट सचिव ने कहा कि हमारा चीन से आग्रह है कि वह सुधरते आपसी संबंधों में किसी तरह की दखलअंदाजी न करे।
टोक्यो, रायटर। जापान ने पूर्व चीन सागर में विवादित द्वीप के नजदीक चीन के सैन्य जहाज देखे जाने पर गुरुवार को चीन से विरोध जताया है।
जापान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि चीनी जहाज जापान के क्षेत्र के समीप द्वीप के आसपास देखा गया। हालांकि वह जापान के जल क्षेत्र में नहीं आया। उसने कहा कि एक विदेशी पनडुब्बी को भी उस क्षेत्र में बुधवार और गुरुवार को देखा गया। दोनों गुरुवार दोपहर तक लौट गए। यह नहीं बताया कि ये किस देश के थे।
जापान के मुख्य कैबिनेट सचिव ने कहा कि हमारा चीन से आग्रह है कि वह सुधरते आपसी संबंधों में किसी तरह की दखलअंदाजी न करे। बिना आबादी वाले इस द्वीप को लेकर लंबे समय से दोनों देशों के बीच विवाद है। इस पर जापान का नियंत्रण है, लेकिन चीन भी इस पर दावा करता है। इसे जापान में सेनकाकू और चीन में दियाओयू के नाम से जाना जाता है।
यह भी पढ़ें: अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन में शामिल हो सकता है जापान भी