Ukraine Crisis: सीमा पर सुरक्षा बढ़ाएगा फिनलैंड; रूस की एटमी धमकी- पश्चिम ने की हिमाकत तो खतरे में पड़ जाएगी मानवता
Russia warn NATO फिनलैंड ने रूस से लगती सीमा पर सुरक्षा मजबूत करने के संकेत दिए हैं। दूसरी तरफ रूस ने धमकी दी है कि यदि पश्चिम ने परमाणु शक्ति संपन्न देश को सजा देने की कोशिश की तो मानवता खतरे में पड़ जाएगी।
कीव, एजेंसियां। फिनलैंड की संसद ने रूस से लगती सीमा पर सुरक्षा मजबूत करने संबंधी प्रस्ताव पारित कर दिया है। दूसरी ओर रूस के पूर्व राष्ट्रपति दमित्री मेदवेदेव ने चेताया है कि यूक्रेन पर हमले के लिए अगर पश्चिम ने परमाणु शक्ति संपन्न उनके देश को सजा देने का प्रयास भी किया, तो मानवता खतरे में पड़ जाएगी। करीब पांच महीने से चल रहे युद्ध में शहर मलबे में तब्दील हो गए हैं और लाखों लोग बेघर हो चुके हैं।
- यूक्रेन पर 24 फरवरी को रूस ने किया था हमला, अभी भी जारी है लड़ाई
- यूक्रेन पर रूसी हमले ने रूस और पश्चिमी देशों के संबंधों में लाई खटास
- 1962 के क्यूबाई मिसाइल संकट के बाद देखने को मिल रहा सबसे ज्यादा तनाव
- क्यूबाई मिसाइल संकट के दौरान गहरा गई थी परमाणु युद्ध की आशंका
- जो बाइडन अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन को बता चुके हैं युद्ध अपराधी
- यूक्रेन को हथियार उपलब्ध करा रहे पश्चिमी देश, रूस लगातार दे रहा चेतावनी
...तो पैदा हो जाएगा मानवता के लिए खतरा
पूर्व राष्ट्रपति व रूसी सुरक्षा परिषद के मौजूदा उपाध्यक्ष मेदवेदेव ने बुधवार को टेलीग्राम पोस्ट में कहा, 'दुनिया की बड़ी परमाणु शक्तियों में शामिल देश को सजा देने का विचार भी बेतुका है। अगर ऐसा हुआ तो मानवता के लिए खतरा पैदा हो जाएगा।' फेडरेशन आफ अमेरिकन साइंटिस्ट के मुताबिक, रूस व अमेरिका के पास दुनिया के 90 प्रतिशत परमाणु हथियार हैं। दोनों देशों की सेनाओं के पास करीब चार-चार हजार परमाणु हथियार हैं।
फिनलैंड ने रूसी सीमा पर सुरक्षा बढ़ाने संबंधी कानून पारित किया
फिनलैंड की संसद में गुरुवार को रूस से लगती 1,300 किलोमीटर लंबी सीमा पर सुरक्षा मजबूत करने संबंधी प्रस्ताव भारी बहुमत से पारित हो गया। इसके तहत रूसी सीमा पर बाड़बंदी की जाएगी, ताकि असामान्य परिस्थितियों में शरणार्थियों को सीमा पर ही रोका जा सके। फिनलैंड नाटो में शामिल होने की प्रक्रिया में है और उसे संदेह है कि रूस इसमें अड़चनें पैदा कर सकता है।