विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Live Updates: 'विश्व शांति बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी', पुतिन और चिनफिंग के साथ बैठक में बोले ट्रंप

Published: Thu, 19 Nov 2026 02:42 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 19 Nov 2026 03:04 PM (GMT+05:30)

चीन के शेनझेन में ट्रंप, पुतिन और चिनफिंग के बीच त्रिपक्षीय वार्ता शुरू हुई, जिसमें परमाणु निरस्त्रीकरण पर चर्चा हुई।

ट्रंप-पुतिन और चिनफिंग के बीच त्रिपक्षीय वार्ता (फोटो-एएनआइ)

ट्रंप-पुतिन और चिनफिंग के बीच त्रिपक्षीय वार्ता (फोटो-एएनआइ)

HighLights

  1. ट्रंप, पुतिन और चिनफिंग के बीच त्रिपक्षीय वार्ता शुरू हुई।

  2. परमाणु निरस्त्रीकरण की कठिनाई पर ट्रंप ने जोर दिया।

  3. ट्रंप ने पुतिन से मुलाकात पर सकारात्मक उम्मीद जताई।

डिजिटल डेस्क, बीजिंग। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच त्रिपक्षीय वार्ता शुरू हो गई है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने आज गुरुवार को परमाणु निरस्त्रीकरण की कठिनाई पर जोर देते हुए कहा कि जिन देशों के पास परमाणु हथियार आ जाते हैं, उनके लिए उन्हें छोड़ना लगभग नामुमकिन होता है।

ट्रंप ने यह बात चीन के शेनझेन में APEC शिखर सम्मेलन के दौरान आयोजित एक त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग को संबोधित करते हुए कही। व्लादिमीर पुतिन के साथ अपनी मुलाकात के दौरान, ट्रंप ने बातचीत के नतीजों को लेकर सकारात्मक उम्मीद जताई।

अमेरिका-रूस और चीन के बीच पहली त्रिपक्षीय बैठक

ट्रंप ने अमेरिका, रूस और चीन के नेताओं के बीच हुई पहली त्रिपक्षीय बैठक को एक ऐतिहासिक पल बताया। ट्रंप ने कहा, 'मुझे खुशी है कि इस यात्रा ने हमें अमेरिका, रूस और चीन के नेताओं के बीच पहली त्रिपक्षीय बैठक का मौका दिया है। आज, इस लिहाज से - और मुझे लगता है कि कई अन्य मायनों में भी - हम सच में इतिहास रच रहे हैं।'

ट्रंप ने आगे कहा, 'हम तीनों के पास चर्चा करने के लिए बहुत कुछ है और हम काफी बातचीत कर भी चुके हैं। दुनिया के तीन सबसे बड़े देशों के राष्ट्रपतियों के तौर पर, हमारी एक खास जिम्मेदारी है कि हम उन मुद्दों पर खुली, सम्मानजनक और सार्थक बातचीत जारी रखें, जिनका असर न सिर्फ हमारे अपने लोगों पर, बल्कि पूरी दुनिया पर पड़ता है।'

ट्रम्प ने इन तीनों बड़ी ताकतों के बीच सहयोग का आह्वान करते हुए कहा, 'अमेरिका, चीन और रूस को विश्व शांति और स्थिरता की रक्षा करनी चाहिए।' उन्होंने कहा कि देशों को अपने मतभेदों को सुलझाने के लिए बातचीत का सहारा लेना चाहिए और एक सुरक्षित भविष्य के लिए नए अवसरों की तलाश करनी चाहिए।

विरोध के बावजूद बातचीत के लिए तैयार

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि उनका प्रशासन असहमति के बावजूद अन्य देशों के साथ बातचीत करने में विश्वास रखता है।

ट्रंप ने कहा, 'अक्सर ऐसा होता था कि पुराने नेता उन देशों से बातचीत करने से बचते थे, जिनके साथ उनके मतभेद थे। हम इसके बिल्कुल उलट सोचते हैं।'

ट्रंप ने यूक्रेन और ईरान में चल रहे युद्धों, परमाणु हथियारों पर नियंत्रण और वैश्विक व्यापार को लेकर तनाव के बीच प्रमुख शक्तियों के बीच बातचीत की वकालत की।

पुतिन से मुलाकात का बेसब्री से इंतजार

पुतिन का स्वागत करते हुए ट्रंप ने कहा, 'हम अपनी इस मुलाकात का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। हमारे बीच कई सालों से बहुत अच्छे संबंध रहे हैं। हम एक-दूसरे को लंबे समय से जानते हैं। मुझे लगता है कि इससे बहुत कुछ अच्छा निकल सकता है, या कम से कम इसकी शुरुआत तो हो ही सकती है।'

ट्रंप ने पुतिन से मुलाकात पर आगे कहा था, 'मुझे यकीन है कि इससे कुछ अच्छा जरूर निकलेगा। जैसा कि आप जानते हैं, हमारी एक दूसरी मुलाकात भी होगी। लेकिन अभी हम इस पर बात करेंगे, और यह बहुत अच्छी रहने वाली है।'

यह भी पढ़ें- 'चीन से आने वाली हर खूबसूरत महिला को जासूस मान लिया जाता है', जेनसन हुआंग के अफेयर विवाद पर बोले ट्रंप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।