विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एनवीडिया के CEO जेनसन हुआंग विवाद पर भड़का चीन, अमेरिका को दी चेतावनी; कहा- बहाने बनाना बंद करो

Published: Fri, 13 Nov 2026 07:03 PM (IST)

एनवीडिया के CEO जेनसन हुआंग के इस्तीफे और चीनी जासूसी विवाद ने अमेरिका-चीन तकनीकी तनाव बढ़ा दिया है। चीन ने ...और पढ़ें

जेनसन हुआंग विवाद पर चीन ने अमेरिका को दी चेतावनी

जेनसन हुआंग विवाद पर चीन ने अमेरिका को दी चेतावनी

HighLights

  1. एनवीडिया सीईओ जेनसेन हुआंग ने चीनी जासूसी विवाद के बाद इस्तीफा दिया।

  2. चीन ने अमेरिका को तकनीकी निर्यात प्रतिबंधों पर सख्त चेतावनी दी।

  3. विवाद से वैश्विक शेयर बाजार और अमेरिका-चीन व्यापारिक शांति प्रभावित।

डिजिटल डेस्क, बीजिंग। एनवीडिया के CEO जेनसेन हुआंग के इस्तीफे और कथित चीनी जासूसी विवाद ने अमेरिका और चीन के बीच तकनीकी और कूटनीतिक तनाव को फिर से भड़का दिया है।

फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, चीन ने अमेरिका को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि वह एनवीडिया के पूर्व CEO जेनसेन हुआंग के एक कथित चीनी जासूस के साथ संबंधों का इस्तेमाल, महत्वपूर्ण तकनीकों पर निर्यात प्रतिबंधों को और कड़ा करने के बहाने के रूप में न करे।

बीजिंग में पत्रकारों से बात करते हुए चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा, 'अमेरिका को तकनीकी नाकेबंदी लागू करने के बहाने खोजने के लिए जासूसी की मनगढ़ंत कहानियां बनाना बंद कर देना चाहिए।'

उन्होंने जोर देकर कहा कि चीन की तकनीकी प्रगति स्वतंत्र नवाचार और खुले सहयोग पर निर्भर है और बीजिंग अमेरिका के साथ एक रचनात्मक रणनीतिक स्थिरता बनाने के लिए तैयार है

एनीविडिया के CEO पद से हुआंग का इस्तीफा

चीनी विदेश मंत्रालय का यह बयान जेनसेन हुआंग के इस्तीफे के कुछ घंटे पहले आया। 1993 में एनवीडिया की सह स्थापना करने वाले और कंपनी को AI की दुनिया के शीर्ष पर पहुंचाने वाले हुआंग ने गुरुवार, 12 नवंबर को अध्यक्ष, CEO और बोर्ड के सदस्य के पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया।

रविवार, 8 नवंबर को, हुआंग ने स्वीकार किया कि उनका एलिस हुआंग के साथ उनका अफेयर था। एलिस हुआंग, सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर फर्म 'मेगास्पीड' की पूर्व कार्यकारी अधिकारी रही हैं।

खबरों के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों को शक है कि वह चीन के लिए जासूसी कर रही थीं। बुधवार को आई नई रिपोर्टों में कहा गया है कि उनके एनवीडिया में काम करने वाली एक विवाहित हेल्थकेयर कार्यकारी के साथ भी संबंध थे, जो सीधे उनके अधीन काम करती थीं। एनवीडिया की घोषणा में उनके पद छोड़ने का कोई कारण नहीं बताया गया है।

ट्रेड ट्रूस' पर मंडराया खतरा

इस घोटाले ने दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच बनी नाजुक व्यापारिक शांति (ट्रेड ट्रूस) को खतरे में डाल दिया है। अगले हफ्ते चीन के शेन्जेन में एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन शिखर सम्मेलन होने जा रहा है, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प और चीनी राष्ट्रपति शी चिनपिंग की मुलाकात की उम्मीद है।

इस हफ्ते वाशिंगटन ने बीजिंग को चेताया है कि उसे पिछले साल दक्षिण कोरिया में नेताओं के बीच हुए समझौते की शर्तों को पूरा करना होगा, जिसकी अवधि 10 जनवरी को समाप्त हो रही है।

वाशिंगटन में कट्टरपंथियों को मिला नया हथियार-विशेषज्ञ

अंतरराष्ट्रीय मामलों के जानकारों का मानना है कि विवाद का सीधा असर अमेरिका की निर्यात नीति पर पड़ेगा। नानजिंग यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञ झू फेंग के अनुसार, ट्रम्प के विरोधी इस विवाद का इस्तेमाल उनकी चीन नीति को कमजोर दिखाने के लिए कर सकते हैं।

वहीं, चीनी थिंक-टैंक के विद्वानों को आशंका है कि इससे वाशिंगटन के 'हॉक्स' को निर्यात पर और सख्त पाबंदियां लगाने का मौका मिल जाएगा। लोम्बार्ड ओडियर के सीनियर मैक्रो रणनीतिकार होमिन ली का कहना है कि चीनी उद्योग AI मॉडल बनाने के लिए अब भी एनवीडिया की चिप्स और इसके 'कुडा' (Cuda) सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म पर काफी निर्भर हैं।

हालांकि, अगर चीनी इकोसिस्टम पूरी तरह अमेरिका से अलग हो जाता है, तो लंबे समय में यह खुद एनवीडिया के लिए भी एक बड़ा खतरा साबित होगा।

शेयर बाजार में मचा हड़कंप

इस पूरे विवाद का सीधा असर वैश्विक शेयर बाजार पर भी देखने को मिला है। एनवीडिया चिप्स पर निर्भर रहने वाली चीनी टेक कंपनियों के शेयरों में गुरुवार को भारी गिरावट दर्ज की गई।

अलीबाबा के शेयरों में 6.8% की गिरावट आई। हांगकांग में लिस्टेड AI मॉडल प्रदाता कंपनियों - Z.ai और मिनीमैक्स के शेयरों में क्रमशः 9% से ज्यादा और लगभग 8% की गिरावट देखी गई।

AIStockWire के अनुसार, बाजार खुलने के बाद एनवीडिया के अपने शेयरों में भी 13.4% की गिरावट आई।

यह भी पढ़ें- व्यापार युद्ध जीत चुका चीन क्या अब AI की जंग भी जीतेगा? जानिए इस प्रतिस्पर्धा में कैसे फिट बैठते हैं एनवीडिया और हुआंग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।