विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'30 दिन बाद फिर होगी पार्टी', व्हाइट हाउस में फायरिंग के बाद बेखौफ ट्रंप, अब तक कितने बार हुए हमले?

Published: Sun, 26 Apr 2026 09:59 PM (IST)Updated: Sun, 26 Apr 2026 10:05 PM (IST)

राष्ट्रपति ट्रंप ने व्हाइट हाउस करेस्पांडेंट्स डिनर में हुई गोलीबारी के बाद देशवासियों से शांति और एकता की अपील की ...और पढ़ें

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप 

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। व्हाइट हाउस करेस्पांडेंट्स डिनर में हुई गोलीबारी की घटना के बाद राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने देशवासियों से एकता की अपील की है। उन्होंने कहा कि बढ़ते राजनीतिक तनाव और हिंसा के बीच अमेरिका को अपने मतभेद शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की जरूरत है। उन्होंने संकेत दिया कि करेस्पांडेंट्स डिनर को 30 दिनों के भीतर दोबारा आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हम इसे और भी बड़े व बेहतर तरीके से आयोजित करेंगे। ट्रंप ने कहा कि मेलानिया ट्रंप के लिए ये घटना भावनात्मक रूप से चुनौतीपूर्ण है। व्हाइट हाउस में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संवाद करते हुए ट्रंप ने कहा, 'हमें अपने मतभेद सुलझाने होंगे- रिपब्लिकन, डेमोक्रेट और निर्दलीय सभी को साथ आना होगा।'

उन्होंने बताया कि घटना के दौरान डिनर में मौजूद लोगों के बीच एक दुर्लभ एकजुटता देखने को मिली। ट्रंप ने कहा कि यह आयोजन अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और द्विदलीय संवाद का प्रतीक है, जो इस घटना के बाद और भी महत्वपूर्ण हो गया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम दोनों दलों और मीडिया को साथ लाने के लिए था, और एक मायने में इसने ऐसा किया भी।

उन्होंने राजनीतिक हिंसा के बढ़ते खतरे पर चिंता जताते हुए कहा कि देश को शांतिपूर्ण राजनीतिक प्रक्रिया के प्रति फिर से प्रतिबद्ध होना चाहिए। ट्रंप ने जोर दिया कि हम अपने मतभेद शांतिपूर्वक सुलझाएं, हिंसा को जगह न दें।

ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह की घटनाएं लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं या सार्वजनिक जीवन को बाधित नहीं कर सकतीं। हम किसी को भी अपने समाज को कब्जे में नहीं लेने देंगे। हम कार्यक्रमों को रद नहीं करेंगे।

White House Dinner Shooting

हमले के बाद बढ़ी सुरक्षा

अमेरिका की राजधानी वॉशिगटन डीसी में चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच दुनिया के सबसे ताकतवर राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की सालाना व्हाइट हाउस करेस्पांडेंट्स डिनर पार्टी में शनिवार रात एक हमलावर ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। सुरक्षा घेरा तोड़कर ट्रंप तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हमलावर को मुख्य बालरूम में प्रवेश करने से पहले ही काबू कर लिया गया।

इस दौरान हुई पांच-छह राउंड फायरिंग से वॉशिगटन हिल्टन होटल में मौजूद करीब ढाई हजार मेहमानों में अफरातफरी मच गई और गोलीबारी की आवाज से पूरा परिसर दहल उठा। हमले में एक सीक्रेट सर्विस एजेंट घायल हुआ, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण उसे गंभीर चोट नहीं आई। उसे एहतियातन अस्पताल ले जाया गया।

घटना के तुरंत बाद सुरक्षा कर्मियों ने राष्ट्रपति ट्रंप, प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। राष्ट्रपति ट्रंप पर उनके दो कार्यकाल में यह तीसरा हमला था। अधिकारियों ने पुष्टि की कि सभी प्रमुख अतिथि सुरक्षित हैं। घटना के बाद कार्यक्रम रद कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि वॉशिगटन हिल्टन होटल के बाहर ही 1981 में पूर्व राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन पर भी जानलेवा हमला हुआ था।

WhatsApp Image 2026-04-26 at 7.02.42 PM

कोल टामस की गिरफ्तारी

न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार, हमलावर की पहचान कैलिफोर्निया निवासी 31 वर्षीय कोल टामस एलेन के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक वह टोरेंस इलाके में शिक्षक के रूप में काम करता था। अधिकारियों के अनुसार, उसके पास से शाटगन, हैंडगन और कई चाकू बरामद किए गए हैं। उसने हमला क्यों किया, इसकी जांच की जा रही है। एफबीआई ने मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है और होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

