विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

100 खुफिया रिपोर्ट लीक और 1.5 लाख डॉलर की रिश्वत... चीन में जासूसी के लिए अधिकारी को मिली मौत की सजा

Published: Tue, 24 Nov 2026 07:58 AM (GMT+05:30)

चीन में एक सरकारी अधिकारी को विदेशी खुफिया एजेंसी को गुप्त दस्तावेज लीक करने और रिश्वत लेने के आरोप में मौत की सजा सुनाई गई है। 

विदेशी हैंडलर को सौंपी खुफिया रिपोर्ट तो चीन ने अधिकारी सुनाई मौत की सजा। (एआई द्वारा निर्मित फोटो।)

विदेशी हैंडलर को सौंपी खुफिया रिपोर्ट तो चीन ने अधिकारी सुनाई मौत की सजा। (एआई द्वारा निर्मित फोटो।)

HighLights

  1. चीनी अधिकारी को जासूसी के आरोप में मौत की सजा।

  2. विदेशी एजेंसी को 100 से अधिक खुफिया रिपोर्ट लीक कीं।

  3. अधिकारी ने 1.5 लाख डॉलर से अधिक की रिश्वत ली।

डिजिटल डेस्क, बीजिंग। चीन ने एक सरकारी अधिकारी को मौत की सजा सुनाई है। आरोप है कि विदेश में तैनात रहने के दौरान उसे एक विदेशी खुफिया एजेंसी ने अपने साथ मिला लिया था, जिसके बाद उसने देश के गुप्त दस्तावेज विदेशी एजेंसी को सौंप दिए।

चीन के एक सरकारी सोशल मीडिया अकाउंट पर छपी रिपोर्ट के अनुसार, 'मा' सरनेम वाले एक अधिकारी ने चीन लौटने के बाद अपने विदेशी हैंडलर को कथित तौर पर 100 से ज्यादा खुफिया रिपोर्ट भेजीं। इनमें से 35 को बाद में राज्य के गोपनीय दस्तावेज के रूप में वर्गीकृत किया गया।

1.5 लाख डॉलर की रिश्वत लेने का भी आरोपी

रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, अपनी इन गतिविधियों के लिए उसे 10 लाख युआन (150,000 डॉलर) से अधिक की रकम मिली। रिपोर्ट में इसे एक लंबे समय से चल रहा अभियान बताया गया है।

यह रिपोर्ट बाओमिगुआन (Baomiguan) नाम के एक अकाउंट द्वारा प्रकाशित की गई थी, जिसकी देखरेख चीन का नेशनल एडमिनिस्ट्रेशन ऑफ स्टेट सीक्रेट्स प्रोटेक्शन करता है। रिपोर्ट में बताया गया है कि एक अज्ञात अदालत ने मा (Ma) को मौत की सजा सुनाई है और उसकी सारी निजी संपत्ति जब्त करने का आदेश दिया है।

कई पहेलियां अनसुलझी

हालांकि, रिपोर्ट में उस संगठन का नाम नहीं बताया गया है जिसके लिए 'मा' काम करता था और न ही उस विदेशी खुफिया एजेंसी का जिक्र है जो इसमें शामिल थी। इसमें यह भी नहीं बताया गया है कि उसे कब गिरफ्तार किया गया या कब सजा सुनाई गई, कितने समय से जासूसी करा रहा था या क्या उन्हें मौत की सजा दी जा चुकी है।

रॉयटर्स ने कहा कि वह इस रिपोर्ट की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका। इस मामले को चीनी सरकारी मीडिया ने काफी प्रचारित किया और सोमवार सुबह यह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वीबो (Weibo) पर सबसे ज्यादा ट्रेंड करने वाला विषय बन गया।

एमएसएस ने बढ़ाया सोशल मीडिया का इस्तेमाल

चीन के सरकारी गोपनीयता नियामक और देश की मुख्य खुफिया व जासूसी-रोधी एजेंसी मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी (MSS) ने अधिकारियों को विदेशी सरकारों के लिए मुखबिर या जासूस बनने के खिलाफ चेतावनी देने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल बढ़ा दिया है।

एमएसएस नियमित रूप से उन अधिकारियों के मामले भी सार्वजनिक करती है, जिन पर जासूसी का आरोप होता है। इन रिपोर्टों में अक्सर ऐसे मामलों का जिक्र होता है, जिनमें अधिकारियों को निजी संबंधों, पैसों के लालच या दबाव के जरिए जासूसी के लिए तैयार किया गया। इनमें से कई मामलों में जेल की सजा होती है तो कुछ में मौत की सजा तक मिल सकती है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार की एक पोस्ट में कहा गया है कि छिपे मोर्चे पर संघर्ष कभी नहीं रुका है और खुफिया एजेंसियों के तरीके लगातार अधिक कपटपूर्ण होते जा रहे हैं।

इसमें अधिकारियों से कहा गया है कि वे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े खतरों को लेकर सतर्क रहें, पार्टी के अनुशासन और गोपनीयता के प्रति जागरूकता को मजबूत करें, कार्यस्थल के नियमों का पालन करें और खुद को किसी के निशाने पर आने या शोषण का शिकार होने से बचाएं।

यह रिपोर्ट तब आई है जब अमेरिकी सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी (CIA) ने 2025 और 2026 में कुछ वीडियो जारी किए, जिनका मकसद चीन के नौकरशाही और सेना के भीतर से मुखबिर खोजना था। इन वीडियो में चीनी भाषा में निर्देश दिए गए थे कि एजेंसी के साथ सुरक्षित संपर्क कैसे स्थापित किया जाए। बीजिंग ने इन्हें सीआईए की उन कोशिशों का ठोस सबूत बताया, जिनके जरिए वह दूसरे देशों के रहस्य हासिल करने की कोशिश कर रही थी।

यह भी पढ़ें: अमेरिकी सरकार के सीक्रेट चुराने के लिए चीनी जासूसों की नई चाल, लिंक्डइन पर फैला रहे फर्जी नौकरियों का जाल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।