'ईरान युद्ध, टैरिफ और हेल्थकेयर', मिडटर्म चुनाव में जीत के बाद ट्रंप को घेरने की तैयारी में डेमोक्रेट्स
अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में बहुमत के बाद डेमोक्रेटिक पार्टी राष्ट्रपति ट्रंप की हेल्थकेयर कटौती, ईरान युद्ध और व्यापार टैरिफ जैसी अहम नीतियों को पलटने की तैयारी में है।

संसद में ट्रंप को घेरने की तैयारी में डेमोक्रेट्स (फोटो-रॉयटर्स)
HighLights
डेमोक्रेट्स ट्रंप की अहम नीतियों को पलटने की तैयारी में।
हेल्थकेयर कटौती, ईरान युद्ध, व्यापार टैरिफ मुख्य मुद्दे।
मेडिकेड कटौती वापस लेने, सब्सिडी बहाल करने पर जोर।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में बहुमत हासिल करने के बाद डेमोक्रेटिक पार्टी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की कई अहम नीतियों को पलटने की तैयारी कर रही है।
डेमोक्रेटिक पार्टी के विधायी एजेंडे में हेल्थकेयर में की गई कटौती, ईरान के साथ युद्ध और व्यापार टैरिफ जैसे मुद्दे सबसे ऊपर हैं।
ट्रंप के फैसले पलटेंगे डेमोक्रेट्स?
डेमोक्रेट्स कांग्रेस में अपनी बढ़ी हुई ताकत का इस्तेमाल करके ऐसे कानून लाने की योजना बना रहे हैं, जिनसे रिपब्लिकन समर्थित 'मेडिकेड' में की गई कटौती को वापस लिया जा सके।
इसके साथ ही डेमोक्रेटिक पार्टी हेल्थ इंश्योरेंस खरीदने वाले लाखों अमेरिकियों के लिए सब्सिडी बहाल करना चाहते हैं और ईरान युद्ध को लेकर ट्रंप के फैसलों को चुनौती देने की तैयारी में हैं।
हेल्थकेयर पर बड़े फैसले की तैयारी
'एसोसिएटेड प्रेस' की रिपोर्ट के मुताबिक, 3 जनवरी को नई कांग्रेस के सत्र की शुरुआत होते ही डेमोक्रेटिक नेता तेजी से कदम उठाने की तैयारी कर रहे हैं।
शुरुआती दौर में, रिपब्लिकन समर्थित 'मेडिकेड' कटौती को पलटने और 'अफोर्डेबल केयर एक्ट' (ACA) के तहत मिलने वाली टैक्स सब्सिडी को बहाल करने पर जोर दिए जाने की उम्मीद है। इससे लाखों अमेरिकियों को हेल्थ इंश्योरेंस का खर्च उठाने में मदद मिलती है।
डेमोक्रेटिक नेता हकीम जेफरीज ने साफ कर दिया है कि पार्टी अपने वादों को पूरा करने के लिए जल्द से जल्द काम शुरू करना चाहती है। हकीम जेफरीज ने कहा, 'हम शुरुआत से ही तेजी दिखाएंगे।'
ईरान युद्ध को खत्म करना प्राथमिकता
हकीम जेफरीज ने ईरान युद्ध खत्म करने की बात पर कहा, हम इस लापरवाही भरे, बेहद खर्चीला और उनकी मर्जी से थोपे गए युद्ध को खत्म करने को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने तर्क दिया कि इस संघर्ष के कारण ईंधन की कीमतें बढ़ गई हैं, जिससे अमेरिकी परिवारों पर वित्तीय बोझ और बढ़ गया है।
डेमोक्रेटिक नेताओं ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि अगर ट्रम्प उनके प्रस्तावों को मानने से इनकार करते हैं, तो वे व्हाइट हाउस के साथ टकराव के लिए तैयार हैं।
सीनेट में डेमोक्रेटिक नेता चक शूमर ने कहा कि अगर राष्ट्रपति इस कानून को रोकते भी हैं, तब भी उनकी पार्टी अपने एजेंडे को आगे बढ़ाना जारी रखेगी। 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' के पॉडकास्ट 'द डेली' को दिए एक इंटरव्यू में शूमर ने कहा, 'अगर वह इसे वीटो करते हैं, तो इससे उनके बीच की फूट सामने आ जाएगी।'