'मैंने ही रची थी पन्नू को मारने की साजिश', अमेरिकी जज को लिखे पत्र में भारतीय मूल के निखिल गुप्ता ने मांगी माफी
भारतीय मूल के निखिल गुप्ता ने अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट जज विक्टर मारेरो को पत्र लिखकर गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने के मामले में माफी मांगी है।
-1794710657636_m.webp)
निखिल गुप्ता ने अमेरिकी जज को पत्र लिखकर मांगी माफी (फाइल फोटो)
HighLights
निखिल गुप्ता ने अमेरिकी जज को पत्र लिखकर माफी मांगी।
पन्नू की हत्या की साजिश रचने का अपराध स्वीकार किया।
मानसिक उथल-पुथल और पछतावे का जिक्र, अदालत का फैसला स्वीकार।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। भारतीय मूल के निखिल गुप्ता पर अमेरिका में हत्या के प्रयास के मामले में मुकदमा चल रहा है। इस मामले में निखिल गुप्ता को 20 नवंबर को सजा सुनाई जाएगी।
सजा के एलान से पहले निखिल गुप्ता ने अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट जज विक्टर मारेरो को एक पत्र लिखकर माफी मांगी है और अपने अपराध पर पछतावा जताया है।
निखिल गुप्ता ने मांगी माफी
निखिल गुप्ता ने अमेरिकी जज को लिखे अपने पत्र में गिरफ्तारी के बाद की मानसिक उथल-पुथल के बारे में भी बताया। उसने स्वीकार किया कि 2023 की शुरुआत में वह जो इंसान बन गया था, उसे खुद भी पहचान नहीं पा रहा था।
निखिल गुप्ता ने पत्र में लिखा, 'मेरा मानसिक संतुलन बिगड़ गया था... काश मैं समय को पीछे ले जाकर 2023 में अपनी गलतियों को सुधार पाता।'
निखिल गुप्ता ने लिखा, 'उस समय मेरे सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने परिवार से संपर्क करने की थी, ताकि उन्हें बता सकूं कि मैं जिंदा हूं और उन्हें हालात की जानकारी दे सकूं। लेकिन, अमेरिकी कानून तोड़ने वाले के रूप में मुझ पर लगी कई पाबंदियों की वजह से मैं कई हफ्तों तक ऐसा नहीं कर सका...'
जज को लिखे अपने पत्र के अंत में, निखिल गुप्ता ने कहा कि अदालत जो भी फैसला सुनाएगी, वह उसे स्वीकार करेगा।
आत्महत्या करने का आया विचार
निखिल ने इस पत्र में यह भी बताया कि कैसे अत्यधिक शराब पीने और निजी संघर्षों के कारण उसकी सोचने-समझने की क्षमता प्रभावित हो गई थी। उसने खुलासा किया कि हिरासत के शुरुआती दिनों में उसे आत्महत्या के गंभीर विचार आते थे। उसे लगातार इस बात की चिंता सताती थी कि उसने अपनी पत्नी, बच्चों, मां, परिवार और अपनी दो बिल्लियों को कितना गहरा दुख पहुंचाया है।
20 नवंबर को होने वाली सजा की सुनवाई से पहले कई महत्वपूर्ण कानूनी दस्तावेज दाखिल किए गए हैं। हाल ही में, संघीय अभियोजकों ने अदालत से अनुरोध किया कि इस साजिश के निशाने पर रहे गुरपतवंत सिंह पन्नू को सीधे अदालत में अपनी बात रखने के लिए 20 मिनट का समय दिया जाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।