विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिएटल में दिवाली समारोह में बाधा डालने की अमेरिकी नेताओं ने की निंदा, बच्चों के प्रस्तुति के दौरान हंगामा

Published: Tue, 10 Nov 2026 02:00 AM (IST)

सिएटल में दिवाली समारोह के दौरान हिंदू और भारत-विरोधी नारेबाजी की घटना की स्थानीय मेयर और पांच अमेरिकी सांसदों ने कड़ी निंदा की है।

सिएटल में दिवाली कार्यक्रम में डाली बाधा।

सिएटल में दिवाली कार्यक्रम में डाली बाधा।

HighLights

  1. अमेरिकी नेताओं ने सिएटल दिवाली समारोह में बाधा की निंदा की।

  2. प्रदर्शनकारियों ने हिंदू और भारत-विरोधी नारे लगाए, पोस्टर दिखाए।

  3. घटना को नस्लवाद और धार्मिक घृणा से जोड़ा गया।

डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। अमेरिका के सिएटल में दिवाली समारोह के दौरान हिंदू और भारत-विरोधी नारेबाजी की घटना की स्थानीय मेयर समेत पांच अमेरिकी सांसदों ने कड़ी निंदा की है। प्रदर्शनकारियों ने बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति के दौरान कार्यक्रम में व्यवधान डाला और आपत्तिजनक पोस्टर दिखाए। इस घटना को नस्लवाद और धार्मिक घृणा से जोड़ते हुए अमेरिकी नेताओं ने कहा कि ऐसे व्यवहार के लिए उनके समाज में कोई जगह नहीं है।

यह घटना शनिवार को सिएटल सेंटर आर्मरी में आयोजित निशुल्क कार्यक्रम 'दिवाली: भारत की रोशनियां' के दौरान हुई। उत्तरी अमेरिका के हिंदू गठबंधन (सीओएचएनए) के अनुसार, जेक लैंग और थामस एलन नाम के दो व्यक्ति हिंदू और भारत-विरोधी संदेश लिखे पोस्टर लेकर समारोह में पहुंचे थे। पोस्टरों में भारतीयों के खिलाफ नस्लवादी टिप्पणियां थीं और हिंदुओं पर ईसाइयों की जगह लेने का आरोप लगाया गया था। संगठन के मुताबिक, कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने दोनों को वहां से हटा दिया।

किसने क्या कहा?

सिएटल की मेयर कैटी विल्सन ने एक्स पर घटना की निंदा करते हुए कहा कि कट्टरपंथियों की घृणित हरकतों से सुंदर दिवाली समारोह में बाधा पहुंचाना अस्वीकार्य है। उन्होंने बताया कि उन्होंने भी अपनी बेटी और दोस्तों के साथ दिवाली मनाई थी।

डेमोक्रेट सांसद प्रमिला जयपाल ने कहा कि यह प्रदर्शन नस्लवादी और बेहद दुखद है। दिवाली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार को मनाने के लिए हर समुदाय को सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए। इलिनाय के सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने कहा कि दिवाली अंधकार पर प्रकाश की जीत का प्रतीक है, लेकिन भेदभाव के खिलाफ लड़ाई अभी जारी है। मिशिगन के सांसद श्री थानेदार, नार्थ कैरोलाइना की सांसद डेबोरा रास और वॉशिंगटन के सांसद एडम स्मिथ ने भी घटना की निंदा की।

सीओएचएनए ने खास तौर पर बच्चों पर इस घटना के असर को लेकर चिंता जताई। संगठन ने दावा किया कि प्रदर्शनकारियों ने दिवाली के अन्य आयोजनों को निशाना बनाने की योजना भी जाहिर की है। अमेरिकी-इस्लामी संबंध परिषद की वॉशिंगटन इकाई ने भी घटना को नस्लवादी और हिंदू-विरोधी बताते हुए इसकी निंदा की।

ब्रिटेन के 50 संगठनों ने राष्ट्रपति को लिखा पत्र

इस बीच, प्रेट्र के अनुसार, ब्रिटेन के प्रवासी समुदाय के 50 संगठनों और सामुदायिक संस्थाओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को खुला पत्र लिखकर हाल के भारत-विरोधी प्रदर्शनों पर चिंता जताई है।

सप्ताहांत में जारी पत्र में लंदन में पिछले महीने हुए प्रदर्शनों और उनमें शामिल संगठनों की गंभीरता से जांच कराने की मांग की गई है। हिंदू कम्युनिटी ऑर्गनाइजेशंस ग्रुप, इंडियन डायस्पोरा इन द यूके और फ्रेंड्स ऑफ इंडिया सोसाइटी इंटरनेशनल समेत कई संगठनों ने प्रदर्शनों में किसी चरमपंथी संलिप्तता या गैरकानूनी समन्वय की आशंका की जांच कराने की मांग की है।

(न्यूज एजेंसी आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ।)

यह भी पढ़ें: सिएटल में दीपावली समारोह में नस्लवादी हमला, कट्टर दक्षिणपंथी गुटों ने बोला धावा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।