'आर्थिक तबाही के कगार पर खड़ा भारत', अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में बोले राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अमेरिका में कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारत की अर्थव्यवस्था और शिक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई।

भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी का बड़ा बयान। (फोटो क्रेडिट-ANI, 18 नवंबर 2026)
HighLights
राहुल गांधी ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारत की अर्थव्यवस्था पर बात की।
उन्होंने कहा भारत आर्थिक तबाही की कगार पर खड़ा है।
बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था में बड़ी समस्याएं बताईं।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। कांग्रेस नेता राहुल गांधी अमेरिका की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने भारत की अर्थव्यवस्था और शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक बड़ा बयान दिया है।
'आर्थिक तबाही की कगार पर भारत'
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, 'सीधी बात यह है कि भारत एक आर्थिक तबाही की कगार पर खड़ा है। यही हकीकत है। कोई इसे नजरअंदाज कर सकता है, मीडिया इसे नजरअंदाज कर सकता है, लेकिन भारत में बेरोजगारी की एक बहुत बड़ी समस्या है। भारत की शिक्षा व्यवस्था में भी एक बहुत बड़ी समस्या है।'
मिडिल क्लास युवाओं में बढ़ती निराशा का किया जिक्र
भारत के युवाओं की स्थिति को लेकर पूछे गए एक सवार का जवाब देते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि मौजूदा हालात से सबसे ज्यादा निराश युवाओं का एक बड़ा तबका है जो मिडिल क्लास परिवार से आता है। इन युवाओं ने औपचारिक शिक्षा तो पूरी कर ली है, लेकिन अब वे अपने भविष्य को लेकर तेजी से हताश हो रहे हैं।
उन्होंने कहा, 'हम इस पर अध्ययन कर रहे हैं, इसे समझने की कोशिश कर रहे हैं। इसकी वजह काफी दिलचस्प है असल बात यह है कि इन युवाओं को अपना कोई भविष्य नजर नहीं आ रहा है।'
नई और पुरानी पीढ़ी के बीच बढ़ रही है वैचारिक दूरी
राहुल गांधी ने इस बात का भी जिक्र किया कि करियर के घटते अवसरों के कारण युवाओं और उनके माता-पिता के बीच संवादहीनता और दूरियां बढ़ रही हैं। नई पीढ़ी अब पिछली पीढ़ी के अनुभवों और सलाह पर सवाल उठा रही है।
इस संदर्भ में माता-पिता से हुई बातचीत का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, 'युवा आज अपने माता-पिता से सीधे कह रहे हैं कि आप खुद सफल नहीं हैं या आपके पास स्थिर नौकरी नहीं है, इसलिए आप हमें उन रास्तों पर चलने की सलाह न दें जिन पर आप चले थे, क्योंकि वे तरीके अब काम नहीं करते हैं।'
आज यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में कार्यक्रम
राहुल अमेरिका की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। 18 नवंबर को यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो जाने का कार्यक्रम है। इस दौरान वे छात्रों और शिक्षाविदों संवाद करेंगे।
यह भी पढ़ें- 'हालेबिडु में तोड़फोड़ किसने की?' होयसलेश्वर मंदिर विवाद पर भाजपा का राहुल गांधी को करारा जवाब
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।