'मेरा हमेशा से यही प्लान रहा है...' विदेश मंत्री के पद से इस्तीफे की अटकलों पर बोले मार्को रुबियो
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ट्रम्प प्रशासन से इस्तीफा देने की मीडिया रिपोर्टों को सिरे से खारिज किया है।

रुबियो ने ट्रम्प प्रशासन से इस्तीफा देने की खबरों को नकारा।
HighLights
रुबियो ने ट्रम्प प्रशासन से इस्तीफा देने की खबरों को नकारा।
उन्होंने कहा, ट्रम्प के कार्यकाल अंत तक काम करने की योजना।
2028 राष्ट्रपति चुनाव की दावेदारी पर टिप्पणी करने से इनकार।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने गुरुवार को उन सभी मीडिया रिपोर्टों को सिरे से खारिज कर दिया जिनमें उनके ट्रम्प प्रशासन से इस्तीफा देने की योजना बनाने का दावा किया जा रहा था।
मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद मीडिया गलयारों में उनके राजनीतिक कदमों को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं।
द न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में रुबियो ने कहा कि राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के कार्यकाल के अंत तक उनके लिए काम करना हमेशा से मेरी योजना रही है।
इस्तीफा देने की खबर पर दी प्रतिक्रिया
ट्रम्प प्रशासन से विदाई की अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए रुबियो ने कहा, 'सच कहूं तो मुझे नहीं पता कि ये निराधार बातें कहां से शुरू होती हैं।'
इससे पहले गुरुवार को ब्लूमबर्ग न्यूज ने खबर दी थी कि रुबियो प्रशासन छोड़ने पर विचार कर रहे हैं और रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि रुबियो ने पद छोड़ने के बारे में व्हाइट हाउस के अधिकारियों से बात की थी, लेकिन उन्हें बने रहने के लिए कहा गया।
हालांकि विदेश विभाग ने खबरों का खंडन किया है। वैश्विक जन मामलों के सहायक विदेश मंत्री डायलन जॉनसन ने ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट को पूरी तरह मनगढ़ंत करार दिया।
इसके साथ ही उन्होंने 'द इंडिपेंडेंट' की उस खबर को भी बेबुनियाद और फर्जी बताया, जिसमें दावा किया गया था कि रुबियो 2028 के राष्ट्रपति पद के नामांकन की तैयारी कर रहे हैं।
2028 की दावेदारी पर साधी चुप्पी
मार्को रुबियो जो विदेश मंत्री के साथ-साथ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार की भूमिका में भी रहे हैं, उन्हें राजनीतिक विश्लेषकों द्वारा 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में डोनल्ड ट्रंप का एक संभावित उत्तराधिकारी माना जा रहा है।
हालांकि अपने भविष्य से जुड़े सीधे सवालों पर उन्होंने टिप्पणी करने से साफ इनकार कर दिया और कहा, 'मैं अभी 2028 के बारे में कोई बात नहीं करूंगा।'
इससे पहले रुबियो यह भी स्पष्ट कर चुके हैं कि यदि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस 2028 2028 में राष्ट्रपति पद की दौड़ में उतरते हैं, तो वह उनका पूरा समर्थन करेंगे। वेंस को भी रिपब्लिकन खेमे में ट्रम्प के उत्तराधिकारी के रूप में एक मजबूत दावेदार के रूप में देखा जा रहा है।