'किसी ने हमें टक्कर मार दी', मायामी एयरपोर्ट पर विमानों की भिड़ंत के बाद सामने आया पायलट का ऑडियो
मायामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कोपा एयरलाइंस के पैसेंजर और यूपीएस के कार्गो विमान में टक्कर हो गई, जिसमें दो लोगों को मामूली चोटें आईं।

मायामी एयरपोर्ट पर कोपा और यूपीएस विमानों की टक्कर हुई

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मायामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कोपा एयरलाइंस के एक पैसेंजर विमान और UPS के एक कार्गो विमान के बीच रविवार को टक्कर हो गई। इस घटना के बाद अमेरिकी एविएशन रेगुलेटर ने जांच शुरू कर दी। इस टक्कर में दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
कोपा एयरलाइंस की फ्लाइट पनामा सिटी से आई थी, जिसमें 166 यात्री और छह क्रू मेंबर सवार थे। यह विमान सामान्य रफ्तार से रनवे पर चल रहा था। वहीं, UPS का विमान कोलंबिया के बोगोटा के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था।
मायामी एयरपोर्ट पर क्या हुआ था?
दोनों एयरलाइंस ने एविएशन रेगुलेटर FAA की जांच में मदद का वादा किया है। हालांकि, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के ऑडियो और रेगुलेटर की शुरुआती जांच से पता चलता है कि ग्राउंड क्लीयरेंस प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया।
CNN की एक रिपोर्ट के अनुसार, FAA ने बताया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स ने UPS फ्लाइट क्रू को साफ तौर पर निर्देश दिया था कि वे वहां से गुजर रहे कोपा एयरलाइंस के विमान को रास्ता दें, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और दोनों विमान आपस में टकरा गए।
हमें किसी ने टक्कर मारी: कोपा एयरलाइंस के पायलट
ATC ऑडियो में कोपा एयरलाइंस के पायलट ने कंट्रोल टावर को बताया, 'किसी चीज ने हमें टक्कर मारी है।' ठीक उसी समय, कंट्रोलर्स ने कार्गो क्रू से पूछा कि क्या उनके विमान का दूसरे विमान से कोई संपर्क हुआ है।
UPS के पायलट ने रेडियो पर जवाब दिया, 'हां, हम कुछ ज्यादा ही आगे चले गए थे और फिर उनके विमान के पंख से हमें टक्कर लग गई। इसके कुछ ही देर बाद, कोपा एयरलाइंस के पायलट ने बताया, 'ऐसा लगता है कि हमारे विमान के बाएं पंख का सिरा गायब है।'
कोपा एयरलाइंस ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि इस घटना की वजह से यात्रियों को जो परेशानी हुई है, उसके लिए हमें खेद है। हमारे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और हम जांच कर रहे अधिकारियों को पूरा सहयोग देंगे।'
172 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
एयरलाइंस के अनुसार, विमान को खींचकर गेट तक ले जाने के बाद, उसमें सवार सभी 172 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। UPS ने भी बताया की कि उनके क्रू को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। कंपनी ने कहा कि क्या हुआ, इसका पता लगाने के लिए वे अधिकारियों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
टारमैक पर यह टक्कर शुक्रवार को FAA द्वारा 'ग्राउंड स्टॉप' (उड़ानों पर रोक) लगाए जाने के ठीक 24 घंटे बाद हुई। इस रोक के कारण पूरे अमेरिका में उड़ानें रद हो गईं, जिससे यात्री हवाई अड्डे के टर्मिनल पर फंस गए और उन्हें अपनी रीबुक की गई उड़ानों के इंतजार में टर्मिनल के फर्श पर ही सोना पड़ा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।