विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 18, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

महारानी एलिजाबेथ का अंतिम संस्कार आज; अभूतपूर्व तैयारियां, द्रौपदी मुर्मु, बाइडन समेत 100 देशों के नेता पहुंचे

By Krishna Bihari SinghEdited By:
Published: Sun, 18 Sep 2022 10:11 PM (GMT+05:30)Updated: Mon, 19 Sep 2022 12:01 AM (GMT+05:30)

Queen Elizabeth funeral ब्रिटेन में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का अंतिम संस्कार सोमवार को होगा। बताया जाता है कि यह कार्यक्रम शायद पिछले 100 सालों का सबसे बड़ा आयोजन होगा। इसमें भाग लेने वाले गणमान्य अतिथियों की संख्या दो हजार होगी।

ब्रिटेन में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
ब्रिटेन में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।

लंदन, एजेंसी। ब्रिटेन में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सोमवार (आज) होने वाला यह कार्यक्रम शायद पिछले 100 सालों का सबसे बड़ा आयोजन होगा। इसमें करीब 100 देशों के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री भाग लेंगे, दर्जनों छोटे देशों के प्रतिनिधि भी होंगे। भाग लेने वाले राष्ट्राध्यक्षों, शासनाध्यक्षों और अन्य गणमान्य अतिथियों की कुल संख्या दो हजार होगी।

लंदन पहुंची हस्तियां   

वेस्टमिंस्टर एबे में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, चीन के उप राष्ट्रपति वांग क्विशान और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन लंदन पहुंच चुके हैं। ब्रिटेन के समयानुसार सोमवार को दिन में 11 बजे शुरू होने वाले अंतिम संस्कार कार्यक्रम के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। विश्व भर से आए नेताओं की सुरक्षा और लंदन में एकत्रित होने वाली भारी भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा बलों की बड़ी तैनाती की गई है।

अलर्ट पर सेनाएं 

सेनाओं को अलर्ट करने के साथ ही तीनों सेनाओं के 5,949 अधिकारियों-कर्मचारियों को विभिन्न कार्यों के लिए तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त दस हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं। मध्य लंदन जहां पर वेस्टमिंस्टर एबे, बंंकिंघम पैलेस और ब्रिटिश संसद स्थित है, वहां पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए 36 वर्ग किलोमीटर इलाके में सघन बेरिकेडिंग की गई है।

250 विशेष ट्रेनें चलाई गईं

अनुमान है कि महारानी को अंतिम विदाई देने के लिए यूनाइटेड किंगडम के विभिन्न इलाकों से करीब दस लाख लोग लंदन आएंगे। उनके लिए 250 विशेष ट्रेन चलाई गई हैं। लंदन के और यहां पहले से मौजूद लाखों लोगों की संख्या इसके अतिरिक्त होगी। अंतिम संस्कार के सजीव प्रसारण के लिए लंदन और उसके आसपास उपनगरों के 125 मूवी थिएटरों में व्यवस्था की गई है।

श्रद्धांजलि देने के लिए उमड़ी भीड़

रविवार को दिवंगत महारानी को श्रद्धांजलि देने के लिए फिर से आमजनों की भीड़ उमड़ पड़ी। सरकार की अपील और प्रशासन के रोके जाने के बावजूद दसियों हजार लोग लाइन में आ लगे हैं। इसके कारण लाइन एक बार फिर से पांच मील से ज्यादा लंबी हो गई है।

दो मिनट का रखा जाएगा मौन

आमजन सोमवार को सुबह साढ़े छह बजे तक वेस्टमिंस्टर हाल में रखे महारानी के ताबूत के समक्ष श्रद्धांजलि दे सकेंगे। इसके बाद महारानी के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू होगी। शाही और धार्मिक परंपराओं के साथ होने वाले इस कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर महारानी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की जाएगी।

पति की कब्र के समीप दफनाया जाएगा 

इसके बाद महारानी का पार्थिव शरीर अंतिम यात्रा के लिए रवाना हो जाएगा। इस यात्रा में किंग चा‌र्ल्स, क्राउन प्रिस विलियम और परिवार के बाकी पुरुष सदस्य उनके साथ होंगे। यह यात्रा विंडसर कैसल परिसर में स्थित सेंट जार्ज चैपल में जाकर पूरी होगी जहां पर महारानी का पार्थिव शरीर उनके पति प्रिंस फिलिप की कब्र के नजदीक दफनाया जाएगा। प्रिंस फिलिप का निधन 2021 में हुआ था।  

यह भी पढ़ें- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वेस्टमिंस्टर हाल पहुंचकर महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को श्रद्धांजलि दी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।