अमेरिकी कोर्ट ने अजीत डोभाल और सामंत गोयल के खिलाफ समन भेजने का दिया आदेश, पन्नू की हत्या की साजिश का मुकदमा
अमेरिकी अदालत ने एनएसए अजीत डोभाल और पूर्व रॉ प्रमुख सामंत गोयल को समन भेजने के लिए दिल्ली की अदालतों का रास्ता अपनाया है।

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और पूर्व रॉ प्रमुख सामंत गोयल को समन
HighLights
अमेरिकी अदालत ने डोभाल, गोयल को समन भेजने का दिया आदेश।
समन दिल्ली की तीन जिला अदालतों के माध्यम से भेजे जाएंगे।
यह मुकदमा पन्नू की कथित हत्या की साजिश से जुड़ा है।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। प्रतिबंधित संगठन सिख्स फार जस्टिस (एसएफजे) से जुड़े खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की ओर से दायर दीवानी मुकदमे में अमेरिका की एक संघीय अदालत ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल और पूर्व रॉ प्रमुख सामंत गोयल को समन भेजने के लिए दिल्ली की अदालतों का रास्ता अपनाया है।
न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले की अमेरिकी जिला अदालत की जज कैथरीन पोल्क फाइला ने 13 नवंबर को जारी आदेश में समन और संबंधित न्यायिक दस्तावेज दिल्ली की तीन जिला अदालतों के माध्यम से तामील कराने का निर्देश दिया।
डोभाल और गोयल को समन भेजने का आदेश
आदेश के मुताबिक, डोभाल के लिए समन और दस्तावेज पटियाला हाउस जिला अदालत को भेजे जाएंगे, जबकि गोयल के लिए ये दस्तावेज द्वारका और तीस हजारी जिला अदालतों के जरिये भेजे जाएंगे। यह मुकदमा पन्नू की कथित हत्या की साजिश से जुड़ा है।
पन्नू ने आरोप लगाया है कि डोभाल ने भारत की बाहरी खुफिया एजेंसी रा की मदद से उनकी हत्या की साजिश रची थी। हालांकि, ये आरोप हैं, जिनकी अदालत में सुनवाई होनी बाकी है।
अमेरिकी अदालत ने अपने आदेश में हेग कन्वेंशन और भारतीय नागरिक प्रक्रिया संहिता (सीपीसी) के संबंधित प्रविधानों का हवाला दिया है।
अदालत के अनुसार, पहले हेग कन्वेंशन के तहत भारत के केंद्रीय प्राधिकरण के माध्यम से समन भेजने की निर्धारित प्रक्रिया अपनाने की कोशिश की गई थी, लेकिन यह प्रयास अस्वीकार कर दिया गया। इसके बाद अदालत ने कन्वेंशन के अनुच्छेद 19 और भारतीय सीपीसी के प्रविधानों के तहत वैकल्पिक तरीके से समन भेजने की अनुमति दी।
सीपीसी के तहत केंद्र सरकार द्वारा अधिसूचित विदेशी दीवानी अदालतों के समन भारतीय अदालतों के माध्यम से तामील कराए जा सकते हैं। इसके लिए संबंधित समन को उसी तरह आगे बढ़ाया जा सकता है, जैसे भारतीय अदालतों के अपने समन की तामील होती है।
पिछले महीने अमेरिकी अदालत ने वाशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास को अमेरिकी विदेश विभाग के राजनयिक नोट के माध्यम से डोभाल और गोयल को समन भेजने का प्रयास किया था। भारत ने इस मुकदमे को खारिज करते हुए इसे मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण बताया है।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- ट्रंप-पुतिन और चिनफिंग के बीच त्रिपक्षीय वार्ता खत्म, किन-किन मुद्दों पर हुई चर्चा?
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।