पाकिस्तान की इंटरनेशनल फजीहत: युद्धविराम पर शाहबाज ने किया था दावा; वेंस ने दिखाया आईना
पाकिस्तानी पीएम शाहबाज शरीफ के लेबनान को सीजफायर में शामिल बताने के दावे को अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने खारिज कर दिया है।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस(फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया के मौजूदा तनावपूर्ण माहौल में पाकिस्तान की ओर से सीजफायर को लेकर किए जा रहे दावों पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने मात्र एक दिन पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दावा किया था कि हालिया सीजफायर में लेबनान भी शामिल है। लेकिन अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने इसे पूरी तरह खारिज कर दिया है।
वेंस ने बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत में साफ कहा, “मुझे लगता है कि यह एक गलतफहमी से उपजा है। मुझे लगता है कि ईरानियों ने सोचा कि सीजफायर में लेबनान शामिल है, लेकिन ऐसा नहीं था। हमने कभी ऐसा वादा नहीं किया था।'' शरीफ के दावे और अमेरिकी बयान के बीच इस स्पष्ट विरोधाभास ने पाकिस्तान की कूटनीतिक भूमिका पर सवालिया निशान लगा दिया है।
इस्लामाबाद में पश्चिम एशिया सीजफायर पर चर्चा
हालांकि, इसके बावजूद इस हफ्ते शनिवार को पाक की राजधानी इस्लामाबाद में पश्चिम एशिया सीजफायर पर आगे की वार्ता को लेकर बैठक की तैयारियां चल रही हैं। माना जा रहा है कि यह बैठक ही तय करेगा कि पश्चिम एशिया में अस्थाई या स्थाई शांति स्थापित हो पाती है या नहीं।
पाकिस्तान सरकार ने पिछले हफ्तों में बार-बार यह प्रचारित किया था कि इस्लामाबाद की मध्यस्थता से पश्चिम एशिया में सीजफायर संभव हुआ है और लेबनान सहित पूरे क्षेत्र को इसका लाभ मिलेगा।
अब वेंस के बयान से साफ हो गया है कि लेबनान कभी भी किसी औपचारिक सीजफायर समझौते का हिस्सा नहीं रहा। यह विवाद उस व्यापक संदर्भ में आया है जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने को लेकर ईरान और अमेरिका के बीच गहरे मतभेद बने हुए हैं।
क्षेत्रीय तेल आपूर्ति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण इस जलडमरूमध्य को लेकर दोनों देशों के रुख में कोई आम सहमति नहीं बन पाई है, जिससे वैश्विक ऊर्जा बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है।
पाकिस्तान का दावा
पाकिस्तान ने इस मुद्दे पर भी अपनी “सक्रिय भूमिका'' का दावा किया था, लेकिन वास्तविक बातचीत अमेरिका और ईरान के बीच ही हो रही है। यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान के क्षेत्रीय शांति दावों को प्रमुख शक्तियों ने खारिज किया हो।
गाजा सीजफायर में पाकिस्तान की भूमिका
गाजा संघर्ष के दौरान पाकिस्तान ने इस्लामिक देशों के संगठन ओआइसी के मंच से लगातार “सीजफायर कराने'' की अपनी भूमिका पर जोर दिया था, लेकिन वॉशिंगटन और अन्य यूरोपीय देशों ने इसे कभी औपचारिक मान्यता नहीं दी।
इसी तरह यमन में हूती विद्रोहियों के मुद्दे पर पाकिस्तानी अधिकारियों ने शांति प्रयासों का जिक्र किया, पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सऊदी अरब-ईरान समन्वय या अमेरिकी कूटनीति को ही निर्णायक माना गया।
छवि को मजबूत करने की कोशिश में पाकिस्तान
कूटनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि पाकिस्तान घरेलू राजनीति और मुस्लिम दुनिया में अपनी छवि को मजबूत करने के लिए ऐसे बयान जारी करता रहा है, लेकिन वास्तविकता में पश्चिम एशिया के शांति प्रयासों में निर्णायक भूमिका अमेरिका, ईरान, सऊदी अरब और इजरायल जैसे प्रमुख खिलाडि़यों के हाथ में ही रही है।
वेंस का बयान स्पष्ट संकेत देता है कि वॉशिंगटन पाकिस्तान के दावों को सही नहीं मानता। शाहबाज शरीफ का लेबनान वाले दावे पर अंतरराष्ट्रीय मीडिया का भी ध्यान गया है। इसके कुछ घंटे पहले शाहबाज शरीफ की तरफ से एक्स पर लिखे पोस्ट को लेकर भी चर्चा गर्म है कि इसका ड्राफ्ट अमेरिका से आया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।