'वेल डन, स्पेशलिस्ट'; जिस अमेरिकी सैनिक ने लगाई फटकार उसे ही रक्षा मंत्री हेगसेथ ने दिया मेडल
अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने उस सैनिक को जॉइंट सर्विस कमेंडेशन मेडल से सम्मानित किया, जिसने उन्हें टॉम्ब ऑफ ...और पढ़ें

फटकार लगाने वाले अमेरिकी सैनिक को हेगसेथ ने किया सम्मानित।
डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने सेना के उस जवान को एक सैन्य पदक से सम्मानित किया है, जिसने उन्हें और उनके सहयोगियों को टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर पर शांति और मर्यादा बनाए रखने में विफल रहने के लिए फटकार लगाई थी। यह घटना वेटरन्स डे के मौके पर अर्लिंग्टन नेशनल सिमेट्री के दौरे के दौरान हुई थी।
पेंटागन के अनुसार, गुरुवार को हेगसेथ ने स्मारक की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार आर्मी यूनिट के सदस्यों का पेंटागन में स्वागत किया और स्पेशलिस्ट थॉमस इग्लेसियस को जॉइंट सर्विस कमेंडेशन मेडल से सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें 11 नवंबर, 2026 को टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर पर अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए दिया गया।
हेगसेथ ने सैनिक को गले लगाते हुए शेयर की तस्वीर
हेगसेथ ने सोशल मीडिया पर समारोह की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें से एक में वह इग्लेसियस को मेडल लगाते हुए दिख रहे हैं। उन्होंने लिखा, "हम सैनिकों से प्यार करते हैं। हम नियमों और अनुशासन को महत्व देते हैं। बहुत बढ़िया, स्पेशलिस्ट।"

सैनिक ने हेगसेथ की टीम को याद दिलाया दायित्व
इग्लेसियस तब चर्चा में आए जब बुधवार का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वे वेटरन्स डे समारोह के बाद एक स्मारक पर हेगसेथ, उनकी पत्नी जेनिफर और कई वरिष्ठ सहयोगियों को फटकार लगाते दिखे। इस समारोह में राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी शामिल हुए थे।
समूह ने स्मारक के सामने खाली सीढ़ियों पर तस्वीरें ली थीं। उनके आपस में बात करने और हंसने की आवाजें आ रही थीं, जिस पर इग्लेसियस ने कहा, "सभी आगंतुकों से अनुरोध है कि वे हमेशा शांति बनाए रखें और सम्मानजनक व्यवहार करें।"
वीडियो सामने आने के बाद पेंटागन के प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने सैनिक के इस कदम का बचाव करते हुए कहा कि इग्लेसियस ने सभी को सही तरीके से और सम्मान के साथ मर्यादा बनाए रखने की याद दिलाई थी। जॉइंट सर्विस कमेंडेशन मेडल को सेना के उच्च पुरस्कारों में से एक माना जाता है और यह आमतौर पर जूनियर रैंक के सैनिकों को नहीं दिया जाता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।