RSS-ईशा फाउंडेशन समेत कई संगठनों ने अमेरिका में उठाया हिंदू मंदिरों की सुरक्षा का मुद्दा, व्हाइट हाउस में अधिकारियों से की मुलाकात
अमेरिका में हिंदू समुदाय के नेताओं ने व्हाइट हाउस के अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर हिंदू विरोधी ...और पढ़ें
-1795100403921_m.webp)
हिंदू समुदाय के नेताओं ने व्हाइट हाउस के अधिकारियों से की मुलाकात (फोटो-रॉयटर्स)
HighLights
हिंदू नेताओं ने व्हाइट हाउस अधिकारियों से मुलाकात की।
इंटरनेट पर हिंदू विरोधी बयानबाजी पर चिंता जताई।
मंदिरों की सुरक्षा मजबूत करने पर चर्चा की गई।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका में हिंदू समुदाय के नेताओं ने व्हाइट हाउस के अधिकारियों के साथ बैठक की और इंटरनेट मीडिया पर हिंदू विरोधी बयानबाजी और देशभर में हिंदुओं के प्रति घृणा से जुड़ी घटनाओं पर चिंता जताने के साथ ही समुदाय से जुड़े कई मुद्दे उठाए। साथ ही मंदिरों की सुरक्षा मजबूत करने के उपायों को लेकर चर्चा भी की।
व्हाइट हाउस में धार्मिक मामलों की निदेशक जेनिफर कॉर्न के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को यहां हिंदू समुदाय केंद्र और मंदिर 'केशवम' का दौरा किया। इस दौरान उसने कई हिंदू अमेरिकी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की।
RSS के प्रतिनिधि भी बैठक में हुए शामिल
बैठक में हिंदू स्वयंसेवक संघ-अमेरिका, सेवा इंटरनेशनल, बीएपीएस, हिंदू युवा, इस्कॉन, चिन्मय मिशन, आर्ट ऑफ लिविंग, ईशा फाउंडेशन, विश्व हिंदू परिषद ऑफ अमेरिका और श्रीमद राजचंद्र मिशन के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
कॉर्न के साथ अमेरिकी विदेश विभाग में वरिष्ठ सलाहकार और धार्मिक मामलों की संपर्क अधिकारी बेल्सिस रोमेरो भी मौजूद थीं।
हिंदू समुदाय के प्रतिनिधियों ने इंटरनेट मीडिया पर हिंदू-विरोधी बयानबाजी बढ़ने और देशभर में हिंदू-विरोधी घटनाओं को लेकर चिंता जताई। उन्होंने अमेरिकी अधिकारियों से मंदिरों की सुरक्षा बेहतर करने के उपाय तलाशने और आपसी विश्वास व समझ बढ़ाने के लिए विभिन्न धर्मों के बीच संवाद मजबूत करने का आग्रह किया।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- ट्रंप-पुतिन और चिनफिंग के बीच त्रिपक्षीय वार्ता खत्म, किन-किन मुद्दों पर हुई चर्चा?