विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सुरक्षा चूक की चेतावनी नजरअंदाज की गई', ईरानी हमले में घायल अमेरिकी मेजर का आरोप

Published: Tue, 17 Nov 2026 06:30 AM (IST)

कुवैत में ईरानी ड्रोन हमले में छह अमेरिकी सैनिकों की मौत के बाद अमेरिकी आर्मी मेजर स्टीफन रैम्सबाटम ने सैन्य ...और पढ़ें

कुवैत में ईरानी हमले में घायल सैनिक ने लगाया आरोप। (फाइल फोटो।)

कुवैत में ईरानी हमले में घायल सैनिक ने लगाया आरोप। (फाइल फोटो।)

HighLights

  1. मेजर रैम्सबाटम ने सुरक्षा चेतावनियों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।

  2. कुवैत में ईरानी ड्रोन हमले में छह अमेरिकी सैनिक मारे गए।

  3. सैन्य पोस्ट पर पर्याप्त सुरक्षा और ड्रोन रोधी प्रणाली नहीं थी।

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। कुवैत में ईरानी ड्रोन हमले में छह अमेरिकी सैनिकों की मौत के मामले में अमेरिकी सेना की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे हैं। हमले में घायल हुए अमेरिकी आर्मी मेजर स्टीफन रैम्सबाटम ने आरोप लगाया है कि संभावित हमले को लेकर पहले ही चेतावनी दी गई थी, लेकिन सैन्य नेतृत्व ने उसे गंभीरता से नहीं लिया।

उन्होंने इस संबंध में अमेरिकी कांग्रेस की हाउस और सीनेट की सशस्त्र सेवा समितियों के समक्ष व्हिसलब्लोअर शिकायत दर्ज कराई है। यह हमला एक मार्च को कुवैत के पोर्ट शुआइबा स्थित अमेरिकी सैन्य कमांड पोस्ट पर हुआ था।

रैम्सबाटम के अनुसार, वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। न तो कोई चिकित्सक तैनात था और न ही स्थायी चिकित्सा केंद्र मौजूद था। आपात स्थिति से निपटने के लिए केवल एक एंबुलेंस थी। उनका कहना है कि पोस्ट को कार बम जैसे जमीनी खतरों से बचाने की तैयारी तो थी, लेकिन हवाई हमलों से सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी।

दो बार उठाई थी ड्रोन हमले की आशंका

सीबीएस न्यूज से बातचीत में रैम्सबाटम ने इसे सेना और उसके नेतृत्व की सामरिक विफलता बताया। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सेंट्रल कमांड के लॉजिस्टिक्स प्रभारी मेजर जनरल जान हिंसन के सामने उन्होंने दो बार सुरक्षा संबंधी चिंताएं रखी थीं। पोर्ट शुआइबा में ड्रोन रोधी प्रणाली लगाने की मांग भी की गई थी, लेकिन वहां ऐसी कोई व्यवस्था नहीं पहुंची।

हमले में 6 जवानों की गई जान

इस हमले में अमेरिकी सेना के छह जवानों की जान गई थी। इनमें आर्मी रिजर्व कैप्टन कोडी खोरक (35), सार्जेंट फर्स्ट क्लास नोआ टिटजेंस (42), सार्जेंट फर्स्ट क्लास निकोल अमोर (39), सार्जेंट डेक्लन कोडी (20), मेजर जेफ्री ओब्रायन (45) और चीफ वारंट आफिसर थ्री राबर्ट मार्जन (54) शामिल थे।

रक्षा मंत्री के बयान पर भी सवालरक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने हमले के अगले दिन कहा था कि सैन्य पोस्ट सुरक्षित थी और एक ड्रोन सुरक्षा घेरे को पार कर गया था। इसके उलट, रैम्सबाटम की शिकायत में दावा किया गया है कि वहां एकतरफा हमले वाले ड्रोन से बचाव की कोई विशेष व्यवस्था नहीं थी।

कनेक्टिकट के डेमोक्रेटिक सीनेटर रिचर्ड ब्लूमेंथल ने 15 नवंबर को रक्षा मंत्री हेगसेथ से इस मामले में जवाब मांगा। उन्होंने गोपनीय ब्रीफिंग के दौरान सैन्य पोस्ट की सुरक्षा व्यवस्था का पूरा विवरण देने की मांग की है। पेंटागन ने रैम्सबाटम की शिकायत पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

यह भी पढ़ें: 'न तो क्यूबा हैं और न वेनेजुएला', ईरान ने अमेरिका को दी चेतावनी- हमले का इंतजार नहीं करेंगे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।