अमेरिका मिडटर्म चुनाव में अगर डेमोक्रेट्स जीती तो क्या होगा? ट्रंप ने किया खुलासा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्यावधि चुनावों से पहले डेमोक्रेट्स को चेतावनी दी है कि यदि वे कांग्रेस पर नियंत्रण हासिल करते हैं तो वह 'मिस्टर वीटो' बन जाएंगे।
-1793621902270_m.webp)
ट्रंप की डेमोक्रेट्स को चेतावनी (फोटो- रॉयटर्स)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने आगामी मध्यावधि चुनावों से ठीक पहले विपक्षी डेमोक्रेट्स को कड़ी चेतावनी दी है। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि यदि मंगलवार को होने वाले चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी कांग्रेस के किसी एक या दोनों सदनों पर नियंत्रण हासिल कर लेती है, तो वह मिस्टर वीटो बन सकते हैं।
द न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, जब ट्रंप से पूछा गया कि अगर कांग्रेस पर डेमोक्रेट्स का नियंत्रण हो जाता है, तो वे इससे कैसे निपटेंगे, तो ट्रंप ने कहा, 'मुझे लगता है कि मैं मिस्टर वीटो बन जाऊंगा। मैं उन्हें सब कुछ बर्बाद नहीं करने दूंगा।'
ट्रंप ने बताया पूरा प्लान
उन्होंने कहा, 'वे विधेयक भेजेंगे और मैं उन पर वीटो लगा दूंगा। एक-दो महीने तक लगातार वीटो होने के बाद जब उन्हें अहसास होगा कि वे केवल अपना समय बर्बाद कर रहे हैं, तब वे बातचीत के लिए आगे आएंगे और फिर समझौता संभव हो सकेगा।'
उन्होंने आगे कहा कि कानून पारित कराने के लिए रिपब्लिकन और डेमोक्रेट्स के बीच सहमति बनना कोई नई बात नहीं होगी। ट्रंप के अनुसार, 'किसी न किसी मोड़ पर हम शायद समझौता कर ही लेंगे। ऐसा पहले भी होता रहा है और यह कोई पहली बार नहीं होगा।'
हालांकि, ट्रंप ने उम्मीद जताई कि कांग्रेस पर रिपब्लिकन पार्टी का नियंत्रण बरकरार रहेगा, जिससे उन्हें इस तरह के कड़े कदम न उठाने पड़ें। उन्होंने दो टूक कहा, 'अगर हम नहीं जीतते हालांकि मुझे पूरा भरोसा है कि हमारा प्रदर्शन बहुत मजबूत रहेगा तो मैं हर विधेयक पर वीटो लगा दूंगा। मैं लगातार वीटो का ही इस्तेमाल करता रहूंगा।'
उल्लेखनीय है कि ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल में अब तक केवल दो बार ही वीटो शक्ति का प्रयोग किया है, जबकि अपने पहले कार्यकाल के दौरान उन्होंने 10 विधेयकों को वीटो के जरिए रोका था।
कैसे निष्प्रभावी होगा वीटो?
अमेरिकी संवैधानिक व्यवस्था के तहत, राष्ट्रपति के पास कांग्रेस द्वारा पारित किसी भी विधेयक को खारिज (वीटो) करने का विशेषाधिकार होता है। हालांकि, यदि प्रतिनिधि सभा और सीनेट दोनों सदनों के कम से कम दो-तिहाई सदस्य उस कानून के पक्ष में मतदान कर दें, तो कांग्रेस राष्ट्रपति के वीटो को निष्प्रभावी कर सकती है।
क्या तीसरी बार लड़ेंगे चुनाव?
जब ट्रंप से तीसरी बार चुनाव लड़ने की बात पूछी गई तो उन्होंने कहा कि मैं जरूर दोबारा चुनाव लड़ना चाहूंगा, लेकिन इसके नियम बहुत सख्त हैं। उनका इशारा अमेरिकी संविधान के 22वें संशोधन की ओर था, जो किसी भी व्यक्ति को दो बार से अधिक राष्ट्रपति चुने जाने से रोकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।