विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिकी वायु सेना के 'क्लाउड वन' प्लेटफॉर्म में हैकर्स ने लगाई सेंध, साइबर अटैक के चलते कामकाज बाधित

Published: Fri, 27 Nov 2026 05:39 PM (IST)

हैकर्स ने अमेरिकी वायु सेना के 'क्लाउड वन' प्लेटफॉर्म में सेंध लगाई है, जिससे संवेदनशील सैन्य जानकारी के उजागर होने का खतरा बढ़ गया है।

हैकरों ने अमेरिकी वायु सेना के 'क्लाउड वन' प्लेटफॉर्म को निशाना बनाया (फोटो-रॉयटर्स)

हैकरों ने अमेरिकी वायु सेना के 'क्लाउड वन' प्लेटफॉर्म को निशाना बनाया (फोटो-रॉयटर्स)

HighLights

  1. अमेरिकी वायु सेना के 'क्लाउड वन' प्लेटफॉर्म में हैकर्स ने सेंध लगाई।

  2. संवेदनशील सैन्य, कर्मियों और लॉजिस्टिक्स डेटा उजागर होने का खतरा।

  3. साइबर हमले से प्लेटफॉर्म का कामकाज बाधित, अपडेट रोके गए।

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। हैकर्स ने अमेरिकी वायु सेना के प्रमुख क्लाउड कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म 'क्लाउड वन' (Cloud One) में सेंध लगाई है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना की जानकारी रखने वाले पांच लोगों के हवाले से बताया गया है कि इससे सेना, कर्मियों और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी संवेदनशील जानकारी के उजागर होने का खतरा पैदा हो गया है।

रॉयटर्स के दो सूत्रों के मुताबिक, इस सेंधमारी का पता पिछले महीने प्लेटफॉर्म को अपग्रेड करते समय चला। इसके चलते पूरे सिस्टम में कामकाज बाधित हो गया, जिसके बाद वायु सेना ने अन्य एप्लिकेशन को ट्रांसफर करने का काम रोक दिया और नेटवर्क पर पहले से चल रहे सॉफ्टवेयर के अपडेट को भी ब्लॉक कर दिया।

अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि यह हमला किसने किया, उन्हें कितनी पहुंच (एक्सेस) मिली या कोई डेटा चोरी हुआ है या नहीं।

कैसे हैक हो गया क्लाउड वन?

एक सूत्र ने समाचार एजेंसी को बताया कि हमलावरों ने सॉफ्टवेयर की एक खामी का फायदा उठाकर 'क्लाउड वन' के 'कंट्रोल प्लेन' तक पहुंच बना ली, जो प्लेटफॉर्म के क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर को नियंत्रित करता है।

सूत्र ने इसकी तुलना एक 'यूनिवर्सल रिमोट' से करते हुए बताया कि ऐसी पहुंच मिलने पर हमलावर सैन्य विमानों की स्थिति की जांच कर सकते हैं या स्पेयर पार्ट्स की आवाजाही पर नजर रख सकते हैं। हालांकि, यह अभी साफ नहीं है कि हैकरों ने वास्तव में इस तरह की कोई जानकारी हासिल की है या नहीं।

हैकर्स अटैक के बाद प्लेटफॉर्म पर कई पाबंदियां

इस सेंधमारी के कारण प्लेटफॉर्म पर कई पाबंदियां लगा दी गई हैं। हालांकि सेना की साइबर ऑपरेशंस यूनिट ने इस खबर पर टिप्पणी करने के अनुरोध का कोई जवाब नहीं दिया।

  • बैक-ऑफिस एप्लिकेशन को 'क्लाउड वन' पर ले जाने की प्रक्रिया रोक दी गई है।
  • कर्मचारियों को सॉफ्टवेयर अपडेट या सुरक्षा फिक्स इंस्टॉल करने से मना कर दिया गया है।
  • एक अन्य सूत्र ने बताया कि कुछ उपयोगकर्ताओं के एडमिनिस्ट्रेटर अधिकार वापस ले लिए गए हैं।
  • एक सूत्र ने समाचार एजेंसी को बताया कि नुकसान का आकलन करने के लिए 'यूएस साइबर कमांड' को बुलाया गया है।

क्या है क्लाउड वन?

'क्लाउड वन' वायु सेना के कई तरह के कार्यों को सपोर्ट करता है, जिनमें कर्मियों के रिकॉर्ड, भुगतान, लॉजिस्टिक्स और उपकरणों का रखरखाव शामिल है। इनमें 'क्लाउड-आधारित कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम' भी शामिल है, जो पूरे उत्तरी अमेरिका से एयर डिफेंस रडार फीड और अन्य जानकारियों को एक साथ लाता है।

'थिएटर इंटीग्रेटेड कॉम्बैट म्यूनिशन सिस्टम' दुनियाभर में अमेरिकी वायु सेना के 200 से अधिक ठिकानों पर बमों और मिसाइलों को ट्रैक करता है। 2017 में लॉन्च किए गए इस प्लेटफॉर्म में माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, ओरेकल और अल्फाबेट की क्लाउड सेवाओं का इस्तेमाल होता है।

यह भी पढ़ें- दुनिया के सबसे बड़े अरबपति का एलान, US के हर बच्चे को देंगे स्पेसएक्स के 2 शेयर; 'ट्रंप अकाउंट' होना जरूरी!

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।