कैलिफोर्निया में स्काईडाइवर्स की हवा में टक्कर, जमीन से 150 फीट ऊपर उलझा पैराशूट; दो की मौत
कैलिफोर्निया में स्काईडाइविंग इवेंट के दौरान दो अनुभवी स्काईडाइवर्स की हवा में टकराने से मौत हो गई।

HighLights
कैलिफोर्निया में स्काईडाइविंग के दौरान दो अनुभवी स्काईडाइवर्स की मौत।
हवा में टकराने से उनके पैराशूट आपस में उलझ गए।
जमीन से 150 फीट ऊपर हुई यह दुर्घटना घातक साबित हुई।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। कैलिफोर्निया में स्काईडाइविंग इवेंट में हिस्सा ले रहे दो स्काईडाइवर्स की हवा में आपस में टकराने और जमीन पर गिर जाने से मौत हो गई।
यह हादसा शुक्रवार को हुआ। इसमें शामिल दोनों स्काईडाइवर्स अनुभवी थे और उनके पास लाइसेंस भी था। वे स्काईडाइव एल्सीनोर के साथ जुड़े थे।
रिवरसाइड काउंटी फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, दोनों को गंभीर चोटें आईं और उन्हें नाजुक हालत में एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।
स्काईडाइव एल्सीनोर का कहना है कि डाइव के दौरान फ्री फाल का हिस्सा और पैराशूट खुलने की प्रक्रिया सामान्य थी, लेकिन जब वे जमीन पर उतरने की तैयारी कर रहे थे, तो दोनों स्काईडाइवर्स जमीन से लगभग 150 फीट ऊपर आपस में टकरा गए।
स्काईडाइव एल्सीनोर ने कहा, 'इस टक्कर की वजह से उनके पैराशूट आपस में उलझ गए और जमीन पर गिरने के बाद दोनों को गंभीर चोटें आईं।' अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
(समाचार एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- 'ईरान युद्ध, टैरिफ और हेल्थकेयर', मिडटर्म चुनाव में जीत के बाद ट्रंप को घेरने की तैयारी में डेमोक्रेट्स