विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चीन का इलेक्ट्रिक विमान: टर्बाइन फ्यूल की जरूरत नहीं, बैठ सकते हैं 19 यात्री; जानिए कितनी है रफ्तार

Published: Sun, 15 Nov 2026 05:38 PM (IST)

चीन ने पहली बार 19 सीटों वाले इलेक्ट्रिक यात्री विमान CE-25A की सफल उड़ान भरी है, जो कमर्शियल एविएशन में ...और पढ़ें

HighLights

  1. चीन ने 19 सीटों वाले इलेक्ट्रिक यात्री विमान की सफल उड़ान भरी।

  2. CE-25A विमान 300 किमी/घंटा की रफ्तार से 400 किमी तक उड़ सकता है।

  3. कॉमर्शियल एयरक्राफ्ट कॉरपोरेशन ऑफ चाइना (COMAC) ने इसे विकसित किया।

डिजिटल डेस्क, बीजिंग। चीन ने पहली बार 19 सीटों वाले इलेक्ट्रिक यात्री विमान की सफल उड़ान भरी है। यह कदम कमर्शियल एविएशन में बैटरी से चलने वाले विमानों को लाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। 10 टन वजनी CE-25A विमान, जो 300 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से उड़ सकता है, ने 14 नवंबर को शेडोंग प्रांत में पायलट के साथ अपनी पहली उड़ान पूरी की। इस दौरान विमान में तीन क्रू सदस्य सवार थे।

चीन की सरकारी कंपनी कमर्शियल एयरक्राफ्ट कॉरपोरेशन ऑफ चाइना द्वारा विकसित यह विमान 400 किमी तक की दूरी तक यात्रियों को ले जाने के लिए डिजाइन किया गया है।

शिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, COMAC ने बताया कि है कि टेस्ट के दौरान विमान ने सामान्य रूप से काम किया और इसके सभी परफॉरमेंस इंटिकेटर उम्मीदों के अनुरूप रहे।

16 मिनट और 38 सेकंड तक हवा में रहा विमान

चीन के सरकारी ब्रॉडकास्टर CCTV के अनुसार, यह उड़ान परीक्षण 57 मिनट और 46 सेकंड तक चला। इसमें विमान 16 मिनट और 38 सेकंड तक हवा में रहा और उसने 60.6 किलोमीटर की दूरी तय की। इस विमान में दो पायलट और एक फ्लाइट-टेस्ट इंजीनियर सवार थे। यह परीक्षण 2 फरवरी, 2026 को हुई पहली मानरह्त स्वायत्त उड़ान और विकास कार्यक्रम के तहत किए गए 19 मानवरहित उड़ान अभ्यासों के बाद किया गया।

पारंपरिक यात्री विमानों के उलट, जो ईंधन से चलने वाले जेट इंजन या टर्बोप्रॉप इंजन पर निर्भर होते हैं, CE-25A में डिस्ट्रीब्यूटेड इलेक्ट्रिक डक्टेड-फैन प्रोपल्शन सिस्टम का उपयोग किया गया है। इसके पंखों पर लगे कई इलेक्ट्रिक फैन विमान को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी थ्रस्ट पैदा करते हैं। ये फैन इलेक्ट्रिक मोटरों से चलते हैं, जो विमान की बैटरी सिस्टम से ऊर्जा लेते हैं।

यह 'डिस्ट्रीब्यूटेड' सिस्टम प्रोपल्शन को केवल एक जगह केंद्रित करने के बजाय पूरे पंखों पर फैला देती है। इससे इंजीनियरों को इलेक्ट्रिक विमानों के लिए अलग-अलग एयरोडायनामिक और प्रोपल्शन कॉन्फिगरेशन आजमाने का मौका मिलता है। हालांकि, इसकी वास्तविक कार्यक्षमता और प्रदर्शन के फायदों को आगे के परीक्षणों के जरिए ही साबित किया जा सकेगा।

CE-25A के बारे में

COMAC द्वारा चीनी बैटरी निर्माता CATL, शंघाई जिओ टोंग यूनिवर्सिटी और अन्य साझेदारों के सहयोग से विकसित, CE-25A को कम दूरी के क्षेत्रीय यात्री परिवहन के लिए डिजाइन किया गया है। यह कार्यक्रम एक बड़ा इलेक्ट्रिक कमर्शियल विमान विकसित करने के लिए विमान निर्माण, बैटरी तकनीक और शैक्षणिक अनुसंधान को एक साथ लाता है।

इसकी मुख्य विशेषताओं में 10 टन का अधिकतम टेकऑफ वजन, 19 यात्रियों की क्षमता, 300 kmph की क्रूजिंग स्पीड, 2,400 मीटर की क्रूजिंग ऊंचाई और 400 km की रेंज शामिल है।

इस विमान को चीन के CCAR-25 ट्रांसपोर्ट-श्रेणी के एयरवर्थनेस नियमों के तहत विकसित किया जा रहा है। चीन के नागरिक उड्डयन प्रशासन ने इसके 'टाइप सर्टिफिकेट' के आवेदन को स्वीकार कर लिया है, जो भविष्य में कमर्शियल संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

CE-25A का विकास चीन के उन प्रयासों में एक अहम कदम है, जिनका लक्ष्य इलेक्ट्रिक विमानन को छोटे प्रायोगिक विमानों से आगे ले जाकर कमर्शियल यात्री परिवहन की ओर बढ़ाना है।

यह भी पढ़ें- चीन की कंपनी ने उड़ाए होश! पेश की 650cc की दमदार स्पोर्ट्स बाइक, 108.7hp की पावर समेत मिलेंगे आगे-पीछे कैमरा

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।