विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'हालेबिडु में तोड़फोड़ किसने की?' होयसलेश्वर मंदिर विवाद पर भाजपा का राहुल गांधी को करारा जवाब

Published: Tue, 17 Nov 2026 09:19 PM (IST)Updated: Tue, 17 Nov 2026 09:36 PM (IST)

राहुल गांधी के 'डर, गुस्सा, नफरत' वाले बयान पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा ने उनसे पूछा कि कर्नाटक ...और पढ़ें

होयसलेश्वर मंदिर विवाद पर भाजपा का राहुल गांधी को करारा जवाब। (X- @INCIndia)

होयसलेश्वर मंदिर विवाद पर भाजपा का राहुल गांधी को करारा जवाब। (X- @INCIndia)

HighLights

  1. भाजपा ने राहुल गांधी के 'डर, गुस्सा, नफरत' बयान पर पलटवार किया।

  2. राहुल गांधी से पूछा, हलेबिडु की बर्बादी का जिम्मेदार कौन था?

  3. होयसलेश्वर मंदिर विवाद पर भाजपा ने राहुल गांधी को जवाब दिया।

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने अपने माता-पिता सोनिया व राजीव गांधी के प्यार भरे रिश्ते पर की गई अपनी टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर हुई ट्रोलिंग के बाद भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रहार किया। कहा- भाजपा और आरएसएस के समर्थकों के दिलों में गुस्सा और नफरत भरे हुए हैं, जो उन्हें प्यार महसूस करने और जताने से रोकते हैं।

साथ ही राहुल गांधी ने कर्नाटक के हलेबीडु स्थित होयसलेश्वर मंदिर की 12वीं सदी की एक मूर्ति साझा की। इसमें देवी पार्वती भगवान शिव की गोद में बैठी दिखाई गई हैं।

भाजपा ने राहुल की आलोचना की 

इस पर भाजपा ने पलटवार करते हुए राहुल की आलोचना की और कहा कि उन्होंने अपने माता-पिता राजीव और सोनिया गांधी की तुलना भगवान शिव और देवी पार्वती से की है। हकीकत यह है कि कोई भी मनुष्य कभी भगवान नहीं बन सकता।

सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बीलोंगिंग : ए जर्नी आफ लव’ के विमोचन के मौके पर सोमवार को अपने माता-पिता के करीबी रिश्ते के बारे में राहुल ने कहा था-'भोजन के समय पापा होते थे और पापा की गोद में मम्मी बैठी होती थीं। मुझे लगता था कि यह सामान्य बात है। मैं अपने दोस्त के घर जाता था, लेकिन उसके माता-पिता एक-दूसरे की गोद में नहीं बैठे होते थे। मैं अपने दोस्त से पूछता था- यह क्या हो रहा है? तुम्हारी मां तुम्हारे पिता की गोद में क्यों नहीं बैठी हैं? हम इसी माहौल में बड़े हुए।'

इसके बाद आलोचकों ने सोशल मीडिया पर उनकी ट्रोलिंग की थी और उनका कहना था कि राहुल को अपने माता-पिता के निजी और प्रेमपूर्ण पलों का सार्वजनिक मंच से जिक्र नहीं करना चाहिए था।

एएनआई के अनुसार, रिश्ते को लेकर हुई अपनी ट्रोलिंग के बाद मंगलवार को राहुल ने एक्स पर पोस्ट किया- "डर, गुस्से और नफरत ने भाजपा और आरएसएस के समर्थकों के दिलों में ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्यार महसूस करने और उसे जताने से रोकता है।"

उन्होंने आगे लिखा- "एक सच्चे हिंदू के तौर पर यह मेरा कर्तव्य है कि मैं उन्हें इस जाल से बाहर निकालूं, ताकि वे भी अपनी जिंदगी में प्यार और अपनेपन की खूबसूरती और खुशी को महसूस कर सकें' सत्यम शिवम सुंदरम।" राहुल गांधी ने इसके साथ ही 12वीं सदी की एक मूर्ति की तस्वीर भी साझा की, जिसमें देवी पार्वती भगवान शिव की गोद में बैठी हैं।

पीटीआई के अनुसार, कांग्रेस ने उनका समर्थन करते हुए कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता ने एक बेहद जरूरी बातचीत की शुरुआत की है।

पार्टी ने एक्स पर लिखा-"प्रेम को छिपाने की जरूरत नहीं, स्नेह कमजोरी नहीं है और अपने साथी को बराबर का दर्जा देने से समानता की शुरुआत होती है। पार्टी ने गांधी की पोस्ट को भी टैग किया। उसने कहा-"प्रेम, सम्मान और समानता। हिंदू धर्म यही है-शिव की गोद में बैठी पार्वती प्रेमपूर्ण और समान भागीदार हैं।"

उधर, हलेबीडु का जिक्र करने और वहां के मंदिर की शिव-पार्वती की मूर्ति की तस्वीर पोस्ट करने पर भाजपा ने राहुल पर पलटवार करते हुए पूछा कि ऐतिहासिक शहर को किसने लूटा? कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष की पोस्ट को री-ट्वीट करते हुए भाजपा ने राहुल गांधी से पूछा - " क्या उन्हें पता है कि होयसल राजधानी द्वारसमुद्र को हलेबीडु क्यों कहा जाने लगा, जिसका अर्थ है पुरानी राजधानी।

भाजपा ने कहा-"क्या आप उन लोगों के नाम बता सकते हैं जिन्होंने हलेबीडु को लूटा? हम बता सकते हैं- 1311 में अलाउद्दीन खिलजी के सेनापति मलिक काफूर ने और 1326-27 में मुहम्मद बिन तुगलक की सेना ने। क्या आप उन्हें कोस सकते हैं?" साथ ही पूछा-" मंदिर परिसर में मूर्तियों के चेहरे और हाथ किसने तोड़े? पूरे हलेबीडु में देवताओं की मूर्तियां आज भी टूटे हुए चेहरे और हाथों के साथ खड़ी हैं। उन्हें किसने तोड़ा?" आगे कहा कि सत्यम शिवम सुंदरम में सत्यम सबसे पहले आता है, क्या आपको पता है?

सरमा बोले- नश्वर लोगों को शिव-पार्वती के रूप में पेश करना भक्ति नहीं

पीटीआई के अनुसार, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने माता-पिता राजीव और सोनिया गांधी की तुलना भगवान शिव और देवी पार्वती से की है। उन्होंने कहा कि कोई भी मनुष्य कभी भगवान नहीं बन सकता। सरमा ने कहा कि जब कोई व्यक्ति भगवान के सामने सिर झुकाना छोड़कर खुद को भगवान के रूप में पेश करने लगता है, तो उसका पतन तेज हो जाता है।

उन्होंने एक्स पर लिखा- "नश्वर लोगों को शिव और पार्वती के रूप में पेश करना भक्ति नहीं है। यह अधिकार जताने की ऐसी भावना है, जो अहंकार में इतनी डूब जाती है कि खुद को दिव्य मानने लगती है। कोई गांधी या अन्य मनुष्य कभी ईश्वर नहीं हो सकता।"

जानिये क्या है हलेबीडु?

हलेबीडु हासन जिले का एक ऐतिहासिक कस्बा है, जो मध्यकालीन दक्षिण भारतीय स्थापत्य कला के लिए प्रसिद्ध है। 11वीं से 14वीं शताब्दी के दौरान यह होयसल साम्राज्य की राजधानी था। उस समय इसे द्वारसमुद्र के नाम से जाना जाता था। होयसल शासकों के शहर छोड़ने के बाद स्थानीय लोग इसे हलेबीडु कहने लगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।