विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग से जुड़े विवाद पर भड़का चीन, अमेरिका पर मनगढ़ंत कहानी बनाने का लगाया आरोप

Published: Thu, 12 Nov 2026 04:40 PM (IST)

चीन ने एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग को कथित चीनी जासूस से जोड़ने वाली अमेरिकी रिपोर्टों का खंडन किया है।

एनवीडिया के CEO से जुड़े विवाद पर चीन का अमेरिका को जवाब (फोटो- सोशल मीडिया)

एनवीडिया के CEO से जुड़े विवाद पर चीन का अमेरिका को जवाब (फोटो- सोशल मीडिया)

HighLights

  1. चीन ने एनवीडिया सीईओ जासूसी रिपोर्टों को मनगढ़ंत बताया।

  2. अमेरिका पर तकनीकी प्रतिबंधों के लिए कहानियां गढ़ने का आरोप।

  3. एनवीडिया बोर्ड ने सीईओ के खिलाफ जांच शुरू की।

डिजिटल डेस्क, बीजिंग। एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग को एक कथित चीनी महिला जासूस से जोड़ने वाली अमेरिकी रिपोर्टों पर चीन ने कड़ा पलटवार किया है। बीजिंग ने वाशिंगटन पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि अमेरिका तकनीकी प्रतिबंधों को सही ठहराने के लिए जासूसी की मनगढ़ंत कहानियां गढ़ रहा है।

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार को एक प्रेस ब्रीफिंग में चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा, 'चीन अमेरिका से आग्रह करता है कि वह इस तरह की जासूसी की मनगढ़ंत कहानियां बनाना बंद करें और इनका इस्तेमाल तकनीकी प्रतिबंध लगाने के बहाने के तौर पर न करे।'

'तकनीकी प्रगति स्वतंत्र नवाचार का परिणाम'

प्रवक्ता माओ निंग ने स्पष्ट किया कि चीन की वैज्ञानिक और तकनीकी प्रगति स्वतंत्र नवाचार और खुले सहयोग का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि बीजिंग दोनों देशों के नेताओं के बीच बनी सहमति को लागू करने के लिए वाशिंगटन के साथ मिलकर काम करने को तैयार है।

इससे पहले सोमवार को भी चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने इन दावों को आधारहीन करार देते हुए कहा था कि यह चीन को बदनाम करने की एक कोशिश मात्र है।

क्या है पूरा मामला?

हालिया अमेरिकी रिपोर्ट्स में एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग का नाम एलिस हुआंग नाम की एक चीनी बिजनेसवुमन से जोड़ा गया है। अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को संदेह है कि वह महिला बीजिंग के लिए काम करती है।

मामला सामने आने के बाद एनवीडिया के निदेशक मंडल ने इस बात की स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है कि क्या जेन्सेन हुआंग को किसी विदेशी खुफिया अभियान के तहत निशाना बनाया गया था।

विवाद के बीच जेन्सेन हुआंग ने कर्मचारियों को भेजे एक आंतरिक संदेश में स्वीकार किया कि उन्होंने अपनी पत्नी के साथ बेवफाई की है, हालांकि उस महिला की पहचान उजागर नहीं की।

राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई नुकसान नहीं: एनवीडिया

एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग ने कहा है कि वे बोर्ड की जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं और अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं। वहीं, एनवीडिया प्रबंधन ने भी स्पष्ट किया है कि कंपनी के पास ऐसा मानने का कोई कारण नहीं है कि किसी भी प्रकार की संवेदनशील राष्ट्रीय सुरक्षा जानकारी या कंपनी के व्यापारिक रहस्य लीक हुए हैं।

यह भी पढ़ें- एनवीडिया CEO से अफेयर विवाद के बीच बीजिंग लौटी चीनी जासूस, हुआंग की कुर्सी पर मंडराया संकट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।