कौन है चीनी महिला एलिस हुआंग? जिसने Nvidia के CEO जेनसेन को हनीट्रैप में फंसाया
एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग ने एक संदिग्ध चीनी जासूस एलिस हुआंग के साथ अपने संबंध स्वीकार किए हैं। एलिस ...और पढ़ें

चीनी महिला एलिस हुआंग ने Nvidia के CEO जेनसेन को हनीट्रैप में फंसाया(फोटो: सोशल मीडिया)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और सेमीकंडक्टर की दुनिया की सबसे बड़ी चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग ने एक संदिग्ध चीनी जासूस के साथ अपने अफेयर की बात स्वीकार कर ली है।
इस चौंकाने वाले खुलासे के बाद एनवीडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने पूरे मामले की स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की हालिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि जिस चीनी कारोबारी महिला के साथ हुआंग के बेहद करीबी संबंध थे, वह वास्तव में चीनी खुफिया एजेंसी की एक इंटेलिजेंस एसेट थी।
इस गंभीर राष्ट्रीय सुरक्षा और कॉर्पोरेट संकट के बीच कंपनी बोर्ड इस बात का पता लगा रहा है कि क्या इस रिश्ते के जरिए अमेरिकी तकनीक से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां लीक हुई हैं।
चिप्स निर्यात पर असर डालने की साजिश
द न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, 63 वर्षीय ताइवान मूल के अमेरिकी उद्योगपति जेनसेन हुआंग का संबंध एलिस हुआंग से था। सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड की पूर्व शीर्ष अधिकारी एलिस का जेनसेन हुआंग से कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं है।
हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों की पहली मुलाकात कब हुई, लेकिन जून 2024 में उन्हें पहली बार ताइपे के एक बार में जेनसेन के बगल में बैठे देखा गया था। उसी दौरान उनकी कंपनी मेगास्पीड ने एनवीडिया से अरबों डॉलर की उन्नत एआई चिप्स खरीदना शुरू किया था।
इसके बाद मई में एलिस को ताइपे के एक रेस्तरां के बाहर फिर से जेनसेन हुआंग के पीछे खड़े देखा गया। तब तक अमेरिकी प्रशासन की नजर मेगास्पीड के सौदों पर पड़ चुकी थी।
अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट और गोपनीय दस्तावेजों के अनुसार, चीन के राज्य सुरक्षा मंत्रालय (एमएसएस) ने एलिस हुआंग को जेनसेन हुआंग से खुफिया जानकारियां जुटाने और चीन को एनवीडिया की सबसे आधुनिक चिप्स बेचने के लिए दबाव बनाने के मकसद से तैयार किया था।
गौरतलब है कि जो बाइडन प्रशासन ने चीन को उन्नत चिप्स की बिक्री पर कड़े प्रतिबंध लगाए थे, जबकि डोनल्ड ट्रंप के सत्ता में आने के बाद जेनसेन हुआंग ने इन कड़े नियमों में ढील देने की वकालत की थी।
कौन हैं एलिस हुआंग उर्फ हुआंग ले?
चीनी नागरिक एलिस हुआंग को हुआंग ले के नाम से भी जाना जाता है। एक चीनी निजी फंड डेटाबेस में उनके प्रोफाइल के अनुसार, वह पूर्व में टीवी पत्रकार रही हैं और उन्होंने हुनान टीवी व सरकारी प्रसारक सीसीटीवी में काम किया है।
इसके अलावा उनके प्रोफाइल में एचएसबीसी के प्राइवेट बैंकिंग डिवीजन के अध्यक्ष की सहायक और सीआईटीआईसी सिक्योरिटीज में उपाध्यक्ष रहने का भी दावा किया गया है।
द न्यूयॉर्क पोस्ट के अनुसार, हुनान टीवी के एक अधिकारी ने उनके बारे में कभी सुनने से इनकार किया और सीसीटीवी की वेबसाइट पर भी उनका कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। चीनी निवेश दस्तावेजों से पता चलता है कि वह शंघाई हेक्सी इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट में भी निदेशक रही हैं, जिसका संबंध चीनी गेमिंग कंपनी 7Road से था।
इसी कंपनी से जुड़ी मेगास्पीड को 2023 में बनाया गया था। चीन से जुड़ी कंपनियों के इस जाल के केंद्र में मौजूद मेगास्पीड पिछले दो वर्षों में एनवीडिया से 4.8 अरब डॉलर से अधिक की आधुनिक चिप्स खरीद चुकी है।
ट्रंप और अमेरिकी प्रशासन का रुख
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने इस पूरे मामले को काफी जटिल बताया है। जेनसेन हुआंग राष्ट्रपति की विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सलाहकार परिषद के सदस्य हैं, ट्रंप उन्हें एक बेहद होशियार उद्योगपति बताते रहे हैं।
31 अक्टूबर को संवाददाताओं से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि मैंने हमेशा जेनसेन हुआंग को बेहद ईमानदार और साफ-सुथरा पाया है। उन्होंने यह भी कहा कि उनका प्रशासन इस मामले की बारीकी से जांच करेगा।
दूसरी ओर, पेरिस में जी-7 की बैठक के लिए रवाना होते समय अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इस मामले पर सीधे बोलने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि मामले की संवेदनशीलता और एनवीडिया के आंतरिक कॉर्पोरेट जांच के चलते वह इस पर कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं कर सकते।
एनवीडिया का रिकॉर्ड कारोबार और चिप वर्चस्व
विश्व की सबसे मूल्यवान कंपनी एनवीडिया पिछले तीन वर्षों में एआई क्रांति की रीढ़ बनकर उभरी है और इसने लगातार वॉल स्ट्रीट के अनुमानों से बेहतर वित्तीय नतीजे दिए हैं।
कैलिफोर्निया के सांता क्लारा स्थित इस कंपनी ने हाल ही में अगस्त में 59.69 अरब डॉलर का भारी-भरकम तिमाही मुनाफा दर्ज किया था। ऐसे समय में कंपनी के शीर्ष नेतृत्व से जुड़ा यह जासूसी विवाद वैश्विक तकनीकी और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।