उफान पर नदियां, बहती कारें और डूबे घर... अमेरिका और मेक्सिको में बाढ़ का कहर; बारिश का 100 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
अमेरिका के दक्षिण-पश्चिमी इलाकों और मैक्सिको में भारी बारिश के कारण भीषण बाढ़ आ गई है, जिससे हजारों लोग प्रभावित ...और पढ़ें
HighLights
अमेरिका-मैक्सिको में भारी बारिश से भीषण बाढ़ का प्रकोप
कई इलाकों में 100 साल का बारिश रिकॉर्ड टूटा
नदियां उफान पर, हजारों लोग प्रभावित, बचाव जारी
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका के दक्षिण-पश्चिमी इलाकों और मैक्सिको में भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ आ गई है। नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने से हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है और बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाए जा रहे हैं।
मैक्सिको में बाढ़ के बहाव ने कई कारों को बहा दिया। 12 अक्टूबर को हरिकेन साइमन ने मैक्सिको के प्रशांत तट पर भारी बारिश और तेज हवाओं के साथ तबाही मचाई थी।
वहीं ट्रॉपिकल स्टॉर्म रेचल के कारण अमेरिका के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में भीषण बारिश हुई। एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार एरिजोना के कई इलाकों में बाढ़ आ गई है, जहां रेस्क्यू टीमें नावों से घरों में फंसे लोगों को निकाल रही हैं।
बारिश का 100 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
दक्षिण-पश्चिमी कोलोराडो के पगोसा स्प्रिंग्स में अधिकारियों ने भीषण बाढ़ की चेतावनी दी है। सैन जुआन नदी के जलस्तर के 21.9 फीट तक पहुंचने का अनुमान है।
यह 1911 की उस विनाशकारी बाढ़ के दौरान दर्ज किए गए 17.8 फीट के स्तर से भी अधिक हो सकता है, जिसने शहर के एक बड़े हिस्से को तबाह कर दिया था।
मेंक्सिको के पांच राज्यों में अलर्ट
शनिवार को एरिजोना के लगभग पूरे हिस्से, दक्षिणी यूटा, दक्षिण-पश्चिमी कोलोराडो, पश्चिमी न्यू मेंक्सिको और दक्षिणी नेवादा के लिए बाढ़ की निगरानी और चेतावनी जारी की गई।
नेशनल वेदर सर्विस ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश से बाढ़ की स्थिति और बिगड़ सकती है, जिससे दूर-दराज के इलाकों में सड़कें पूरी तरह बंद की जा सकती हैं।
टक्सन के एक मौसम विज्ञानी ने बताया कि इस इलाके में कुछ ही दिनों के भीतर दो से तीन महीने के बराबर बारिश हुई। मौसम का पूर्वानुमान लगाने वालों का अनुमान है कि कुछ इलाकों में 4 इंच तक बारिश हो सकती है और यह बारिश सोमवार तक जारी रहने की संभावना है।
बाढ़ के पानी में बह गईं कई कारें
मेक्सिको के बाजा कैलिफोर्निया सुर राज्य के सैन होजे डेल काबो से सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि बाढ़ का तेज पानी कई कारों को बहा ले जा रहा है। भारी बारिश के कारण आमतौर पर सूखे रहने वाले रास्ते अब उफनती नदियों में बदल गए हैं।
बताया जा रहा है कि 100 मिमी से भी ज्यादा मूसलाधार बारिश हुई है, जिससे सड़कें जलमग्न हो गईं और स्थानीय जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई।
मेक्सिको के लॉस काबोस का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें अचानक आई बाढ़ के कारण सूखी नदी के रास्ते उफनते दरिया में बदल गए और कारें बहकर समुद्र में चली गईं।
यह भी पढ़ें- मुरासु चक्रवात के चलते आज चेन्नई में बंद रहेंगे स्कूल, 3-4 नवंबर को आंध्र में भारी बारिश की संभावना
यह भी पढ़ें- अर्णब के जाने के बाद आ रहा 'मुरासू', बंगाल की खाड़ी से उठा नया चक्रवात; इन राज्यों में बरपेगा कहर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।