यह भी जांच का विषय है कि वह इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद हथियारों के साथ होटल के भीतर कैसे पहुंचा। बताया गया है कि वह होटल में मेहमान के तौर पर ठहरा हुआ था।घटना की पूरी दुनिया में निंदा हुई है।

वैश्विक नेताओं ने की हमले की निंदा

भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित कई वैश्विक नेताओं ने इस हमले की आलोचना करते हुए राजनीतिक हिंसा को लोकतंत्र के लिए खतरा बताया है।गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति हर साल व्हाइट हाउस को कवर करने वाले पत्रकारों के सम्मान में इस रात्रिभोज का आयोजन करते हैं।

शनिवार रात आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद थे। सुरक्षा के मद्देनजर दोपहर से ही होटल में आम लोगों के प्रवेश पर रोक थी। स्थानीय समयानुसार रात करीब 8:36 बजे अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी, जिससे पूरे हाल में हड़कंप मच गया।

रायटर के अनुसार, वीडियो फुटेज में देखा गया कि राष्ट्रपति ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप मंच पर मौजूद थे, तभी पीछे की ओर हलचल और फायरिंग की आवाज से हड़कंप मच गया। लोगों को इधर-उधर छिपते और मेजों के नीचे झुकते देखा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीक्रेट सर्विस एजेंट एक हमलावर के पीछे दौड़ते दिखाई दिए।

बताया जा रहा है कि आरोपी सुरक्षा के दो चेक प्वाइंट पार कर चुका था। उसने कथित तौर पर हथियार असेंबल किए, चेक प्वाइंट तोड़ा और अंदर की ओर बढ़ा, लेकिन सुरक्षाबलों ने उसे समय रहते दबोच लिया।

घटना के बाद व्हाइट हाउस में आयोजित प्रेस ब्रीफ्रिंग में ट्रंप ने कहा कि घायल एजेंट की हालत अच्छी है। उन्होंने आशंका जताई कि हमलावर “लोन वुल्फ'' हो सकता है और सीक्रेट सर्विस एजेंटों की तत्परता की सराहना की।

एपी के अनुसार, वॉशिगटन के कार्यवाहक पुलिस प्रमुख जेफरी कैरोल ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल हमले के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं है। जांच एजेंसियां आरोपी की पृष्ठभूमि, मानसिक स्थिति और उसके संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही हैं।

WhatsApp Image 2026-04-26 at 9.57.30 PM

कब-कब ट्रंप पर हुए हमले?

मार्च 2016- लास वेगसराष्ट्रपति चुनाव प्रचार को दौरान एक रैली में सुरक्षा में बड़ी चूक के कारण एक व्यक्ति ने मंच के पास पहुंचकर ट्रंप की ओर से पुलिस अधिकारी का हथियार छीनने की कोशिश की। सुरक्षा अधिकारियों ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने ट्रंप को नुकसान पहुंचाने की मंशा को स्वीकार किया।

जुलाई 2024- पेन्सिलवेनियाजुलाई 2024 में ट्रंप पर चुनावी करियर का सबसे खतरनाक हमला हुआ। इस हमले में हमलावर ने रैली के दौरान छत से ट्रंप को निशाना बनाकर गोली चलाई। गोली ट्रंप के दाहिने कान के ऊपरी हिस्सो को छूकर निकल गई। इस हमले में एक दर्शक की मौत हुई और कई घायल हुए। सुरक्षाबलों ने हमलावर को मौके पर ही मार गिराया।

अप्रैल 2026- वॉशिगटनशनिवार को वॉशिगटन के हिल्टन होटल में करेस्पोंडेंट डिनर के दौरान एक हमलावर ने गोलीबारी कर दी। इस गोलीबारी से कार्यक्रम स्थल अफरा-तफरी मच गई।

यह भी पढ़ें- ट्रंप के अलावा कौन था निशाने पर? व्हाइट हाउस डिनर गोलाबारी में US अटॉर्नी जनरल ने किया खुलासा

यह भी पढ़ें- '...तो कभी नहीं होती ऐसी घटना', व्हाइट हाउस डिनर गोलीबारी पर क्या-क्या बोले ट्रंप?